हिन्दी साहित्य – कविता ☆ सनातन प्रश्न ☆ – डॉ. मुक्ता

डॉ.  मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  आज प्रस्तुत है  उनकी एक विचारणीय कविता   “सनातन प्रश्न ”।)

 

☆ सनातन प्रश्न

 

चंद सनातन प्रश्नों के

उत्तर की तलाश में

मन आज विचलित है मेरा

कौन हूं,क्यों हूं

और क्या है अस्तित्व मेरा

 

शावक जब पंख फैला

आकाश में उड़ान भरने लगें

दुनिया को अपने

नज़रिए से देखने लगें

उचित-अनुचित का भेद त्याग

गलत राह पर कदम

उनके अग्रसर होने लगें

दुनिया की रंगीनियों में

मदमस्त वे रहने लगें

माता-पिता को मौन

रहने का संकेत करने लगें

उनके साथ चंद लम्हे

गुज़ारने से कतराने लगें

आत्मीय संबंधों को तज

दुनियादारी निभाने लगें

तो समझो –मामला गड़बड़ है

 

कहीं ताल्लुक

बोझ ना बन जाएं

और एक छत के नीचे

रहते हुए होने लगे

अजनबीपन का अहसास

सहना पड़े रुसवाई

और ज़लालत का दंश

तो कर लेना चाहिए

अपने आशियां की ओर रुख

ताकि सुक़ून से कर सकें

वे अपना जीवन बसर

 

डा. मुक्ता

पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी,  #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com

मो•न• 8588801878

 

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता – ☆ हर वर्ष सा गुरुपर्व देखो फिर से आया है ☆ – डॉ प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव

गुरु पुर्णिमा विशेष 

डॉ प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव 

 

(डॉ. प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव जी की एक  भावप्रवण कविता।)

 

☆ हर वर्ष सा गुरुपर्व देखो फिर से आया है ☆

 

हर वर्ष सा गुरुपर्व देखो फिर से आया है,

गुरुओं की स्मृति जगाने मन में आया है।

मन में बहते गुरु प्रेम का ये सिंधु लाया है,

गुरुकृपा वात्सल्यता की सौगात लाया है।।

हर वर्ष  – – – – – – – – – – – आया है।

 

गुरूः बृह्मा गुरुः विष्णु गुरुः देवो महेश्वरः,

गुरूः साक्षात् परबृहम् का मंत्र लाया है।

गुरू सच्चा मिल जाए तो मिलता है ईश्वर,

जीवन में सफलता के वो सोपान लाया है।।

हर वर्ष – – – – – – – – – – – – आया है।

 

गुरू वशिष्ठ और विश्वामित्र की ही कृपा थी,

दोनों के सान्निध्य ने राम त्रेता में  बनाया है।

सांदीपनी ने द्वापर में कृष्ण बलराम लाया है,

द्रोणाचार्य की शस्त्र विद्या ने अर्जुन बनाया है।।

हर वर्ष  – – – – – – – – – – – – – – आया है।

 

परशुराम ने गंगापुत्र को अजेय भीष्म बनाया है,

चाणक्य ने चंद्रगुप्त से बृहद भारत कराया है।

रामदास की राष्ट्रीयता ने शिवा जी बनाया है,

नानक के अद्वैत ने सिखों को मार्ग दिखाया है।।

हर वर्ष – – – – – – – – – – – – – – – आया है।

 

गोरखनाथ ने मछंदर से नाथ संप्रदाय चलाया है,

रामानंद ने कबीर को गढ़ कबीर पंथ चलाया है।

रत्ना ने तुलसी को भक्त बना रामायण रचाया है,

रामकृष्ण ने नरेंद्र को गढ़ वैश्विक यश बढ़ाया है।।

हर वर्ष – – – – – – – – – – – – – – – आया है।

 

आज गुरूओं की दुर्दशा पर मन दुखी हो गया है,

आज गुरू कोचिंग संस्थानों का दास हो गया है।

आज गुरु राजनीति का शिकार क्यों हो गया है,

वो बिका उसका चारित्रिक पतन क्यों हो गया है।।

हर वर्ष  – – – – – – – – – – – – – – – आया है।

 

डा0.प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता – ☆ गुरु वन्दना ☆ श्री संतोष नेमा “संतोष”

गुरु पुर्णिमा विशेष 

श्री संतोष नेमा “संतोष”

 

(आज प्रस्तुत है आदरणीय श्री संतोष नेमा जी की  गुरु पुर्णिमा पर विशेष रचना “गुरु वंदना”  “गुरु वन्दना”)

 

गुरु वन्दना☆ 

बिन गुरु कृपा न हरि मिलें,बिनु सत्संग न विवेक

हरि सम्मुख जो कर सके,गुरू वही हैं नेक।

 

गुरु की है महिमा अंनत ,है ऊंचा गुरु मुकाम

पहले सुमरें गुरू को,फिर सुमिरें श्री राम।

 

गुरु को हिय में राखिये, गुरु चरणो में प्रेम

दिग्दर्शक नहीं गुरु सा,वही सिखाते नेम।

 

भय भ्रांति हरते गुरू,दिखा सत्य की राह

थामी जिसने गुरु शरण,मिलती कृपा अथाह।

 

गुरु कृपा से काम बनें,गुरू का पद महान

सेवा से ही सुखद फल,जानत सकल जहान।

 

गुरु का वंदन नित करें,गुरु का रखें ध्यान

प्रेरक न कोई गुरु सा,गुरु सृष्टि में महान।

 

गुरु में गुरुता वही गुरु,गुरु में न हो ग़ुरूर

ज्ञान सिखाता गुरु हमें,गुरु से रहें न दूर।

 

नीर क्षीर करते वही,करें शिष्य उपचार

तम हरके रोशन करें,सिखाते सदाचार।

 

गुरु भक्ति हम सदा करें,हर दिन हो गुरुवार

आता जो भी गुरु शरण,उसका हो उद्धार।

 

गुरु सागर हैं ज्ञान के,गुरू गुणों की खान

अंदर बाहर एक रहें,वही गुरु हैं महान।

 

गुरु पारस सम जानिये, स्वर्ण करें वो लोह

पूज्यनीय हैं गुरु सदा,करें न गुरु से द्रोह।

 

भय वश बोलें जबहिं गुरु,होता नहीं कल्याण

पद,प्रतिष्ठा,प्रभाव से,गुरु का घटता मान।

 

जिस घर में होता नहीं,सदगुरु का सत्कार

उस घर खुशियां ना रहें,रहता वो लाचार।

 

गुरु चरणों मे स्वर्ग है,गुरु ही चारों धाम

संकट में गुरु साधना,सदैव आती काम।

 

गुरु शरण “संतोष”सदा,गुरु से रखता प्रेम

चाहत गुरु आशीष की,है निश दिन नित नेम।

 

@ संतोष नेमा “संतोष”

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.)

मोबा 9300101799

 

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य #5 – राजनीति के तीतर ☆ – श्री जय प्रकाश पाण्डेय

श्री जय प्रकाश पाण्डेय

 

(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी   की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके  व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय  एवं  साहित्य में  सँजो रखा है । प्रस्तुत है साप्ताहिक स्तम्भ की  पाँचवी  कड़ी में उनकी  एक सार्थक व्यंग्य कविता “राजनीति के तीतर”। अब आप प्रत्येक सोमवार उनकी साहित्य की विभिन्न विधाओं की रचना पढ़ सकेंगे।)

☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य #5 ☆

 

☆ व्यंग्य कविता – राजनीति के तीतर ☆

तीतर के दो आगे तीतर,

तीतर के दो पीछे तीतर,

बढ़  ना पाये तीनों तीतर ।

 

कुंठित रह गये भीतर-भीतर,

बढ ना जाये अगला तीतर,

खींच रहा है पिछला तीतर।

 

बाहर खूब दिखावा करते,

कुढ़ते रहते भीतर-भीतर,

जहां खड़े थे पहले तीतर।

 

वही खड़े हैं अब भी तीतर,

तीतर के दो आगे तीतर,

तीतर के दो पीछे तीतर।

 

© जय प्रकाश पाण्डेय

416 – एच, जय नगर, आई बी एम आफिस के पास जबलपुर – 482002  मोबाइल 9977318765

 

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता – ☆ होम करते रहे हाथ जलते रहे.! ☆ श्री संतोष नेमा “संतोष”

श्री संतोष नेमा “संतोष”

 

(आदरणीय श्री संतोष नेमा जी की रचनाएँ राष्ट्रीय पत्र पत्रिकाओं में लगातार प्रकाशित होती रहती हैं। आप कवितायें, व्यंग्य, गजल, दोहे, मुक्तक आदि विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आज प्रस्तुत हैं आपकी  एक भावप्रवण रचना   “होम करते रहे हाथ जलते रहे.!”)

 

☆ होम करते रहे हाथ जलते रहे.! ☆ 

 

होम करते रहे हाथ जलते रहे.!

