डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपकी एक अतिसुन्दर विचारणीय व्यंग्य ‘एक रोमांटिक की त्रासदी’। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 232 ☆

☆ व्यंग्य –  एक रोमांटिक की त्रासदी

नन्दलाल हमारी मित्र-मंडली में भीषण रोमांटिक आदमी है, बर्नार्ड शॉ के शब्दों में ‘लाइलाज रोमांटिक स्वभाव वाला।’ बाकी हम सब लोग खाने-कमाने और ज़मीन पर रहने वाले लोग हैं। नन्दलाल अपने ऊपर ज़बरदस्ती साहित्यिक मुद्रा ओढ़े रहता है। वैसे उसकी साहित्यिक समझ खासी घटिया है, लेकिन उसे उस पर बेहद नाज़ है। सस्ते बाज़ारू शेर सुनकर उन पर घंटों सिर धुनता है। इश्क, माशूक और चांद-सितारों वाले शेरों से उसने कई कॉपियां भर रखी हैं। उनमें से कई उसे याद भी हैं, भले ही कुछ शब्द और टुकड़े छूट जाएँ। लेकिन उसे परेशानी इसलिए नहीं होती कि उन शेरों का मतलब उसे खुद भी नहीं मालूम।

तलफ्फुज़ के मामले में उसकी हालत दर्दनाक है, ‘शेर’ को ‘सेर’ और ‘माशूक’ को ‘मासूक’ कहने वाला। उसके ‘सेर’ सुनकर जानकारों का रक्तचाप बढ़ जाता है, सिर फोड़ लेने की इच्छा बलवती हो जाती है, लेकिन नन्दलाल इस स्थिति से बेखबर ‘सेर’ पर ‘सेर’ मारे जाता है। उर्दू के किसी विद्वान को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने हेतु नन्दलाल का उपयोग सफलता से किया जा सकता है।

नन्दलाल का पूरा व्यक्तित्व रूमानियत से सराबोर है। बादशाह अकबर की तरह बैठकर फूल सूँघते रहना उसे बहुत प्रिय है। लड़कियों के मामले में अपने दीवानेपन के लिए वह कुख्यात है। लेकिन उसका प्रेम विशुद्ध अफलातूनी होता है। लड़कियों को ख़त लिखना और उनके ख़तों पर आहें भरना उसका प्रिया शग़ल है। बाज़ार में किसी सुन्दर लड़की को देखकर उसकी आत्मा शरीर का साथ छोड़ देती है। वह किसी ‘ज़ोम्बी’ की तरह विदेह हुआ, लड़की के पीछे खिंचा चला जाता है। उस वक्त उसे हिला-डुला कर ज़मीन पर वापस लाना पड़ता है।

नन्दलाल अपने दोस्तों को धिक्कारता रहता है। कहता है, ‘तुम लोगों को रोटी-दाल के सिवा इस दुनिया में कुछ दिखाई नहीं पड़ता। दुनिया कितनी खूबसूरत है, जरा आँखें खोल कर देखो। यों ही एक दिन रोटी कमाते कमाते मर जाओगे।’ और फिर वह दो तीन ‘सेर’ जड़ देता है।

चाँदनी रातों में नन्दलाल बदहवास हो जाता है। कहीं मैदान में घंटों चाँदनी के नीचे लुढ़कता रहता है और हम लोगों को अपने पास पकड़ कर घंटों ‘बोर’ करता है। माशूक के मुखड़े की चाँद से तुलना करने वाले पचास साठ ‘सेर’ सुना देता है।

उसके आनन्द में सबसे ज़्यादा बाधा छुट्टन डालता है। जब नन्दलाल आँखें बन्द करके ‘सेर’ सुनाता होता है, तभी वह कसमसाने लगता है। कहता है, ‘यार, मैं चलूँ। भैंस को चारा डालना है। बाबूजी गुस्साएँगे।’

छुट्टन ‘गुस्साएँगे’ जैसे नूतन शब्द प्रयोग करने के लिए विख्यात है। नन्दलाल उसकी बात सुनकर भिन्ना जाता है। जबड़े भींच कर कहता है, ‘भैंसों को पालते पालते तुम भी भैंसा हो गये। जाओ, किसी चरई के किनारे खड़े होकर पूँछ हिलाओ।’

छुट्टन पर कोई असर नहीं होता। वह अपनी पतलून की घास झाड़ता उठ खड़ा होता है। कहता है, ‘कल से वह ठीक से खा-पी नहीं रही है। ढोर-डाक्टर को दिखाना पड़ेगा। तुम्हारे शेरों से दूध नहीं निकलने वाला।’

गुस्से में नन्दलाल के मुँह से एक मिनट तक शब्द नहीं निकलते। चेहरा लाल भभूका हो जाता है। शेर सब लटपट हो जाते हैं। छुट्टन के जाने पर हिकारत से कहता है, ‘साला बिना सींग- पूँछ का जानवर। ढोर कहीं का।’

