हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 165 ☆ तीर्थाटन – 2 ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ मार्गशीष साधना🌻

आज का साधना मंत्र  – ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

आपसे विनम्र अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

☆  संजय उवाच # 165 ☆ तीर्थाटन – 2 ☆?

गतांक में हमने विभिन्न ग्रंथों में वर्णित व्याख्या के आधार पर तीर्थाटन के धार्मिक, आध्यात्मिक महत्व को समझने का प्रयास किया था। सनातन दर्शन पग-पग पर विराट है। जंगम, स्थावर तथा मानस तीर्थों में वर्गीकरण इसी विराट की प्रतीति है। तीन शब्दों में वर्गीकृत यह सीमित, तीनों लोक नाप लेने जैसा असीमित है। आज हम सर्वसामान्य व्यक्ति द्वारा अनुभूत तीर्थ के महत्व की चर्चा करेंगे।

1) सभी तीर्थ जलवायु की दृष्टि से बेहद उपयोगी स्थान हैं। इनमें से अधिकांश स्थानों पर नदी का जल स्वास्थ्यप्रद है। अनेक प्राकृतिक लवण पाये जाते हैं जिससे जल सुपाच्य और औषधि का काम करता है। विशेषकर गंगाजल को संजीवनी यों ही नहीं कहा गया। बढ़ती जनसंख्या, प्रदूषण, उचित रखरखाव के अभाव ने अनेक स्थानों पर तीर्थ की अवस्था पहले जैसी नहीं रहने दी है तथापि गंगा का अमृतवाहिनी स्वरूप आधुनिक विज्ञान भी स्वीकार करता है।

2) तीर्थयात्रा को पदयात्रा से जोड़ने की उदात्त दृष्टि हमारे पूर्वजों की रही। आयुर्वेद इसे प्रमेह चिकित्सा कहता है। पैदल चलने से विशेषकर कमर के नीचे के अंग पुष्ट होते हैं। पूरे शरीर में ऊर्जा का प्रवाह होता है। भूख अच्छी लगती है, पाचन संस्थान प्रभावी रूप से काम करता है।

3) व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने की कुँजी है तीर्थाटन। लोकोक्ति है, ‘जिसके पैर फटे न बिवाई, वह क्या जाने पीर पराई!’ तीर्थाटन में अच्छे-बुरे, अनुकूल-प्रतिकूल सभी तरह के अनुभव होते हैं। अनुभव से अर्जित ज्ञान, किताबी ज्ञान से अनेक गुना प्रभावी, सच्चा और सदा स्मरण रहनेवाला होता है। इस आलेख के लेखक की एक चर्चित कविता की पंक्तियाँ हैं,

उसने पढ़ी
आदमी पर लिखी किताबें,
मैं आदमी को पढ़ता रहा..!

तीर्थाटन में नये लोग मिलते हैं। यह पढ़ना-पढ़ाना जीवन को स्थाई सीख देता है।

4) संग से संघ बनता है। तीर्थाटन में मनुष्य साथ आता है। इनमें वृद्धों की बड़ी संख्या होती है। सत्य यह है कि अधिकांश बुजुर्ग, घर-परिवार-समाज से स्वयं को कटा हुआ अनुभव करते हैं। परस्पर साथ आने से मानसिक विरेचन होता है, संवाद होता है। मनुष्य दुख-सुख बतियाना है, मनुष्य एकात्म होता है। पुनः अपनी कविता की कुछ पंक्तियाँ स्मरण आती हैं,

विवादों की चर्चा में
युग जमते देखे,
आओ संवाद करें,
युगों को
पल में पिघलते देखें..!
मेरे तुम्हारे चुप रहने से
बुढ़ाते रिश्ते देखे,
आओ संवाद करें,
रिश्तो में दौड़ते बच्चे देखें..!

बूढ़ी नसों में बचपन का चैतन्य फूँक देती है तीर्थयात्रा।

5) तीर्थाटन मनुष्य को बाहरी यात्रा के माध्यम से भीतरी यात्रा कराता है। मनुष्य इन स्थानों पर शांत चित्त से पवित्रता का अनुभव करता है। उसके भीतर चिंतन जन्म लेता है जो चेतना के स्तर पर उसे जाग्रत करता है। यह जागृति मनुष्य को संतृप्त की ओर मोड़ती है। अनेक तीर्थ कर चुके अधिकांश लोग शांत, निराभिमानी एवं परोपकारी होते हैं।

6) तीर्थाटन में साधु-संत, महात्मा, विद्वजन का सान्निध्य प्राप्त होता है। यह सान्निध्य मनुष्य की ज्ञानप्राप्ति की जिज्ञासा और पिपासा को न्यूनाधिक शांत करता है। व्यक्ति, सांसारिक और भौतिक विषयों से परे भी विचार करने लगता है।

7) किसी भी अन्य सामुदायिक उत्सव की भाँति तीर्थाटन में भी बड़े पैमाने पर वित्तीय विनिमय होता है, व्यापार बढ़ता है, आर्थिक समृद्धि बढ़ती है। वित्त के साथ-साथ वैचारिक विनिमय, भजन, कीर्तन, प्रवचन, सभा, प्रदर्शनी आदि के माध्यम से मनुष्य समृद्ध एवं प्रगल्भ होता है।

सार है कि संसार से तारता है तीर्थ। विश्वास न हो तो तीर्थाटन करके देखें। ..इति।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #159 ☆ परखिए नहीं – समझिए ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  वैश्विक महामारी और मानवीय जीवन पर आधारित एक अत्यंत विचारणीय आलेख परखिए नहीं–समझिए । यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 159 ☆

☆ परखिए नहीं–समझिए ☆

जीवन में हमेशा एक-दूसरे को समझने का प्रयत्न करें; परखने का नहीं। संबंध चाहे पति-पत्नी का हो; भाई-भाई का हो; मां-बेटे का हो या दोस्ती का… सब विश्वास पर आधारित हैं, जो आजकल नदारद है। परंंतु हर व्यक्ति को उसी की तलाश है। इसलिए ‘ऐसे संबंध जिनमें शब्द कम और समझ ज्यादा हो; तक़रार कम, प्यार ज़्यादा हो; आशा कम, विश्वास ज़्यादा हो–की दरक़ार हर इंसान को है। वास्तव में जहां प्यार और विश्वास है, वही संबंध सार्थक है, शाश्वत है। समस्त प्राणी जगत् का आधार प्रेम है, जो करुणा का जनक है और एक-दूसरे के प्रति स्नेह, सौहार्द, सहानुभूति व त्याग का भाव ‘सर्वे भवंतु सुखीनाम्’ का प्रेरक है। वास्तव में जहां भावनाओं का सम्मान है, वहां मौन भी शक्तिशाली होता है। इसलिए कहा जाता है कि ‘खामोशियां भी बोलती हैं और अधिक प्रभावशाली होती हैं।’

यदि भरोसा हो, तो चुप्पी भी समझ में आती है, वरना एक-एक शब्द के अनेक अर्थ निकलने लगते हैं। इस स्थिति में मानव अपना आपा खो बैठता है। वह सब सीमाओं को लाँघ जाता है और मर्यादा के अतिक्रमण करने से अक्सर अर्थ का अनर्थ हो जाता है, जो हमारी नकारात्मक सोच को परिलक्षित करता है, क्योंकि ‘जैसी सोच, वैसा कार्य व्यवहार।’ शायद! इसलिए कहा जाता है कि कई बार हाथी निकल जाता है, पूँछ रह जाती है।

संवाद जीवन-रेखा है और विवाद रिश्तों में अवरोध उत्पन्न करता है, जो वर्षों पुराने संबंधों को पल-भर में मगर की भांति लील जाता है। इतना ही नहीं, वह दीमक की भांति संबंधों की मज़बूत चूलों को हिला कर रख देता है और वे लोग, जिनकी दोस्ती के चर्चे जहान में होते हैं; वे भी एक-दूसरे के दुश्मन बन जाते हैं। उनके अंतर्मन में वह विष-बेल पनप जाती है, जो सुरसा के मुख की मानिंद बढ़ती चली जाती है। इसलिए छोटी-छोटी बातों को बड़ा न किया करें, उससे ज़िंदगी छोटी हो जाती है…बहुत सार्थक संदेश है। परंंतु यह तभी संभव है, जब मानव क्रोध के वक्त रुक जाए और ग़लती के वक्त झुक जाए। ऐसा करने पर ही मानव जीवन में सरलता व असीम आनंद को प्राप्त कर सकता है। सो! मानव को ‘पहले तोलो, फिर बोलो’  अर्थात् सोच-समझ कर बोलने का संदेश दिया गया है। दूसरे शब्दों में तुरंत प्रतिक्रिया देने से मानव मन में दूरियां इस क़दर बढ़ जाती हैं, जिन्हें पाटना असंभव हो जाता है और जीवन-साथी– जो दो जिस्म, एक जान होते हैं; नदी के दो किनारों की भांति हो जाते हैं, जिनका मिलन जीवन-भर संभव नहीं होता। इसलिए बेहतर है कि आप परखिए नहीं, समझिए अर्थात् एक-दूसरे की परीक्षा मत लीजिए और न ही संदेह की दृष्टि से देखिए, क्योंकि संशय, संदेह व शक़ मानव के अजात-शत्रु हैं। वे विश्वास को अपने आसपास भी मंडराने नहीं देते। सो! जहां विश्वास नहीं; सुख, शांति व आनंद कैसे रह सकते हैं? परमात्मा भाग्य नहीं लिखता; जीवन के हर कदम पर हमारी सोच, विचार व कर्म हमारा भाग्य लिखते हैं। इसलिए अपनी सोच सदैव सकारात्मक रखिए। संसार में जो भी अच्छा लगे, उसे ग्रहण कर लीजिए और शेष को नकार दीजिए। परंतु किसी की आलोचना मत कीजिए, आपका जीवन सार्थक हो जाएगा। वे सब आपको मित्र सामान लगेंगे और चहुंओर ‘सबका मंगल होय’ की ध्वनि सुनाई पड़ेगी। जब मानव में यह भावना घर कर लेती है, तो उसके हृदय में व्याप्त स्व-पर व राग-द्वेष की भावनाएं मुंह छुपा लेती हैं अर्थात् सदैव के लिए लुप्त हो जाती हैं और दसों दिशाओं में दिव्य आनंद का साम्राज्य हो जाता है।

अहं मानव का सबसे बड़ा शत्रु है। वह हमें किसी के सम्मुख झुकने अर्थात् घुटने नहीं टेकने देता, क्योंकि वह स्वयं को सर्वश्रेष्ठ समझता है और दूसरों को नीचा दिखा कर ही सुक़ून पाता है। सुख व्यक्ति के अहं की परीक्षा लेता है और दु:ख धैर्य की। इसलिए दोनों परीक्षाओं में उत्तीर्ण व्यक्ति का जीवन ही सार्थक व सफल होता है। इसलिए मानव को सुख में अहं को निकट नहीं आने देना चाहिए और दु:ख में धैर्य नहीं खोना चाहिए। दोनों परिस्थितियों में सम रहने वाला मानव ही जीवन में अलौकिक आनंद प्राप्त कर सकता है। सो! जीवन में सामंजस्य तभी पदार्पण कर सकेगा; जब कर्म करने से पहले हमें उसका ज्ञान होगा; तभी हमारी इच्छाएं पूर्ण हो सकेंगी। परंतु जब तक ज्ञान व कर्म का समन्वय नहीं होगा, हमारे जीवन की भटकन समाप्त नहीं होगी और हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति नहीं होगी। इच्छाएं अनंत है और साधन सीमित। इसलिए हमारे लिए यह निर्णय लेना आवश्यक है कि पहले किस इच्छा की पूर्ति, किस ढंग से की जानी कारग़र है? जब हम सोच-समझकर कार्य करते हैं, तो हमें निराशा का सामना नहीं करना पड़ता; जीवन में संतुलन व समन्वय बना रहता है।

संतोष सर्वश्रेष्ठ व सर्वोत्तम धन है। इसलिए हमें जो भी मिला है, उसमें संतोष करना आवश्यक है। दूसरों की थाली में तो सदा घी अधिक दिखाई देता है। उसे देखकर हमें अपने भाग्य को कोसना नहीं चाहिए, क्योंकि मानव को समय से पहले और भाग्य से अधिक कभी, कुछ भी प्राप्त नहीं हो सकता। संतोष अनमोल पूंजी है और मानव की धरोहर है। ‘जे आवहिं संतोष धन, सब धन धूरि समान,’ रहीम जी की यह पंक्ति इस तथ्य की ओर इंगित करती है कि संतोष के जीवन में पदार्पण करते ही सभी इच्छाओं का शमन स्वतः हो जाता है। उसे सब धन धूलि के समान लगते हैं और मानव आत्मकेंद्रित हो जाता है। उस स्थिति में वह आत्मावलोकन करता है तथा दैवीय व अलौकिक आनंद में डूबा रहता है; उसके हृदय की भटकन व उद्वेलन शांत हो जाता है। वह माया-मोह के बंधनों में लिप्त नहीं होता तथा निंदा-स्तुति से बहुत ऊपर उठ जाता है। यह आत्मा-परमात्मा के तादात्म्य की स्थिति है, जिसमें मानव को सम्पूर्ण विश्व तथा प्रकृति के कण-कण में परमात्म-सत्ता का आभास होता है। वैसे आत्मा-परमात्मा का संबंध शाश्वत है। संसार में सब कुछ मिथ्या है, परंतु वह माया के कारण सत्य भासता है। इसलिए हमें तुच्छ स्वार्थों का त्याग कर सुक़ून व अलौकिक आनन्द प्राप्त करने का अनवरत प्रयास करना चाहिए। इसके लिए आवश्यकता है उदार व विशाल दृष्टिकोण की, क्योंकि संकीर्णता हमारे अंतर्मन में व्याप्त दुष्प्रवृत्तियों को पोषित करती है। संसार में जो अच्छा है, उसे सहेजना बेहतर है और जो बुरा है, उसका त्याग करना बेहतर है। इस प्रकार आप बुराइयों से ऊपर उठ सकते हैं। उस स्थिति में संसार आपको सुखों का सागर प्रतीत होगा; प्रकृति आपको ऊर्जस्वित करेगी और चहुंओर अनहद नाद का स्वर सुनाई पड़ेगा।

अंत में मैं कहना चाहूंगी कि जीवन में दूसरों की परीक्षा मत लीजिए, क्योंकि परखने से आपको दोष अधिक दिखाई पड़ेंगे। इसलिए केवल अच्छाई को देखिए ;आपके चारों ओर आनंद की वर्षा होने लगेगी। सो! दूसरों की भावनाओं को समझने और उनकी बेरुखी का कारण जानने का प्रयास कीजिए। जितना आप उन्हें समझेंगे, आपकी दोष-दर्शन की प्रवृत्ति का अंत हो जाएगा। इंसान ग़लतियों का पुतला है और कोई भी इंसान पूर्ण नहीं है। फूल व कांटे सदैव साथ-साथ रहते हैं, उनके अस्तित्व को नकारा नहीं जा सकता। सृष्टि में जो भी घटित होता है–मात्र किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं; सबके मंगल के लिए कारग़र व उपयोगी सिद्ध होता है।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

29.8.22

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ परदेश – भाग -11 – तहज़ीब ☆ श्री राकेश कुमार ☆

श्री राकेश कुमार

(श्री राकेश कुमार जी भारतीय स्टेट बैंक से 37 वर्ष सेवा के उपरांत वरिष्ठ अधिकारी के पद पर मुंबई से 2016 में सेवानिवृत। बैंक की सेवा में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों और वहाँ  की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके आत्मकथ्य स्वरुप – “संभवतः मेरी रचनाएँ मेरी स्मृतियों और अनुभवों का लेखा जोखा है।” ज प्रस्तुत है नवीन आलेख की शृंखला – “ परदेश ” की अगली कड़ी।)

☆ आलेख ☆ परदेश – भाग – 11 – तहज़ीब ☆ श्री राकेश कुमार ☆

हमारे लखनऊ की तहज़ीब “पहले आप, पहले आप” का उदाहरण पूरे देश में दिया जाता हैं। विगत दिनों विदेश प्रवास के समय जब पैदल कुछ गलियों के चौराहों को पार कर रहे थे, तो हर बार चमचमाती हुई कारों के चालक ने रुककर हमें पहले जाने का आंख या हथेली से संकेत किया। आरंभ में हमे ऐसा प्रतीत हुआ, किसी परिचित ने गाड़ी रोककर सम्मान दिया हैं। अर्ध ग्रामीण केंद्र पर शाखा प्रबंधक की पद स्थापना के समय अवश्य कुछ ग्राहक अपनी बाइक रोककर गंतव्य स्थान तक छोड़ने का आग्रह अवश्य करते थे। लेकिन परदेश में तो कोई जानकार है ही नहीं! इसको समझने में कुछ समय लग गया, हम ये भूल गए थे कि   हम अब सेवानिवृत हो चुके हैं।

जब भी पदयात्रा पर कहीं जाते हैं, तो निर्धारित स्थान पर वाहन चालक हमसे पहले जाने की उम्मीद करते हैं। शायद इनको भी बचपन से लखनवी तहज़ीब का ज्ञान दिया गया होगा। कट मारकर तेजी से अपना वाहन ओवर टेक करना हमारे देश में गतिशील बने रहने का हुनर माना जाता है।

हमारे देश में तो अभिनेता और नेता आपको सड़क पर ही कुचल कर आगे निकल जाते हैं। कानून भी ऐसे मौकों पर आँखें मूंदे हुए रहता है। ये भी हो सकता है, यहां पर कानून की आँखें हमेशा खुली रहती हों।

जिन भवनों/ प्रतिष्ठानों के स्वचालित दरवाजे में प्रवेश करने के समय आपके आगे चलने वाला व्यक्ति भी सम्मान में दरवाजा पकड़ कर आपको प्रवेश करने में सहजता से अपनी तहज़ीब का परिचय दे देता है।

कुल मिलाकर यहां के निवासी आतुर नहीं हैं, क्योंकि उनको हमारे देश के लोगों के समान व्हाट्सएप जैसे अन्य सामाजिक मीडिया में घुसे रहने की लत जो नहीं है।

© श्री राकेश कुमार

संपर्क – B 508 शिवज्ञान एनक्लेव, निर्माण नगर AB ब्लॉक, जयपुर-302 019 (राजस्थान) 

मोबाईल 9920832096

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 164 ☆ तीर्थाटन-1 ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ मार्गशीष साधना🌻

आज का साधना मंत्र  – ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

आपसे विनम्र अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

☆  संजय उवाच # 164 ☆ तीर्थाटन – 1 ☆?

भारतीय दर्शन में तीर्थ के अनेक अर्थ मिलते हैं। तरति पापादिकं तस्मात। अर्थात जिसके द्वारा मनुष्य दैहिक, दैविक एवं भौतिक, सभी प्रकार के पापों से तर जाए, वह तीर्थ है। इसीके समांतर भवसागर से पार उतारने वाला अथवा वैतरणी पार कराने वाला के अर्थ में भी तीर्थ को ग्रहण किया जाता है।

संभवत: इसी आधार पर स्कंदपुराण के काशी खंड में तीन प्रकार के तीर्थ बताये गए हैं- जंगम, स्थावर तथा मानस। संत, वेदज्ञ एवं गौ, जंगम यानि चलते-फिरते तीर्थ। सत्पुरुषों को जंगम तीर्थ कहा गया। सच्चे और परोपकारी भाव के सज्जनों का आशीर्वाद फलीभूत होने की सामुदायिक मान्यता भी जंगम तीर्थ को मिली है। कतिपय विशिष्ट स्थानों को स्थावर तीर्थ कहा गया। इन स्थानों का अपना महत्व होता है। यहाँ एक दैवीय सकारात्मकता का बोध होता है। अद्भुत प्रेरणादायी ऐसे तीर्थस्थान सामान्यत: जल या जलखंड के समीप स्थित होते हैं। ‘पद्मपुराण’ स्थावर तीर्थों को परिभाषित करते हुए लिखता है,

तस्मात् तीर्थेषु गंतव्यं नरै: संसार भिरूभि: पुण्योदकेषु सततं साधुश्रेणी विराजिषु।

पग-पग पर बुद्धिवाद को प्रधानता देनेवाली वैदिक संस्कृति ने समस्त तीर्थों में मानसतीर्थ को महत्व दिया है। मानसतीर्थ अर्थात मन की उर्ध्वमुखी प्रवृत्तियाँ। इनमें सत्य, क्षमा, इंद्रियनिग्रह, दया, दान, ब्रह्मचर्य, ज्ञान, धैर्य, मधुरवचन, सरलता, संतोष सभी शामिल हैं।

अनेक मीमांसाकारों ने तीर्थों के 9 प्रकार बताते हैं। उन्होंने पहले तीन प्रकार का नामकरण नित्य, भगवदीय एवं संत तीर्थ किया है। ये तीर्थ ऐसे हैं जो अपने स्थान पर सदा के लिए स्थित हैं।

नित्य तीर्थ में पवित्र कैलाश पर्वत, मानसरोवर, काशी,  गंगा, यमुना, नर्मदा, कावेरी आदि का समावेश है। माना जाता है कि इन स्थानों पर सृष्टि की रचना के समय से ही ईश्वर का वास है।

जिन स्थानों की रज पर भगवान के चरण पड़े, वे भगवदीय तीर्थ के रूप में प्रतिष्ठित हैं। इनमें ज्योतिर्लिंग, शक्तिपीठ, अयोध्या, वृंदावन आदि समाविष्ट हैं‌।

संतों की जन्मभूमि, कर्मभूमि, निर्वाणभूमि को संत तीर्थ कहा गया है। ये क्षेत्र मनुष्य को दिव्य अनुभूति एवं ऊर्जा प्रदान करते हैं।

प्रत्यक्ष जीवन में, नित्य के व्यवहार में निरंतर ईश्वरीय सत्ता का दर्शन करनेवाली वैदिक संस्कृति अद्भुत है। वह अपने आसपास साक्षात तीर्थ देखती, दिखाती और जीवन को धन्य बनाती चलती है। इसी विराट व्यापकता ने अगले  6 तीर्थों में भक्त, गुरु, माता, पिता, पति, पत्नी को स्थान दिया है। अपने साथ ही तीर्थ लेकर जीने की यह वैदिक शब्दातीत दिव्यता है।

वैदिक दर्शन में चार पुरुषार्थ- धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष, जीवनचक्र के लिए उद्दिष्ट माने गये हैं। तीर्थ का एक अर्थ तीन पुरुषार्थ धर्म, काम और मोक्ष का दाता भी माना गया है। एक अन्य मत के अनुसार सात्विक, रजोगुण या तमोगुण जिस प्रकार का जीवन  जिया है, उसी आधार पर तीर्थ का परिणाम भी मिलता है। समान कर्म में भी भाव महत्वपूर्ण है। उदाहरणार्थ परमाणु ऊर्जा से एक वैज्ञानिक बिजली बनाने की सोचता है जबकि दूसरा मानवता के नाश का मानस रखकर परमाणु बम पर विचार करता है।

जिससे संसार समुद्र तीरा जाए, उसे भी तीर्थ कहा जाता है। अगस्त्य मुनि ने एक आचमन में समुद्र को पी लिया था। प्रभु श्रीराम के धनुष उठाने पर समुद्र ने रास्ता छोड़ा था। तीर्थयात्रा संसार समुद्र के पार जाने का सेतु बनाती है।

तीर्थ मृण्मय से चिन्मय की यात्रा है। मृण्मय का अर्थ है मृदा या मिट्टी से बना। चिन्मय, चैतन्य से जुड़ा है। देह से देहातीत होना, काया से आत्मा की यात्रा है तीर्थ। आत्मा के रूप में हम सब एक ही परमात्मा के अंश हैं, इस भाव को पुनर्जागृत और पुनर्स्थापित करता है तीर्थ। अनेक से एक, एक से एकात्म जगाता है तीर्थ। अत: मनुष्य को यथासंभव तीर्थाटन करना चाहिए।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आत्मानंद साहित्य #148 ☆ आलेख – उधव मोहि ब्रज बिसरत नाही ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आत्मानंद साहित्य# 148 ☆

☆ ‌आलेख – एक हृदय स्पर्शी संवाद – उधव मोहि ब्रज बिसरत नाही ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

अगर सच कहा जाए तो सूर दास जी के द्वारा रचित कृष्ण चरित पर आधारित सूर  सागर में जितना सुंदर कथानक प्रेम में संयोग श्रृंगार का है।  

उससे भी कहीं अनंत गुना ज्यादा आत्म स्पर्शी वर्णन उन्होंने वियोग श्रृंगार का किया है। कृष्ण जी की ब्रजमंडल में की गई बाल लीलाएं जहां मन को मुदित करती है, एक-एक रचना का सौंदर्य, बाल लीला की घटनाएं जहां आनंदातिरेक में प्रवाहित कर देती है वहीं प्रेम के  वियोग श्रृंगार-श्रृंखला की रचनाएं बहाती नहीं बल्कि पाठक वर्ग को करूणा रस में डुबा देती हैं, कृष्ण की यादों ने जहां ब्रज मंडल की गोपिकाओं तथा राधा को विक्षिप्तता की स्थिति में ला खड़ा किया है, वह कृष्ण की यादों में खोई कृष्णमयी हो गई है, जिसे पढ़ते हुए समस्त पाठक वर्ग को आत्म विभोरता की स्थिति में ला के खड़ा कर देती है।

जिसका जीवंत उदाहरण कृष्ण-उद्धव, तथा उद्धव गोपियों के संवाद में दिखाई देता है तो वहीं दूसरी ओर कृष्ण जी मात्र गोपियों को ही नहीं याद करते बल्कि उनके स्मृतियों में तो पूरा का पूरा ब्रजमंडल ही समाया हुआ है। जो ईश्वरीय चिंतन के असीमित विस्तार को दिखाता है। जब कृष्ण जी कहते हैं कि – “उधो मोहि ब्रज बिसरत नाहीं”।

तब, कालिंदी कुंज की यादें, यशोदा के साथ की गई बाल लीला प्रसंग, गायों तथा गोप समूहों के साथ बिताए गए दिन तथा गोपियों और राधिका के साथ बिताए पलों को तथा ब्रज मंडल के महारास लीला को भूल नहीं पाते – बिहारी जी के शब्दों में वे अनोखी घटनाएं —-

बतरस लालच लाल की, मुरली धरी लुकाय।

सौह कहै भौहनि हसै, देश कहै नटि जाय।।

तथा छछिया भर छांछ पर नाचना आज भी नहीं भूला है कृष्ण को साथ ही याद है मइया यशोदा के हाथ का माखन याद है ब्रज की गलियां। तभी तो अपने हृदय की बात कहते हुए अपने सखा उद्धव से अपने मन की बात कह ही देते हैं। – उधव मोहि ब्रज बिसरत नाही”। 

ऐसा भी नहीं है कि कृष्ण को ही मात्र ब्रज की यादें व्यथित किए हुए हो, बल्कि सारा ब्रजमंडल ही कृष्ण वियोग की यादों में पगलाया हुआ है। जिसकी झांकी जब ऊधव ब्रज की गोपियों को निराकार ब्रह्म का उपदेश देने जाते हैं तब रास्ते के कांटे भी ऊधव जी को प्रेम का अर्थ समझाते हुए प्रतीत होते हैं जिसका यथार्थ चित्रण बिंदु जी की रचनाओं में दृष्टि गोचर होता है।

चले मथुरा से जब कुछ दूर, बृंदावन निकट आया।

वहीं पर प्रेम ने उनको, अनोखा रंग दिखलाया।

उलझ कर वस्त्र से कांटे, लगे ऊधव को समझानें।

तुम्हारा ज्ञान परदा फाड़ देंगे, प्रेम दीवाने।

…में प्रेम की गहन अनुभूति नहीं कराता बल्कि ऊधव को मजबूर कर प्रेम के सागर में डुबो देता है फिर तो एक हाथ में यशोदा का माखन तथा दूसरे में राधा द्वारा दी गई मुरली लिए  राधे राधे गा उठते हैं। और लौट आते हैं अपने बाल सखा के पास। भला प्रेम के वियोग श्रृंगार का ऐसा उत्कृष्ट और अनूठा चित्रण सूरसागर के अलावा कहाँ मिलेगा?

© सूबेदार  पांडेय “आत्मानंद”

संपर्क – ग्राम जमसार, सिंधोरा बाज़ार, वाराणसी – 221208, मोबा—6387407266

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #158 ☆ उपलब्धि व आलोचना ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  वैश्विक महामारी और मानवीय जीवन पर आधारित एक अत्यंत विचारणीय आलेख उपलब्धि व आलोचना । यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 158 ☆

☆ उपलब्धि व आलोचना ☆

उपलब्धि व आलोचना एक दूसरे के अभिन्न मित्र हैं। उपलब्धियाँ बढ़ेंगी, तो आलोचनाएं भी बढ़ेंगी। वास्तव मेंं ये दोनों पर्यायवाची हैं और इनका चोली-दामन का साथ है। इन्हें एक-दूसरे से अलग करने की कल्पना भी बेमानी है। उपलब्धियां प्राप्त करने के लिए मानव को अप्रत्याशित आपदाओं व कठिनाइयों से जूझना पड़ता है। जीवन में कठिनाइयाँ हमें बर्बाद करने के लिए नहीं आतीं, बल्कि ये हमारी छिपी हुई सामर्थ्य व शक्तियों को बाहर निकालने में हमारी मदद करती हैं। ‘सो! कठिनाइयों को जान लेने दो कि आप उनसे भी अधिक मज़बूत व बलवान हैं।’ इसलिए मानव को विषम परिस्थितियों में धैर्य नहीं खोना चाहिए तथा आपदाओं को सदैव अवसर में बदलने का प्रयास करना चाहिए। कठिनाइयाँ हमें अंतर्मन में संचित आंतरिक शक्तियों व सामर्थ्य का एहसास दिलाती हैं और उनका डट कर सामना करने को प्रेरित करती हैं। उस स्थिति में मानव स्वर्ण की भांति अग्नि में तप कर कुंदन बनकर निकलता है और अपने भाग्य को सराहने लगता है। उसके हृदय में ‘शक्तिशाली विजयी भव’ का भाव घर कर जाता है, जिसके लिए वह भगवान का शुक्र अदा करता है कि उसने आपदाओं के रूप में उस पर करुणा-कृपा बरसायी है जिसके परिणाम-स्वरूप वह जीवन में उस मुक़ाम पर पहुंच सका है। दूसरे शब्दों में वह अप्रत्याशित उपलब्धियाँ प्राप्त कर सका है, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

‘उम्र ज़ाया कर दी लोगों ने/ औरों के वजूद में नुक्स निकालते-निकालते/ इतना ख़ुद को तराशा होता/ तो फ़रिश्ता बन जाते’ गुलज़ार की यह सीख अत्यंत कारग़र है। परंतु मानव तो दूसरों की दूसरों की निंदा व  आलोचना कर आजीवन सुक़ून पाता है। इसके विपरीत यदि वह दूसरों में कमियाँ तलाशने की अपेक्षा आत्मावलोकन करना प्रारंभ कर दे, तो जीवन से राग-द्वेष, वैमनस्य व कटुता भाव का सदा के लिए अंत हो जाए। परंतु आदतें कभी नहीं बदलतीं; जिसे एक बार यह लत पड़ जाती है, उसे निंदा करने में अलौकिक आनंद की प्राप्ति होती है। वैसे आलोचना भी उसी व्यक्ति की होती है, जो उच्च शिखर पर पहुंच जाता है। उसकी पद-प्रतिष्ठा को देख लोगों के हृदय में ईर्ष्या भाव जाग्रत होता है और वह सबकी आंखों में खटकने लग जाता है। शायद! इसलिए कहा जाता है कि जो सामान्य-जन का प्रिय होता है– आलोचना का केंद्र नहीं बनता, क्योंकि उसने जीवन में सबसे अधिक समझौते किए होते हैं। सो! उपलब्धि व आलोचना एक सिक्के के दो पहलू हैं, जिन्हें एक-दूसरे से अलग करना नामुमक़िन है।

समस्याएं हमारे जीवन में बेवजह नहीं आतीं।  उनका आना एक इशारा है कि हमें अपने जीवन में कुछ बदलाव लाना आवश्यक है। वास्तव में यह मानव के लिए शुभ संकेत होती हैं कि अब जीवन में बदलाव लाने के अतिरिक्त कोई अन्य विकल्प नहीं है। यदि जीवन सामान्य गति से चलता रहता है, तो निष्क्रियता इस क़दर अपना जाल फैला लेती है कि मानव मकड़ी के जाले की मानिंद उस भ्रम में फंसकर रह जाता है कि अब उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ऐसी स्थिति में उसमें अहम् का पदार्पण हो जाता है कि अब उसका जीवन सुचारू रूप से  चल रहा है और उसे डरने की आवश्यकता नहीं है। परंतु कठिनाइयां व समस्याएं मानव को शुभ संकेत देती हैं कि उसे ठहरना नहीं है, क्योंकि संघर्ष व निरंतर कर्मशीलता ही जीवन है। इसलिए उसे चलते जाना है और आपदाओं से नहीं घबराना है, बल्कि उनका सामना करना है। परिवर्तनशीलता ही जीवन है और सृष्टि में भी नियमितता परिलक्षित है। जिस प्रकार रात्रि के पश्चात् दिन, अमावस के पश्चात् पूनम व यथासमय ऋतु परिवर्तन होता है तथा प्रकृति के समस्त उपादान अहर्निश क्रियाशील रहते हैं। सो! मानव को उनसे सीख लेकर निरंतर कर्मरत रहना है। ‘जीवन में सुख-दु:ख तो मेहमान हैं’ आते-जाते रहते हैं। परंतु एक के जाने के पश्चात् ही दूसरा दस्तक देता है। मुझे स्मरण हो रही हैं यह पंक्तियां ‘नर हो ना निराश करो मन को/  कुछ काम करो, कुछ काम करो’, क्योंकि गतिशीलता ही जीवन है और निष्क्रियता मृत्यु है।

सम्मान हमेशा समय व स्थिति का होता है। परंतु भ्रमित मानव उसे अपना समझ लेता है। खुशियाँ धन-संपदा पर नहीं, परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं। एक बच्चा गुब्बारा खरीद कर खुश होता है, तो दूसरा बच्चा उसे बेचकर फूला नहीं समाता। व्यक्ति को सम्मान, पद-प्रतिष्ठा अथवा उपलब्धि संघर्ष के बाद प्राप्त होती है, परंतु वह सम्मान उसकी स्थिति का होता है। परंतु बावरा मन उसे अपनी उपलब्धि समझ हर्षित होता है। प्रतिष्ठा व सम्मान तो रिवाल्विंग चेयर की भांति होते है; जब तक आप पदासीन हैं और सबकी नज़रों के समक्ष हैं; सब आप को सलाम करते हैं। परंतु आपकी नज़रें घूमते ही लोगों के व्यवहार में अप्रत्याशित परिवर्तन हो जाता है। सो! खुशियाँ परिस्थितियों पर निर्भर करती हैं, जो आपकी अपेक्षा व इच्छा का प्रतिरूप होती हैं। यदि उनकी पूर्ति हो जाए, तो आपके कदम धरती पर नहीं पड़ते। यदि आपको मनचाहा प्राप्त नहीं होता, तो आप हैरान- परेशान हो जाते हैं और कई बार वह निराशा अवसाद का रूप धारण कर लेती है, जिससे मानव आजीवन मुक्ति नहीं प्राप्त कर सकता।

मानव जीवन क्षण-भंगुर है, नश्वर है, क्योंकि इस संसार में स्थायी कुछ भी नहीं। मानव इस संसार में खाली हाथ आता है और उसे खाली हाथ लौट जाना है। हमें अगली सांस लेने के लिए पहली सांस को छोड़ना पड़ता है। इसलिए जो आज हमें मिला है, सदा कहने वाला नहीं; फिर उससे मोह क्यों? हमें जो मिला है यहीं से प्राप्त हुआ है, फिर उसके न रहने पर दु:ख क्यों? संसार में सब रिश्ते-नाते, संबंध- सरोकार सदा रहने वाले नहीं हैं। इसलिए उन में लिप्त नहीं होना चाहिए, क्योंकि जो आज हमारा है, कल छूटने वाला है; फिर चिन्ता व परेशानी क्यों? ‘दुनिया का उसूल है/ जब तक काम है/  तेरा नाम है/ वरना दूर से ही सलाम है।’ हर व्यक्ति किसी को सलाम तभी करता है, जब तक वह उसके स्वार्थ साधने में समर्थ है तथा मतलब निकल जाने के पश्चात् मानव किसी को पहचानता भी नहीं। यह दुनिया का दस्तूर है और उसका बुरा नहीं मानना चाहिए।

समस्याएं भय और डर से उत्पन्न होती हैं। यदि भय, डर,आशंका की जगह विश्वास ले ले, तो समस्याएं अवसर बन जाती हैं। नेपोलियन विश्वास के साथ समस्याओं का सामना करते थे और उसे अवसर में बदल डालते थे। यदि कोई समस्या का ज़िक्र करता था, तो वे उसे बधाई देते हुए कहते थे कि ‘यदि आपके पास समस्या है, तो नि:संदेह एक बड़ा अवसर आपके पास आ पहुंचा है। अब उस अवसर को हाथों-हाथ लो और समस्या की कालिमा में सुनहरी लकीर खींच दो।’ नेपोलियन का यह कथन अत्यंत सार्थक है। ‘यदि तुम ख़ुद को कमज़ोर सोचते हो, तो कमज़ोर हो जाओगे। अगर ख़ुद को ताकतवर सोचते हो, तो ताकतवर’ स्वामी विवेकानंद जी का यह कथन मानव की सोच को सर्वोपरि दर्शाता है कि हम जो सोचते हैं, वैसे बन जाते हैं। इसलिए सदैव अच्छा सोचो; स्वयं को ऊर्जस्वितत अनुभव करो, तुम सब समस्याओं से ऊपर उठ जाओगे और उनसे उबर जाओगे। सो! आपदाओं को अवसर बना लो और उससे मुक्ति पाने का हर संभव प्रयास करो। आलोचनाओं से भयभीत मत हो, क्योंकि आलोचना उनकी होती है, जो काम करते हैं। इसलिए निष्काम भाव से कर्म करो। सत्य शिव व सुंदर है, भले ही वह देर से उजागर होता है। इसलिए घबराओ मत। बच्चन जी की यह पंक्तियां ‘है अंधेरी रात/ पर दीपक जलाना कब मना है’ मानव में आशा का भाव संचरित करती हैं। रात्रि के पश्चात् सूर्योदय होना निश्चित है। इसलिए धैर्य बनाए रखो और सुबह की प्रतीक्षा करो। थक कर बीच राह मत बैठो और लौटो भी मत। निरंतर चलते रहो, क्योंकि चलना ही जीवन है, सार्थक है, मंज़िल पाने का मात्र विकल्प है। आलोचनाओं को सफलता प्राति का सोपान स्वीकार अपने पथ पर निरंतर अग्रसर हो।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

29.8.22

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ परदेश – भाग -10 – परदेश का मोहल्ला ☆ श्री राकेश कुमार ☆

श्री राकेश कुमार

(श्री राकेश कुमार जी भारतीय स्टेट बैंक से 37 वर्ष सेवा के उपरांत वरिष्ठ अधिकारी के पद पर मुंबई से 2016 में सेवानिवृत। बैंक की सेवा में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान के विभिन्न शहरों और वहाँ  की संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला। उनके आत्मकथ्य स्वरुप – “संभवतः मेरी रचनाएँ मेरी स्मृतियों और अनुभवों का लेखा जोखा है।” ज प्रस्तुत है नवीन आलेख की शृंखला – “ परदेश ” की अगली कड़ी।)

☆ आलेख ☆ परदेश – भाग – 10 – परदेश का मोहल्ला ☆ श्री राकेश कुमार ☆

मोहल्ला शब्द इसलिए चुना, क्योंकि वर्तमान निवास एक विदेश की आवासीय सोसाइटी में है, जिसमें करीब पंद्रह सौ फ्लैट्स हैं। अब तो हमारे जयपुर में भी ऐसी कई सोसायटी है जिसमें एक हजार से अधिक फ्लैट्स हैं, प्रमुख रूप से गांधी पथ के पास “रंगोली” है, जिसमें भी सोलह सौ से अधिक फ्लैट्स हैं।

यहां की सोसाइटी में सभी किराये से रहते हैं। कोई कंपनी इसको विगत साठ वर्षों से किराए पर चला रही हैं। आसपास इतनी बड़ी और पंद्रह मंजिल कोई और भवन ना होने से दूर से ही दृष्टि पड़ जाती हैं। हमारे जैसे प्रवासियों को ढूंढने में कठिनाई नहीं होती हैं। वैसे आजकल तो लोग पड़ोसी के घर जाने से पहले भी गूगल से ही रास्ता पूछते हैं।

भवन बड़ा होने के कारण नगर बस सेवा भी अंदर तक सुविधा देती है,वो बात अलग है, कि यहां बहुत कम लोग बस से यात्रा करते हैं। कार पार्किंग में दो गाड़ियां खड़ी रखने का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं हैं। बिना सोसाइटी के स्टिकर वाली गाड़ी अवश्य क्रेन द्वारा उठा दी जाती हैं। अतिथि के लिए भी अलग से पार्किंग व्यवस्था हैं। विशेष योग्य जन जिनकी गाड़ी में इस बाबत स्टिकर होता हैं, को  प्रवेश द्वार के पास आरक्षित स्थान मिलता हैं।

कार पार्किंग के लिए स्थान बहुत ही सलीके से चिन्हित किए गया हैं। कार रखना और निकलना अत्यंत सुविधा जनक हैं। कार एकदम सीधी लाइन में खड़ी देखकर अपने पाठशाला के दिन याद आ गए,जब रेखा गणित में हम स्केल की सहायता से भी सीधी रेखा नहीं खींच पाते थे। गुरुजन हमारे स्केल से ही हाथ  पर सीधी लाल लाइन खींच दिया करते थे।

© श्री राकेश कुमार

संपर्क – B 508 शिवज्ञान एनक्लेव, निर्माण नगर AB ब्लॉक, जयपुर-302 019 (राजस्थान) 

मोबाईल 9920832096

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 163 ☆ विद्या विनयेन शोभते- ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी । ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

🕉️ मार्गशीष साधना🌻

बुधवार 9 नवम्बर से मार्गशीष साधना आरम्भ होगी। इसका साधना मंत्र होगा-

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

आपसे विनम्र अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

☆  संजय उवाच # 163 ☆ विद्या विनयेन शोभते ☆?

मेरे लिए प्रातःभ्रमण, निरीक्षण एवं अपने आप से संवाद करने एवं आकलन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है। रोज़ाना की कुछ किलोमीटर की ये पदयात्रा अनुभव तो समृद्ध करती ही है, मुझे शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य भी प्रदान करती है।

कुछ वर्ष पहले की घटना है। टहलते हुए हिंदी माध्यम के एक विद्यालय के सामने से निकला। बड़े शहरों में भारतीय भाषाओं के माध्यम से ज्ञानदान करने वाली अधिकांश पाठशालायें अस्तित्व टिकाये रखने का संघर्ष कर रही हैं। उच्च, मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग अँग्रेज़ी माध्यम को अलादीन का चिराग मान चुका है। उन्हें लगता है कि शिक्षा-दीक्षा, नौकरी-व्यवसाय, संभ्रांत-अभिजात्य जैसा हर स्वप्न अँग्रेज़ी माध्यम में ‘इनबिल्ट’ है। इस पलायन का प्रभाव स्वाभाविक रूप से ‘वर्नाकुलर’ पाठशालाओं की इमारतों और रख-रखाव पर भी पड़ा है।

यह पाठशाला भी इसका अपवाद नहीं है। स्थिति जीर्ण-शीर्ण है। कॉर्पोरेट कल्चर के मारे इंटरनेशनल स्कूलों (अलबत्ता वे कितने अंतरराष्ट्रीय हैं, यह अनुसंधान का विषय हो सकता है) की गेट जैसा कोई प्रावधान यहाँ नहीं है। मुख्य फाटक के दो पल्लों में से एक शायद वर्षों से अपनी जगह से हिलाया भी नहीं गया है। पाठशाला को खुला या बंद दर्शाने का काम दूसरा पल्ला ही कर रहा था।

आर्थिक स्थिति का यह चित्र विद्यार्थियों में भी दिख रहा था।  कॉन्वेंट स्कूलों में वैन, स्कूल बस और ऑटोरिक्शा से उतरनेवाने स्टुडेंटस्‌ की बनिस्बत यहाँ घर से पैदल आनेवाले विद्यार्थियों की भीड़ फुटपाथ पर थी। हाँ, माध्यम कोई भी हो, बच्चों उत्साह में कोई कमी नहीं थी।

देखता हूँ कि आपस में बातचीत करती दस-बारह वर्ष की दो बच्चियाँ स्कूल के फाटक पर पहुँचीं। प्रवेश करने के पूर्व दोनों ने स्कूल की माटी मस्तक से लगाई, जैसे मंदिर में प्रवेश से पहले भक्तगण करते हैं। फिर विद्यालय में प्रवेश किया।

इंटरनेशनल और अंतर्भूत का अंतर अब स्पष्ट था। स्टुडेंट नहीं होता विद्यार्थी। दोनों के शाब्दिक अर्थ की मीमांसा करें तो सारी शंका का समाधान स्वयंमेव हो जाएगा।  ज्ञान वही जो विनय उत्पन्न करे। विद्या विनयेन शोभते। विनय समर्पण से उत्पन्न होता है। समर्पण धरती को माथा नवाता है।

मन भर आया। इच्छा हुई कि दोनों बच्चियों के चरणों में माथा नवाकर कहूँ , “बेटा आज समझ में आया कि विद्यालय को ज्ञान मंदिर क्यों कहा जाता था। ..दोनों खूब पढ़ो, खूब आगे बढ़ो!’

नयी शिक्षा नीति में भारतीय भाषाओं और भारतीय जीवनमूल्यों को प्रधानता देने का लक्ष्य नयी आशा उत्पन्न करता है। यह आशा इस विश्वास को बल देती है कि ये बच्चियाँ और इस भाव को जपने वाले अन्य विद्यार्थी अपने जीवन में आनेवाले उतार-चढ़ावों का बेहतर सामना कर पाएँगे।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आत्मानंद साहित्य #147 ☆ आलेख – नारी तू नारायणी ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद”

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – आत्मानंद साहित्य# 147 ☆

☆ ‌आलेख – नारी तू नारायणी ☆ श्री सूबेदार पाण्डेय “आत्मानंद” ☆

नारी युगों-युगों से मानव समाज द्वारा विभिन्न रूपों में पूजित रही है। उसने अनेक रूपों में बार-बार मानव समाज की संकटों से रक्षा की है। कभी सहधर्मिणी बन  जीवन साथी के साथ कंधा मिलाकर कर सीता और द्रौपदी के रूप में वन-वन भटकी है, तो कभी दुर्गा, काली, लक्ष्मी, गौरी, सरस्वती के रूप में पूजनीय रही है। वह अपनी दया, करूणा, सृजनशीलता, सहनशीलता आदि गुणों के चलते सदैव एक इतिहास रचती रही है। उसके इन्हीं गुणों के

चलते  देवताओं तक ने नारी का सम्मान किया।  नारी के बारे में संस्कृत का यह सूत्र वाक्य बहुत कुछ बतला देता है।

यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः।

इतना ही नहीं अध्ययन की और गहराई में जाए तो पाते हैं कि हर युग में नारी का स्थान सर्वोपरि रहा है, कभी शिव ने हृदय से नारी को अंगीकार किया और अर्द्धनारीश्वर कहलाए। तो वहीं पर समुद्र मंथन के बाद विष्णु जी ने नारी को अंगीकार कर उसे विष्णुप्रिया का पद दिलाया। तो वहीं पर राम के साथ सीता के रूप में, वन-वन कर्म पथ पर चली, तो राधा के रूप में कृष्ण के हृदय में विराजित नारी अपनी त्याग तथा श्रद्धा समर्पण के बल पर कृष्ण की हृदयेश्वरी बन जाती है। तो कभी वर्तमान समय में नारी दुर्गा, काली, सरस्वती, लक्ष्मी के रूप दीवाली दशहरे पर शक्ति स्वरूपा बन आवाहित एवं पूजित होती दिखती है। लेकिन नारी समाज का दूसरा पहलू भी है, जो अपने अध्ययन काल में हमने देखा, नारी पुरुष प्रधान समाज द्वारा उपेक्षित तथा पीड़ित भी रही है। उसे हृदयंगम करने वाला मानव समाज कभी उसे अबला के संबोधन से हतोत्साहित करता है तो  कभी कर्तव्य बलिवेदी पर चढ़ा जुए में हार जाता है तो कभी अग्नि परीक्षा लेकर उसके चरित्र पर संदेह प्रकट किया जाता रहा है। और निरपराध गर्भिणी नारी को बन बन भटकने पर मजबूर किया जाता रहा है। कभी नारी को प्रियतमा मान साथ-साथ जीने मरने की कसमें खाने वाला जो खुद प्यार की पूजा में ताज महल बनवाने तथा स्मृति शेष बनवाने वाला मानव किसी नारी को प्रेम करते देख ईर्ष्या से जल उठता है। ज्यों ही नारी अपने प्रेम का इजहार करती है पुरुष प्रधान समाज उसे  अपने मान सम्मान से जोड़ते हुए नारी का दुश्मन बन जाता है। और सारे रिश्ते भुला कर  उसकी हत्या करवा देता है। जब कि नारी हमेशा से ही धन, वैभव, सुख, शांति, समृद्धि, विद्या की देवी सर्व मंगलकारिणी के रूप में समाज के सर्वोच्च पद पर स्थापित रही है। लेकिन आज के व्यावसायिक युग में नारी के रूप तथा सौंदर्य को भुनाया व बेचा जा रहा है, उसे उपभोग की सामग्री मान लिया गया है। मानव समाज उसे अपनी लिप्सा पूर्ति का साधन समझ बैठा है।

आज देवताओं द्वारा पूजित नारी सबसे ज्यादा पीड़ित दुखी एवम् उपेक्षित है। पुरूष तो पुरुष आज तो नारी ही नारी समाज की दुश्मन बनी भ्रूण हत्या पर उतारू हैं। और पुरुष समाज के कंधे से कंधा मिलाकर जघन्य कृत्य में सहभागिता कर रही है।

आज के नर नारी समाज को शायद यह पता नहीं है कि जब कोख ही नहीं रहेगी तो वंश वृद्धि कैसे होगी। आखिर कब हमारा समाज नारी रूपी नारायणी का सम्मान उसे वापस दिलाएगा। याद रखिए जहां नारी शक्ति सम्मानित होती है वहां सुख शांति समृद्धि के साथ-साथ सदैव मंगल ही मंगल होता है। जहां नारी की उपेक्षा होती है वहां हिंसा द्वेष  कलह का तांडव होता है। जीवन नारकीय बन जाता है। इस लिए आज जरूरत है नारी समाज को सम्मान देते हुए पारिवारिक जीवन सुखमय बनाने की।

और अंत में

सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया।
सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्।।

© सूबेदार  पांडेय “आत्मानंद”

दिनांक 23–10–22  समय-12-10-22

संपर्क – ग्राम जमसार, सिंधोरा बाज़ार, वाराणसी – 221208, मोबा—6387407266

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य #157 ☆परिस्थितियाँ व पुरुषार्थ ☆ डॉ. मुक्ता ☆

डॉ. मुक्ता

(डा. मुक्ता जी हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व निदेशक एवं  माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित/पुरस्कृत हैं।  साप्ताहिक स्तम्भ  “डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक  साहित्य” के माध्यम से  हम  आपको प्रत्येक शुक्रवार डॉ मुक्ता जी की उत्कृष्ट रचनाओं से रूबरू कराने का प्रयास करते हैं। आज प्रस्तुत है डॉ मुक्ता जी का  वैश्विक महामारी और मानवीय जीवन पर आधारित एक अत्यंत विचारणीय आलेख परिस्थितियाँ व पुरुषार्थ । यह डॉ मुक्ता जी के जीवन के प्रति गंभीर चिंतन का दस्तावेज है। डॉ मुक्ता जी की  लेखनी को  इस गंभीर चिंतन से परिपूर्ण आलेख के लिए सादर नमन। कृपया इसे गंभीरता से आत्मसात करें।) 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – डॉ. मुक्ता का संवेदनात्मक साहित्य  # 157 ☆

परिस्थितियाँ व पुरुषार्थ ☆

‘पुरुषार्थ से दरिद्रता का नाश होता है; जप से पाप दूर होता है; मौन से कलह की उत्पत्ति नहीं होती और सजगता से भय नहीं होता’ चाणक्य की इस उक्ति में जीवन-दर्शन निहित है। मौन व सजगता जीवन की अनमोल निधियां हैं। मौन से कलह का दूर का भी नाता नहीं है, क्योंकि मौन को नवनिधि की संज्ञा से अभीहित किया जाता है। मौन रहना सर्वोत्तम व सर्वश्रेष्ठ है, जिससे बड़ी से बड़ी समस्या का स्वत: समाधान हो जाता है,  क्योंकि जब एक व्यक्ति क्रोधवश अपना आपा खो बैठता है और दूसरा उसका उत्तर अर्थात् प्रतिक्रिया नहीं देता, तो वह भी शांत हो जाता है और कुछ समय पश्चात् उसका कारग़र उपाय अवश्य प्राप्त हो जाता है।

सजगता से भय नहीं होता से तात्पर्य है कि जो व्यक्ति सजग व सचेत होता है, उसे आगामी आपदा व बाधाओं का सामना नहीं करना पड़ता। दूसरे शब्दों में वह हर कदम फूंक-फूंक कर रखता है, क्योंकि वह व्यर्थ में कोई भी खतरा मोल लेना नहीं चाहता। वह भविष्य के प्रति सजग रहते हुए वर्तमान के सभी कार्य व योजनाओं को अंजाम देता है। सो! मानव को भावावेश में कोई भी निर्णय नहीं लेना चाहिए, बल्कि हर स्थिति में विवेक से निर्णय लेना चाहिए अर्थात् किसी कार्य को प्रारंभ करने से पहले मानव को उसके सभी पहलुओं पर विचार-विमर्श व चिंतन-मनन करने के पश्चात् ही उसे करने का मन बनाना चाहिए। उस स्थिति में उसे भय व शंकाओं का सामना नहीं करना पड़ता। वह निर्भय व नि:शंक होता है तथा उसका तनाव व अवसाद से कोसों दूर का भी नाता नहीं रहता। उसका हृदय सदैव आत्मविश्वास से आप्लावित रहता है तथा वह साहसपूर्वक विषम परिस्थितियों का सामना करने में समर्थ होता है। सो! पुरुषार्थ से दरिद्रता का नाश होता है, क्योंकि जो व्यक्ति साहसी व निर्भीक होता है, उसे अपने परिश्रम पर भरोसा होता है और वह सदैव आत्मविश्वास से लबरेज़ रहता है।