हम मगर सत्य के साथ चलते रहे।

 

हर कदम पर दिया प्यार का इम्तिहां।

मुझको पागल समझता रहा ये जहां।।

नफरतों के कुटिल साँप पलते रहे

होम करते रहे हाथ जलते रहे..!

 

एक उम्मीद जलती रही रात-दिन।

बर्फ मन की पिघलती रही रात-दिन।

हर नजर में हमीं रोज खलते रहे।

होम करते रहे हाथ जलते रहे..!

 

ज्यादती कर रही बदनियति आजकल।

बदनुमा है मनुज की प्रकृति आजकल।

आचरण धर्म के हाथ मलते रहे।

होम करते रहे हाथ जलते रहे..!

 

आस-विश्वास का खुद हीआधार हूँ।

मुश्किलों का स्वयं मैं खरीदार हूँ ।

वक्त के साथ ही रोज ढलते रहे।

होम करते रहे हाथ जलते रहे..!

 

@ संतोष नेमा “संतोष”

आलोकनगर, जबलपुर (म. प्र.)

मोबा 9300101799

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – मराठी कविता – ☆ वारकरी ☆ – श्री सुजित कदम

श्री सुजित कदम

 

(श्री सुजित कदम जी  की कवितायेँ /आलेख/कथाएँ/लघुकथाएं  अत्यंत मार्मिक एवं भावुक होती हैं। इन सबके कारण हम उन्हें युवा संवेदनशील साहित्यकारों में स्थान देते हैं। उनकी रचनाएँ हमें हमारे सामाजिक परिवेश पर विचार करने हेतु बाध्य करती हैं। आज प्रस्तुत है उनकी  एक सामयिक कविता  “वारकरी…! ”। )

 

☆ वारकरी…! ☆ 

 

पंढरीच्या वाटेवर चालतोया वारकरी

विठ्ठलाला भेटण्याची आस असे त्याच्या ऊरी..!

 

टाळ मृदूंगची लय मना मनात घुमते

एक एक अभंगाने देहभान हरपते..!

 

हर एक वारकरी माझ्या विठूचेच रूप

डोक्यावरी टोपी त्याच्या भासे कळसाचे रूप..!

 

इवल्याशा तुळशीने दिंडी शोभून दिसते

दिंडी पताका घेऊन वारी सुखात चालते..!

 

किर्तीनात मृदूंग ही जेव्हा वाजत रहातो

भक्तिभाव तुकयाचा माझ्या अंतरी दाटतो..!

 

वारीमध्ये चालताना मी ही विठूमय झालो

माऊलीच्या सावलीला काही क्षण विसावलो..!

 

नाही म्हणावे कशाला काही कळेनाच आता

कंठ विठ्ठल विठ्ठल गात आहे गोड आता..!

 

© सुजित कदम

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता -☆ संस्कार और विरासत ☆ – श्री हेमन्त बावनकर

श्री हेमन्त बावनकर

 

(मेरी पुस्तक ‘शब्द …. और कविता’ से ली गई एक कविता – “संस्कार और विरासत”।) 

 

☆ संस्कार और विरासत ☆

 

आज

मैं याद करती हूँ

दादी माँ की कहानियाँ।

राजा रानी की

परियों की

और

पंचतंत्र की।

 

मुझे लगता है

कि-

वे धरोहर

मात्र कहानियाँ ही नहीं

अपितु,

मुझे दे गईं हैं

हमारी संस्कृति की अनमोल विरासत

जो ऋण है मुझपर।

 

जो देना है मुझे

अपनी अगली पीढ़ी को।

 

मुझे चमत्कृत करती हैं

हमारी संस्कृति

हमारे तीज-त्यौहार

उपवास

और

हमारी धरोहर।

 

किन्तु,

कभी कभी

क्यों विचलित करते हैं

कुछ अनुत्तरित प्रश्न ?

 

जैसे

अग्नि के वे सात फेरे

वह वरमाला

और

उससे बने सम्बंध

क्यों बदल देते हैं

सम्बंधों की केमिस्ट्री ?

 

क्यों काम करती है

टेलीपेथी

जब हम रहते हैं

मीलों दूर भी ?

 

क्यों हम करते हैं व्रत?

करवा चौथ

काजल तीज

और

वट सावित्री का ?

 

मैं नहीं जानती कि –

आज

‘सत्यवान’ कितना ‘सत्यवान’ है?

और

‘सावित्री’ कितनी ‘सती’?

 

यमराज में है

कितनी शक्ति?

और

कहाँ जा रही है संस्कृति?

 

फिर भी

मैं दूंगी

विरासत में

दादी माँ की धरोहर

उनकी अनमोल कहानियाँ।

 

उनके संस्कार,

अपनी पीढ़ी को

अपनी अगली पीढ़ी को

विरासत में।

 

© हेमन्त  बावनकर,  पुणे 

18 जून 2008

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ स्मृतियाँ/MEMORIES – #8 – पगली गलियाँ ☆ – श्री आशीष कुमार

 

श्री आशीष कुमार

 

(युवा साहित्यकार श्री आशीष कुमार ने जीवन में  साहित्यिक यात्रा के साथ एक लंबी रहस्यमयी यात्रा तय की है। उन्होंने भारतीय दर्शन से परे हिंदू दर्शन, विज्ञान और भौतिक क्षेत्रों से परे सफलता की खोज और उस पर गहन शोध किया है। अब  प्रत्येक शनिवार आप पढ़ सकेंगे  उनके स्थायी स्तम्भ  “स्मृतियाँ/Memories”में  उनकी स्मृतियाँ । आज के  साप्ताहिक स्तम्भ  में प्रस्तुत है एक काव्यात्मक अभिव्यक्ति  पगली गलियाँ।)

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ स्मृतियाँ/MEMORIES – #8 ☆

 

पगली गलियाँ

 

बचपन गुजर भी गया तो क्या हुआ ?
याद वो पगली गलियाँ अब भी आती हैं।

 

क्यों ना हो जाये फिर से वही पुराना धमाल
वही मौसम है, उत्साह है और वही साथी हैं।

 

कल जो काटा था पेड़ कारखाना बनाने के लिए
देखते हैं बेघर हुई चिड़िया अब कहाँ घर बनाती है|

 

गरीब जिसने एक टुकड़ा भी बाँट कर खाया
ईमानदारी उस के घर भूखे पेट सो जाती है |

 

बरसों से रोशन है शहीदों की चिता पर
सुना है इस जलते दिये में वो ही बाती है |

 

© आशीष कुमार  

 

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – मराठी कविता – ☆ अभंग ☆ – सुश्री आरुशी अद्वैत

सुश्री आरुशी अद्वैत

 

(आषाढ़ी  एकादशी पर आज  प्रस्तुत है  सुश्री आरूशी दाते जी     द्वारा  रचित अभंग )

 

अभंग

 

ताल धरी टाळ,

ठेक्यातली माई,

माऊली ही आई,

निर्विकार..।

 

नाम जप सजे,

काया वाचा वसे,

अंतरात भासे,

सदोदित… ।

 

भक्त गण नाचे,

श्रद्धा डोई चाले,

अखंड उमले,

वृंदावनी… ।

 

एकतारी संगे,

निरपेक्ष वाटे,

नयनात दाटे,

परमार्थ… ।

 

प्रपंचाची आस,

करी कर्मकांडे,

मोक्षासाठी भांडे,

पाप पुण्य … ।

 

दिलासा हा हृदयी,

काया वाचा बोले,

समर्पण केले,

पांडुरंगी… ।

 

© आरुशी अद्वैत

 

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य # 7 ☆ अबला नहीं सबला ☆ – डॉ. मुक्ता

डॉ.  मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से आप  प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू हो सकेंगे। आज प्रस्तुत है उनकी कविता  “अबला नहीं सबला  ”। 

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य – # 7 ☆

 

☆ अबला नहीं सबला ☆

 

मैं अबला नहीं

सबला हूँ

पर्वतों से टकराने

सागर की

गहराइयों को मापने

आकाश की

बुलंदियों को छूने

चक्रव्यूह को भेदने

शत्रुओं से लोहा मनवाने

सपनों को हक़ीक़त में

बदलने का

माद्दा रखती हूँ  मैं।

 

क्योंकि, पहचान चुकी हूँ

मैं अंतर्मन में छिपी

आलौकिक शक्तियों को

और वाकिफ़ हूँ मैं

जीवन में आने वाले

तूफ़ानों से

जान चुकी हूँ मैं

सशक्त, सक्षम, समर्थ हूं

अदम्य साहस है मुझमें

रेतीली, कंटीली

पथरीली राहों पर

अकेले बढ़ सकती हूँ  मैं।

 

अब मुझे मत समझना

अबला ‘औ ‘पराश्रिता

जानती हूं मैं

अपनी अस्मिता की

रक्षा करना

समानाधिकार

न मिलने पर

उन्हें छीनने का

दम भरना

सो! अब मुझे कमज़ोर

समझने की भूल

कदापि मत करना।

 

© डा. मुक्ता

पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी,  #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com

 

Please share your Post !

Shares
image_print