लेकिन एक दिन नन्दलाल का रूमानीपन सूली पर चढ़ गया। कम से कम हमारे सामने तो उसने रूमानियत झाड़ना बन्द ही कर दिया। हमें काफी राहत महसूस हुई।

बात यह हुई कि एक दिन छुट्टन मुझे, नन्दलाल और राजू को बीस पच्चीस मील दूर एक गाँव में ले गया जहाँ उसकी ज़मीन थी। नन्दलाल बहुत उत्साह में गया क्योंकि उसे आवारागर्दी बहुत पसन्द है।

छुट्टन का गाँव सड़क से काफी हटकर था। सड़क भी ऐसी कि जहाँ से दिन भर में मुश्किल से तीन चार बसें निकलती हैं। हम लोग सुबह दस ग्यारह बजे बस से उतरे। फिर हमें करीब तीन मील पैदल चलना पड़ा। तीन मील धूप में चलने में नन्दलाल की हुलिया बिगड़ गयी। उसका उत्साह आधा हो गया। किसी तरह मुँह बनाते, रोते- झींकते उसने सफर पूरा किया।

बहुत छोटा सा गाँव था, करीब पच्चीस तीस घर का। लेकिन गाँव के नज़दीक पहुँचकर नन्दलाल का उत्साह लौट आया। खेतों में खड़ी फसल देखकर उसकी रूमानियत फिर जाग गयी। वैसे उसके लिए गन्ने को छोड़कर और किसी पौधे को पहचानना मुश्किल था, लेकिन हरियाली को देखकर उसका दिल भी हरा हो जाता था।

छुट्टन का घर उसके खेतों के बीच में था जिसको देखने के लिए उसने एक कारिन्दा रख छोड़ा था। वह खपरैल वाला कच्चा घर था। उसे देखकर नन्दलाल बाग़ ब़ाग हो गया। झूम कर बोला, ‘क्या खूबसूरत घर है, खेतों के बीच में। एकदम फिल्मी चीज है। शहर के मकान देखते देखते जी भर गया।’

छुट्टन बोला, ‘बेटा, एक रात गुजारोगे तो आसमान से जमीन पर आ जाओगे।’

वहाँ पहुँचकर छुट्टन तो कामकाज में लग गया और हम लेट कर सुस्ताने लगे। नन्दलाल कूदफाँद मचाये था। कभी घर में घुस जाता, कभी दौड़कर खेतों की मेड़ पर खड़ा हो जाता। वह बहुत खुश था।

छुट्टन का कारिन्दा एक पंडित था। थोड़ी देर में वह अपने घर से खाना बनवा कर ले आया। मोटी मोटी रोटियाँ, पनीली दाल, लौकी की सब्ज़ी और कैथे की चटनी। भूख के मारे बहुत अच्छा लगा। नन्दलाल खाने पर लट्टू हो रहा था। गाँव की मोटी मोटी रोटियों के प्रति भी लोगों के मन में एक रोमांस होता है। वह उसी का शिकार था। ‘वाह वाह’ करते उसने खाना खाया।

थोड़ी देर बाद छुट्टन हमें कुछ दूर नदी किनारे ले गया। छायादार बड़े-बड़े पेड़ थे और साफ, नीला पानी शोरगुल करता, उछलता- कूदता बह रहा था। सामने नीला आसमान था और रुई के टुकडे़ जैसे तैरते बादल। खेत सोने के रंग में रंगे लगते थे।

देखकर नन्दलाल पर जैसे दौरा पड़ गया। उसके मुँह से मशीनगन की गोलियों की तरह ‘सेर’ छूटने लगे। किसी तरह उसके मुँह पर ढक्कन रखने में हम सफल हुए, फिर वह आहें भरते भरते सो गया। खुर्राटे भरने लगा। करीब दो घंटे तक बेहोश सोता रहा।

जब वह जागा तो साये लंबे होने लगे थे। सूरज झुक आया था। अब छुट्टन हड़बड़ी मचाये था। सड़क से आखिरी बस छः बजे निकलती थी। उसके बाद सबसे पहली बस सुबह सात बजे ही थी।

लेकिन नन्दलाल अपनी जगह से नहीं हिला। वह इधर-उधर आँखें पसारकर आहें भरता रहा। बार-बार कहता, ‘अबे, चलते हैं। वहाँ शहर में यह नजारा कहाँ मिलने वाला।’

उसकी रंगीन तबियत के  फलस्वरूप हम लोग पाँच बजे तक गाँव से रवाना नहीं हो पाये। फिर रास्ते भर हम लोग उसे जल्दी चलने के लिए धकियाते रहे, लेकिन उसके पाँव जैसे मन-मन भर के हो गये थे।

नतीजा यह हुआ कि जब हम लोग सड़क से करीब आधा मील दूर थे तभी हमें बस आती दिखी। हम लोग दौड़े, हाथ हिलाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। हम लोगों ने नन्दलाल को पेट भर गालियाँ दीं। वह चुप्पी साध कर रह गया।

हम फिर लौट कर गाँव गये। अब की बार नन्दलाल की हालत खराब हो गयी। अब किसी प्राकृतिक दृश्य का उस पर असर नहीं पड़ रहा था। वह मरियल टट्टू की तरह सिर लटकाये,  पाँव घसीटता चलता रहा। घर पहुँच कर वह ऐसे पड़ रहा जैसे उसके प्राण निकल गये हों।

पंडित जी ने फिर भोजन का प्रबंध किया, लेकिन अब नन्दलाल ‘वाह वाह’ करना भूल गया था। वह सिर झुकाये, मातमी चेहरा बनाये भोजन ठूँसता रहा।

घर में सिर्फ दो खाटें थीं, जिन में से एक पर पंडित जी सोते थे। पंडित जी ने प्रस्ताव रखा कि दो तीन खाटें गाँव से मँगा लें, लेकिन हमने मना कर दिया। फिर उन्होंने कहा कि हम लोग दो खाटों पर सो जाएँ, वे ज़मीन पर सो जाएँगे। लेकिन हमने ज़मीन पर सोने का निश्चय किया।

हम ज़मीन पर दो दरियाँ बिछाकर लेट गये। पंडित जी थोड़ी दूर खाट पर लेटकर नाक बजाने लगे। नन्दलाल चुपचाप लेट गया। उसकी बोली बन्द हो गयी थी।

रात घुप्प अँधेरी थी। दूर कहीं कोई रोशनी कभी-कभी टिमटिमाती थी। हवा चलती तो पेड़ ‘खड़ खड़ सूँ सूँ ‘ करने लगते। दिन का सुहावना दृश्य अब खासा भयानक हो गया था। मच्छरों का भीषण आक्रमण हुआ। छोटे मच्छर थे, बिना आवाज़ किये मार करते थे। नन्दलाल शरीर पर पट्ट पट्ट हाथ मारने लगा। फिर उठकर बैठ गया, बोला, ‘बड़े बगदर हैं।’

मैंने कहा, ‘शुद्ध भाषा बोलो। ‘बगदर’ नहीं, ‘मच्छर’ कहो।’

वह चिढ़कर बोला, ‘चुप रह बे,’ और वापस लेट गया। लेकिन उसकी और हम सब की नींद हराम थी। मच्छरों को शहरी खून काफी पसन्द आ रहा था।

नन्दलाल ने थोड़ी देर में फिर आँखें खोलीं। इधर-उधर देखकर बोला, ‘बाप रे, कैसा डरावना लगता है। मुझे तो डर लग रहा है।’

फिर थोड़ा रुक कर उसने मुझे हिलाया, कहा, ‘दत्तू, सो गये क्या यार?’

मैंने आँखें बन्द किये ही कहा, ‘जाग रहा हूँ। क्या बात है?’

वह कुछ लज्जित होकर बोला, ‘कुछ नहीं’, और चुप हो गया।

थोड़ी देर में सामने कहीं से एक औरत की चीखें आने लगीं। ऐसा लगता था जैसे चीखने वाला इधर-उधर दौड़ रहा हो। बड़ी भयानक और रोंगटे खड़ी कर देने वाली चीखें थीं। हम सब की नींद खुल गयी। लेकिन पंडित जी अब भी नाक बजा रहे थे।

छुट्टन ने पंडित जी को जगा कर पूछा। पंडित जी उठकर बैठ गये, फिर दाढ़ी खुजाते हुए बोले, ‘एक काछी की बहू है। पागल हो गयी है। रोज ऐसा ही करती है। अभी घर के लोग पकड़ कर ले जाएँगे।’ फिर वे दाढ़ी खुजाते खुजाते  लेट कर सो गये।

और सचमुच थोड़ी देर में चीखें  बन्द हो गयीं। हम लोग फिर ऊँघने लगे। लेकिन नन्दलाल को बड़ी देर तक नींद नहीं आयी। वह देर तक मेरा हाथ पकड़े रहा। बार-बार कहता, ‘यार, सो गये क्या?’ और मैं आधी  नींद में जवाब देता, ‘नहीं।’

किसी तरह राम राम करते सवेरा हुआ। सवेरे नन्दलाल की हालत दयनीय थी। बिखरे बाल, नींद न आने के कारण गुलाबी आँखें, भारी पलकें और उतरा हुआ बासी मुँह। चुपचाप मुँह धोकर वह एक तरफ खड़ा हो गया।

छुट्टन ने चाय पीने का प्रस्ताव रखा तो नन्दलाल ने जोर से प्रतिवाद किया। बोला, ‘नहीं, नहीं, वहीं सड़क पर पियेंगे।’

हम वहाँ से चल दिये। नन्दलाल अब सबसे आगे तेज़ी से चल रहा था। चिड़ियों की आवाज़ से वातावरण भरा था। मैंने देखा, पूर्व में सूरज का नारंगी गोला धीरे-धीरे उठ रहा था।

मैंने नन्दलाल को आवाज़ देकर कहा, ‘देख नन्दू, सूरज कैसा सुन्दर लग रहा है।’

लेकिन हमारा परम रोमांटिक नन्दू, इन सब बातों से बेखबर, सिर झुकाये, बस के लिए दौड़ा जा रहा था।

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments