इंजी. ललित शौर्य

साहित्यिक परिचय

समकालीन हिंदी बाल साहित्य में जो नाम अत्यंत प्रभावी स्तर पर दस्तक दे रहे है, उनमें इंजी. ललित शौर्य अत्यंत उल्लेखनीय है। मुवानी, पिथौरागढ़, उत्तराखंड में 16 जून 1990 को जन्में इंजी. ललित शौर्य की अभिरुचि अध्ययन काल से ही साहित्य में रही है। ललित ने बरेली से बीटेक किया है। श्री जगत सिंह राठौर एवं श्रीमती द्रोपदी राठौर के सुपुत्र इंजी. ललित शौर्य ने कालान्तर में बाल-साहित्य को अपनी रचनाशीलता का केंद्र बनाया और पिछले पांच वर्षों से लगातार लेखन के साथ इस क्षेत्र की श्रीवृद्धि करते आ रहे हैं। उनकी अनेक कहानियाँ विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं और लोकप्रियता हासिल करती रही हैं। इसमें बाल भारती, चम्पक, नंदन, देवपुत्र, साहित्य अमृत, बाल किलकारी, बालभूमि, बाल भास्कर, बच्चों का देश, बाल प्रहरी, बच्चों की प्यारी बगिया, उजाला, हंसती दुनिया, वात्सल्य, बाल प्रभात, उदय सर्वोदय, आजकल , हरदौल वाणी, पर्वत पीयूष, प्रमुख हैं।  इसके अतिरिक्त प्रमुख समाचार पत्रों दैनिक जागरण, नई दुनिया, अमर उजाला, सहारा समय, हिंदुस्तान दैनिक भास्कर, राजस्थान पत्रिका, प्रभात खबर आदि में भी नियमित रूप से उनके लेख, लघु कथाएं, व्यंग्य, बाल कहानियां प्रकाशित होती रहती हैं। उनकी बाल कहानी संग्रह ‘दादाजी की चौपाल’ एवं कोरोनाकाल में लिखा गया देश का पहला बाल कहानी संग्रह ‘कोरोना वॉरियर्स’ पर्याप्त चर्चित रहा। इसके अतिरिक्त उनके द मैजिकल ग्लब्ज, फॉरेस्ट वॉरियर्स, स्वच्छता ही सेवा, जल की पुकार, स्वच्छता के सिपाही, जादुई दस्ताने,  गंगा के प्रहरी, गुलदार दगड़िया, परियों का संदेश, बाल तरंग बाल कहानी संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं। इंजी ललित शौर्य पूर्ण रूप से बाल साहित्य को समर्पित हैं। उन्होंने “ बच्चों को मोबाईल नहीं, पुस्तक दो” अभियान चलाया है। जिसके माध्यम से अब तक शौर्य विभिन्न माध्यमों से तीस हजार बच्चों तक बाल साहित्य वितरित कर चुके हैं।

बाल साहित्य के प्रति उनकी रचना सक्रियता को समय-समय पर विभिन्न साहित्यिक संगठनों ने सम्मानित किया है। इनमें उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, भाऊ राव देवरस न्यास द्वारा प्रताप नारायण मिश्र युवा साहित्यकार सम्मान, माध्यम साहित्यिक संस्थान लखनऊ द्वारा ‘सारस्वत सम्मान’, बाल वाटिका पत्रिका का वैभव कालरा राष्ट्रीय बाल साहित्य सम्मान, राष्ट्रीय हिंदी परिषद मेरठ द्वारा ‘हिंदी भूषण सम्मान’, माँ सेवा संस्थान लखनऊ द्वारा ‘ ध्रूव सम्मान’, स्वदेशी जागरण मंच उत्तराखंड द्वारा ‘हिंदी सेवा रत्न सम्मान’, बाल प्रहरी द्वारा ‘साहित्य सृजन सम्मान’, राजा राममोहन सेवा आश्रम एवं पर्यावरण सोसायटी द्वारा ‘पर्यावरण मार्तण्ड’ प्रमुख हैं।

इंजी. ललित शौर्य अब तक उन्नीस किताबें लिख चुके हैं। जिनमें 12 बाल कहानी संग्रह, छ: साझा संकलनों का सम्पादन, एक व्यक्तिगत काव्य संग्रह ‘सृजन सुगन्धि’ सम्मिलित है।

1- अपने रचनाकर्म को क्यों अपनाया है?

उत्तर: लेखन में रुझान बचपन से ही रहा है। कहानियां, कविताएं पढ़ना मुझे बहुत अच्छा लगता था, पढ़ने की आदत आज भी बनी हुई है। साथ ही लेखन कार्य भी सतत जारी है। मैं बाल कहानी लेखन में अधिक समय दे रहा हूँ। रचना कर्म अपनाने का मंतव्य यही है कि अधिक से अधिक बच्चों तक बाल साहित्य पहुंचा सकूं। आधुनिक मोबाइल वाली पीढ़ी के हाथों में बाल साहित्य की किताबें भी हूँ इसी उद्देश्य से कलम उठाई है। उसी ओर अग्रसर हूँ। अब तक मैंने मोबाइल नहीं, पुस्तक दो अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से 30 हजार से अधिक बच्चों तक बाल साहित्य पहुँचाने का प्रयास किया है।

2- आप भविष्य में इस क्षेत्र में क्या करना चाहते हैं और प्रबुद्ध पाठकों को क्या संदेश देना चाहते हैं?

उत्तर: बाल साहित्य में अभी करने को बहुत कुछ है। व्यक्तिगत रूप से मुझे अभी बहुत कुछ सीखना। मैं अभी बाल कहानियां, बाल एकांकी , बाल कविताएं लिख रहा हूँ। भविष्य में बाल उपन्यास लिखने का भी मन है।

बाल साहित्यकारों के पाठक प्रायः बच्चे होते हैं।(वैसे तो बड़े भी बाल साहित्य बड़े चाव से पढ़ते हैं।) बच्चों के लिए यही संदेश है कि अधिक से अधिक बाल साहित्य पढ़ें। इससे उनके भीतर पढ़ने और सीखने की आदत विकसित होगी। जो उनके स्वर्णिम भविष्य के लिए मददगार साबित होगी।

☆ बाल कथा- रहस्यमयी संदूक ☆ इंजी. ललित शौर्य

चंपकवन में रहस्यमयी संदूक की बात जंगल की आग की तरह फैल चुकी थी। सभी जानवर उस संदूक को देखने के लिए उत्सुक थे। नदी किनारे पड़ा वह संदूक आठवां अजूबा बन चुका था।

“मुझे तो वह संदूक जादुई जान पड़ता है। ना बा ना मैं तो उसके पास बिल्कुल भी नहीं जाऊंगा। उसे पैर से छुउंगा भी नहीं। ना ही अपनी प्यारी पूंछ के बाल उस पर लगने दूँगा। क्या पता उसे छूते ही मैं खरगोश बन जाऊं। फिर चीकू की तरह कान खड़े कर ईधर उधर भागना पड़े।” संदूक के पास खड़े जिफर घोड़े ने कहा।

“छूना तो मुझे भी नहीं है। क्या पता उसमें से कोई जादुई राक्षस निकले और उसके गुस्से से मैं घोड़ा बन जाऊं। फिर जिंदगी भर जिफर की तरह मुझे भी दुलत्ती चलानी पड़ेगी।” चीकू ने भी चुटकी ली।

“अरे तुम दोनों बहस करना छोड़ो। ये सोचो कि उस संदूक में आखिर क्या हो सकता है। कहीं उसमें खाने पीने की चींजें तो नहीं हैं। या फिर वह हीरे मोतियों से तो नहीं भरा हुआ है।” सिप्पी सियार बोला।

“ये भी हो सकता है। लेकिन हमें इन सबके सामने उस संदूक को नहीं खोलना है। जब सब यहां से चले जाएंगे तभी हम उसे हाथ लगाएंगे।” बैडी लोमड़ सिप्पी के कान में फुसफुसाया।

यह सुनकर सिप्पी की आंखों में चमक आ गई। उसने जोर से चिल्लाना शुरू किया, ” कोई भी इस संदूक को हाथ नहीं लगाएगा। इसमें कोई भूतिया चीज लगती है। या फिर गोला बारूद भी हो सकता है। सब इससे दूर रहेंगे। हम महाराज शेरसिंह को इस बारे में जानकारी देकर आते हैं। वही इस बात का निर्णय लेंगे की संदूक का क्या करना है।”

सभी जानवर यह बात सुनकर वहां से चले गए। सिप्पी और बैडी वहीं बने रहे। जब चारों ओर कोई नहीं बचा तो सिप्पी ने मौका देख बैडी से कहा, “खोलो संदूक।”