सुखी जीवन जीने के लिए मानव को यह सीख दी गयी है कि ‘अतीत की चिंता मत करो; भविष्य पर विश्वास न करो और वर्तमान के महत्व को स्वीकारते हुए उसे व्यर्थ मत जाने दो।’ दूसरे शब्दों में अतीत अर्थात् जो गुज़र गया, लौटकर नहीं आता। इसलिए उसकी चिंता करना व्यर्थ है। भविष्य अनिश्चित है, जिससे सब अनजान हैं। यह शाश्वत् सत्य है कि संसार में कोई भी प्राणी इस तथ्य से अवगत नहीं होता कि कल क्या होने वाला है? इसलिए सपनों के महल सजाते रहना मात्र आत्म-प्रवंचना है। परंतु मूर्ख मानव सदैव इस ऊहापोह में उलझा रहता है। सो! संशय अथवा उधेड़बुन में उलझे रहना उसके जीवन का दुर्भाग्य है। ऐसा व्यक्ति अतीत या भविष्य के ताने-बाने में उलझा रहता है और अपने वर्तमान पर प्रश्नचिह्न लगा देता है। सो! वह संशय अनिश्चय अथवा किंकर्तव्यविमूढ़ स्थिति से मुक्ति नहीं प्राप्त सकता। वह सदैव अधर में लटका रहता है और उसका कोई कार्य समय पर संपन्न नहीं होता। वह भाग्यवादी होने के कारण दरिद्रता के चंगुल में फंसा रहता है और सफलता से उसका दूर का संबंध भी नहीं रहता।

कबीरदास जी का यह दोहा ‘काल करे सो आज कर, आज करे सो अब/ पल में प्रलय होएगी, मूर्ख करेगा कब’  वर्तमान की महत्ता को दर्शाता है और वे मानव को सचेत करते हुए कहते हैं कि कल कभी आता नहीं। इसलिए मानव को वर्तमान में सब कार्यों को संपन्न कर लेना चाहिए और आगामी कल के भरोसे पर कोई भी काम नहीं छोड़ना चाहिए। यह सफलता प्राप्ति के मार्ग में प्रमुख अवरोध है। दूसरी ओर समय से पहले व भाग्य से अधिक मानव को कभी कुछ भी प्राप्त नहीं होता। ‘माली सींचे सौ घड़ा, ऋतु आए फल होय’ द्वारा भी यह संदेश प्रेषित है कि समय आने पर ही सब कार्य संपन्न होते हैं।

‘सुमिरन कर ले बंदे! यही तेरे साथ जाएगा’ स्वरचित गीत की ये पंक्तियाँ मानव को प्रभु का नाम स्मरण करने को प्रेरित करती हैं, क्योंकि यह मुक्ति पाने का सर्वश्रेष्ठ साधन है। इंसान संसार में खाली हाथ आता है और उसे खाली हाथ ही जाना है। परंतु जप व नाम-स्मरण से पापों का नाश होता है। वह मृत्यु के उपरांत भी मानव के साथ जाता है और जन्म-जन्मांतर तक उसका साथ निभाता है। ‘यह दुनिया है दो दिन का मेला/ हर शख्स यहां है अकेला/ तन्हाई संग जीना सीख ले/ तू दिव्य खुशी पा जाएगा’ स्वरचित गीत की पंक्तियों से तात्पर्य है कि जो व्यक्ति स्व में केंद्रित व आत्म-मुग्धावस्था में जीना सीख जाता है; उसे ज़माने भर की अलौकिक खुशियाँ प्राप्त हो जाती हैं।

मानव जीवन क्षणभंगुर है और संसार मिथ्या है। परंतु वह माया के कारण सत्य भासता है। सब रिश्ते-नाते झूठे हैं और एक प्रभु का नाम ही सच्चा है, जिसे पाने के लिए मानव को पंच विकारों काम, क्रोध, लोभ, मोह व अहंकार से मुक्ति पाना आवश्यक है, क्योंकि वही मानव को लख चौरासी से मुक्त कराता है। परंतु यह मानव की नियति है कि वह दु:ख में तो प्रभु का नाम स्मरण करता है, परंतु सुख में उसे भुला देता है। इसीलिए कबीरदास जी सुख में उस अलौकिक सत्ता को स्मरण करने का संदेश देते हैं, ताकि दु:ख उसके जीवन में पदार्पण करने का साहस ही न जुटा सके।

सुख, स्नेह, प्रेम, सौहार्द त्याग में निहित है अर्थात् जिन लोगों में उपरोक्त दैवीय गुण संचित होते हैं, उन्हें सुखों की प्राप्ति होती है और शेष उनसे वंचित रह जाते हैं। रहीम जी प्रेम की महत्ता बखान करते हुए कहते हैं ‘रहिमन धागा प्रेम का, मत तोरो चटकाय/ टूटे से फिर ना जुरै, जुरै ते गांठ परि जाए।’ मानव को प्रत्येक कार्य नि:स्वार्थ भाव से करना चाहिए और गीता में भी निष्काम कर्म का संदेश प्रषित है, क्योंकि मानव को कर्म करने का अधिकार है; फल की इच्छा करने का नहीं है। जो संसार में जन्मा है, उसकी मृत्यु निश्चित है। इसलिए मानव को सत्कर्म व सत्संग करना चाहिए, क्योंकि यही मानव की कुंजी है। इंसान इस संसार में खाली हाथ आया है और उसे खाली हाथ लौट जाना है। इसलिए मानव को माया-मोह व राग-द्वेष के बंधनों का त्याग कर प्रभु से लौ लगानी चाहिए।

जीवन संघर्ष का पर्याय है। जो व्यक्ति पुरुषार्थी व परिश्रमी है; जीवन में सदैव सफलता प्राप्त करता है और वह कभी भी दरिद्र नहीं हो सकता। जो मौन साधना करता है; विवादों से दूर रहता है, क्योंकि संवाद संबंधों में स्थायित्व प्रदान करते हैं। संवाद संवेदनशीलता का प्रतीक हैं, परंतु उनमें सजगता की अहम् भूमिका है। रिश्तों में माधुर्य व विश्वास होना आवश्यक है। सो! हमें रिश्तों की अहमियत को स्वीकारना चाहिए। परंतु जब रिश्तों में कटुता आ जाती है, तो वे नासूर बन सालने लगते हैं। इससे हमारा सुक़ून सदा के लिए नष्ट हो जाता है। इसलिए हमें दूरदर्शी होना चाहिए और हर कार्य को सोच-समझकर अंजाम देना चाहिए। लीक पर चलने का कोई औचित्य नहीं है और अपनी राह का निर्माण स्वयं करना श्रेयस्कर है। इतना ही नहीं, हमें तीसरे विकल्प की ओर भी ध्यान देना चाहिए और निराशा का दामन नहीं थामना चाहिए। स्वामी रामतीर्थ के अनुसार प्रत्येक कार्य को हिम्मत व शांति से करो, यही सफलता का साधन है अर्थात् मानव को शांत मन से निर्णय लेना चाहिए तथा साहस व धैर्यपूर्वक प्रत्येक कार्य को संपन्न करना चाहिए। जो व्यक्ति सजगता व तल्लीनता से कार्य करता है और प्रभु नाम का स्मरण करता है– उसके सभी कार्य संपन्न होते हैं और उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।

© डा. मुक्ता

माननीय राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत, पूर्व निदेशक, हरियाणा साहित्य अकादमी

संपर्क – #239,सेक्टर-45, गुरुग्राम-122003 ईमेल: drmukta51@gmail.com, मो• न•…8588801878

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares
image_print