“मैं…मैं… कैसे खोलूं, तुम खोलो।” बैडी ने डरते हुए कहा।

“तुम ही तो बोल रहे थे इसमें हीरे मोती हो सकते हैं।” सिप्पी ने कहा।

“अगर राक्षस या फिर बारूद हुआ तो। मेरी हड्डियों का क्या होगा। मेरी तो यहीं समाधि लग जायेगी।” बैडी ने कहा।

“डरो नहीं। चलो मिलकर खोलते हैं। अगर कीमती सामान निकला तो अपना। नहीं तो संदूक यहीं छोड़कर भाग निकलेंगे।” सिप्पी ने संदूक की ओर बड़ते हुए कहा।

“रुको। किसी लकड़ी की सहायता से संदूक का दरवाजा खोलते हैं। हाथ लगाने का जोखिम उठाना ठीक नहीं है।” बैडी ने अक्लमंदी दिखाई।

बैडी और सिप्पी लकड़ी की सहायता से संदूक का दरवाजा खोलने लगे। बहुत प्रयासों के बाद दरवाजा खुला। दरवाजा खुलते ही उनकी आंखें फटी की फटी रह गई। उसमें  लंबी-लंबी जटाएं थी। कुछ कटे हुए सिर थे। संदूक खुलते ही बंद हो गया। एक जटा बक्से से बाहर निकल गई। बैडी यह सब देखकर थरथर कांपने लगा। सिप्पी की सिट्टी पिट्टी भी गुल हो गई। दोनों वहां से दुम दबाकर भागे। उन्होंने सारा हाल राजा शेर सिंह को बता दिया। शेर सिंह भी यह सुनकर चौंक पड़े। उन्होंने तुरंत सेनापति हेवी हाथी को बुलाया। उसे साथ लेकर संदूक को देखने चल पड़े। जब यह बात जंगल के अन्य जानवरों को पता चली तो वे भी साथ हो लिए। थोड़ी ही देर में शेर सिंह, हेवी जिफर, सिप्पी, चीकू, बैडी सभी जानवर उस संदूक के पास पहुंच गए। उन सबने भी संदूक पर लटकती जटा को देखा।

“ये जरूर किसी राक्षस की जटा है। संदूक खुलते ही वह नींद से जाग जाएगा। हमे इस सन्दूक को फौरन जंगल से बाहर कर देना चाहिए।” जिफर हिनहिनाते हुए बोला।

“पहली बार जिफर ने सही बात की है। कहीं इस सर कटे राक्षस ने हमारे सरों का भी फुटबॉल बना दिया तो बड़ी आफत आ जायेगी।” चीकू ने कहा।

सभी जानवर अपनी- अपनी राय रख रहे थे। राजा शेर सिंह और हेवी सभी को बड़ी ध्यान से सुन रहे थे।

अचानक शेर ने दहाड़ मारी। चारों ओर सन्नाटा छा गया। शेरसिंह ने कहा, “हेवी तुम कुछ सुझाव दो।इस संदूक का क्या करना है।”

हेवी ने मुस्कुराते हुए सूंड उठाते हुए कहा, “महाराज अभी इस संदूक का दरवाजा खोल देता हूँ दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।”

“ठीक है। जल्दी करो।” शेरसिंह ने कहा।

हेवी ने जैसे ही संदूक का दरवाजा खोला तो सभी वहां से भागने लगे। लेकिन हेवी जोरजोर से हंसने लगा। उसने सूंड से एकएक कर संदूक में रखी चींजें बाहर निकाली। उसमें राक्षसों के मुखौटे, जटाएं, दाड़ी-बाल रखे हुए थे।

“महाराज लगता है। यह संदूक इंसानी बस्ती से यहां आया है। इसमें उनके द्वारा नाटक में प्रयोग किये जाने वाले मुखौटे हैं। कोई भूत या राक्षस नहीं है।”हेवी ने एक मुखौटा अपने माथे पर रखते हुए कहा।

यह देखकर शेर सिंह भी हंसने लगा। सभी जानवर वापस आ गए। सभी उन मुखौटों और जटाओं को अपने चेहरे पर लगाकर नाचने लगे। राजा शेरसिंह ने ऐलान किया इस बार  जंगल उत्सव में इन्हीं मुखौटों का प्रयोग कर के नाटक किया जाएगा। हेवी की सूझबूझ से संदूक का रहस्य खुल चुका था।

© इंजी. ललित शौर्य

साभार : श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

संपर्क – पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र ईमेल  – [email protected] मोबाइल – 9424079675

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments