हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संवाद # 137 ☆ लघुकथा – सलमा बनाम सोन चिरैया ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

डॉ. ऋचा शर्मा

(डॉ. ऋचा शर्मा जी को लघुकथा रचना की विधा विरासत में  अवश्य मिली है  किन्तु ,उन्होंने इस विधा को पल्लवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उनकी लघुकथाएं और उनके पात्र हमारे आस पास से ही लिए गए होते हैं , जिन्हें वे वास्तविकता के धरातल पर उतार देने की क्षमता रखती हैं। आप ई-अभिव्यक्ति में  प्रत्येक गुरुवार को उनकी उत्कृष्ट रचनाएँ पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है स्त्री विमर्श पर आधारित एक विचारणीय लघुकथा सलमा बनाम सोन चिरैया। डॉ ऋचा शर्मा जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – संवाद  # 137 ☆

☆ लघुकथा – सलमा बनाम सोन चिरैया ☆ डॉ. ऋचा शर्मा ☆

सलमा बहुत हँसती थी, इतना कि चेहरे पर हमेशा ऐसी खिलखिलाहट जो उसकी सूनी आँखों पर नजर ही ना पड़ने दे। गद्देदार सोफों, कीमती कालीन और महंगे पर्दों से सजा हुआ आलीशान घर।तीन मंजिला विशाल कोठी, फाईव स्टार होटल जैसे कमरे। हँसती हुई वह हर कमरा दिखा रही थी –‘ये बड़े बेटे साहिल का कमरा है, न्यूयार्क में है, गए हुए आठ साल हो गए, अब आना नहीं चाहता यहाँ।’ 

फिर खिल-खिल हँसी — ‘इसे तो पहचान गई होगी तुम —सादिक का गिटार, बचपन में तुम्हें कितने गाने सुनाता था इस पर, उसी का कमरा है यह, वह बेंगलुरु में है- कई महीने हो गए उसे यहाँ आए हुए। मैं ही गई थी उसके पास।’ वह आगे बढ़ी – ‘यह गेस्ट रूम है और यह  हमारा बेडरूम —-। ‘पति ?’ – — अरे तुम्हें तो पता ही है सुबह नौ बजे निकलकर रात में दस बजे ही वह घर लौटते हैं’ – वही हँसी, खिलखिलाहट, आँखें छिप गईं।

‘और यह कमरा मेरी प्यारी सोन चिरैया का’– सोने -सा चमकदार पिंजरा कमरे में बीचोंबीच लटक रहा था, जगह – जगह छोटे झूले लगे थे | सोन चिरैया इधर-उधर उड़ती, झूलती, दाने चुगती और पिंजरे में जा बैठती। 

सलमा बोली – ‘दो थीं एक मर गई। कमरे का दरवाजा खुला हो तब भी वह उड़कर बाहर नहीं जाती।यह अकेली कब तक जिएगी पता नहीं ?’

इस बार उसकी आँखें बोली  थीं।

© डॉ. ऋचा शर्मा

प्रोफेसर एवं अध्यक्ष – हिंदी विभाग, अहमदनगर कॉलेज, अहमदनगर. – 414001

संपर्क – 122/1 अ, सुखकर्ता कॉलोनी, (रेलवे ब्रिज के पास) कायनेटिक चौक, अहमदनगर (महा.) – 414005

e-mail – [email protected]  मोबाईल – 09370288414.

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ आलेख # 186 ☆ मधुर वचन कहि कहि परितोषी… ☆ श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ ☆

श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

(ई-अभिव्यक्ति में संस्कारधानी की सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’ जी द्वारा “व्यंग्य से सीखें और सिखाएं” शीर्षक से साप्ताहिक स्तम्भ प्रारम्भ करने के लिए हार्दिक आभार। आप अविचल प्रभा मासिक ई पत्रिका की  प्रधान सम्पादक हैं। कई साहित्यिक संस्थाओं के महत्वपूर्ण पदों पर सुशोभित हैं तथा कई पुरस्कारों/अलंकरणों से पुरस्कृत/अलंकृत हैं। आपके साप्ताहिक स्तम्भ – व्यंग्य से सीखें और सिखाएं  में आज प्रस्तुत है एक विचारणीय रचना मधुर वचन कहि कहि परितोषी। इस सार्थक रचना के लिए श्रीमती छाया सक्सेना जी की लेखनी को सादर नमन। आप प्रत्येक गुरुवार को श्रीमती छाया सक्सेना जी की रचना को आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ  – आलेख  # 186 ☆ मधुर वचन कहि कहि परितोषी

किसी ने कुछ कह दिया और आप उस बात को पकड़ कर बैठ गए। ऐसे तो जीवन वहीं रुक जाएगा। जो होता है अच्छे के लिए होता है, सकारात्मक चिंतन करते हुए स्वयं पर कार्य करें। अपने आप को यथार्थ के  साथ आगे बढ़ाइए, जो मेहनत करेगा वो  विजेता बनकर शिखर पर स्थापित होगा। ये बात अलग है कि कुछ भी स्थायी नहीं होता सो लगातार मेहनत करते रहें।

भारतीय संस्कृति में श्रद्धा और विश्वास का महत्वपूर्ण योगदान है। धरती को माँ के समान पूजते हैं तो वहीं जीवन दायनी  नदियों को  अमृततुल्य माँ सम आदर देते हैं।यहाँ तक कि अपने देश को भी हम भारत माता कह कर संबोधित करते हैं। हिंदी को भारत माँ के माथे की बिंदी, ऊर्दू को हिंदी की बहन  ये सब भावनात्मक रूप से सुसंस्कृत होने का परिचायक है।

एकमेव परमब्रह्म द्वितीयम नास्ति

ये हमारी श्रद्धा और विश्वास का ही परिणाम है कि हम प्रकृति के कण- कण में भगवान के दर्शन करते हैं।

जितने भी  असंभव कार्य हुए हैं वे सब  विश्वास के बल पर संभव हुए हैं स्वयं पर विजय पाना कोई आसान नहीं होता आप दृढ़ इच्छाशक्ति रखकर सब कुछ बड़ी सहजता से पा सकते हैं।

 श्रद्धा अरु विश्वास का,  सदा  सुखद संयोग।

शरण गुरू की  आइये, करें ध्यानमय योग।।

©  श्रीमती छाया सक्सेना ‘प्रभु’

माँ नर्मदे नगर, म.न. -12, फेज- 1, बिलहरी, जबलपुर ( म. प्र.) 482020

मो. 7024285788, [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – अनभिव्यक्त ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं।)

? संजय दृष्टि – अनभिव्यक्त ? ?

अंतहीन विवाद,

भीषण कलह,

एक-दूसरे के लिए आज से

मर चुका होने की घोषणा,

फिर भी जाने क्या था कि

खिड़की के कोने पर खड़ा वह,

भाई को तब तक देखता रहा

जब तक सुरक्षित रूप से

पार नहीं कर ली उसने सड़क

और ओझल नहीं हो गया आँखों से..,

 

आपसी सहमति से हुए

उनके संबंध विच्छेद पर

अब तो अदालती मोहर भी लग चुकी,

फिर भी जाने क्या है कि

हर रोज़ वह बनाती है अपने साथ

उसके भी नाम की रोटियाँ

और सुबह आँसुओं के नमक से

लगा-लगा कर खाती है

रो़ज़ाना उसे कोसते हुए..,

 

संपत्ति बीच में क्या आई

शत्रु हो गई अपनी ही जायी,

एक खुद का, दो बेटों का

और एक बेटी का हिस्सा करके भी

गुज़रने से पहले

माँ अपना हिस्सा भी कर गई

अबोला किए नाराज़ बेटी के नाम..,

 

‘लव यू मॉम’…

‘फॉर ईच अदर, फॉरएवर’…

‘ग्रेटेस्ट ब्रो!’…

सेलेब्रेशन, विशिष्ट संबोधन

और फिर पढ़ता हूँ सुर्खियाँ-

भाई का भाई द्वारा खून,

पति निकला पत्नी का हत्यारा,

बूढ़ी माँ को बेटी

ने दिया घर निकाला..,

सोचता हूँ

जो अभिव्यक्त नहीं होता था,

संभवत: अधिक परिपक्व

अधिक सशक्त होता था!

© संजय भारद्वाज  

(प्रात: 6:30 बजे, 2 जुलाई 2016)

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय संपादक– हम लोग पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆   ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

💥 🕉️ श्रीमद्वाल्मीकीय रामायण का 51 दिन का प्रदीर्घ पारायण पूरा करने हेतु आप सबका अभिनंदन। 🕉️

💥 साधको! कल महाशिवरात्रि है। कल शुक्रवार दि. 8 मार्च से आरंभ होनेवाली 15 दिवसीय यह साधना शुक्रवार 22 मार्च तक चलेगी। इस साधना में ॐ नमः शिवाय का मालाजप होगा। साथ ही गोस्वामी तुलसीदास रचित रुद्राष्टकम् का पाठ भी करेंगे।💥

नुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # 309 ⇒ आए गए का घर… ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “आए गए का घर।)

?अभी अभी # 309 ⇒ आए गए का घर? श्री प्रदीप शर्मा  ?

किसी भी घर की रौनक ही इसी में है, कि वहां मिलने जुलने वाले और रिश्तेदारों का आना जाना बना रहे। किसी घर की घंटी बजना, अथवा घर के सामने जूते चप्पलों का ढेर यह दर्शाता है कि इस घर में काफी चहल पहल है।

वैसे भी घर में खामोशी किसे पसंद है, दीवारें तक कान लगाए सुनती रहती हैं, जिस घर में हमेशा महफिल जमी रहती है।

ऐसे घर को हमारी मां, आए गए का घर कहती थी। जब तक हमारे घर में मां और पिताजी मौजूद रहे, ना तो घर कभी खाली अथवा खामोश रहा और ना ही घर में कभी ताला लगा।।

तब कहां घरों में फोन अथवा मोबाइल थे। कभी कभी तो चिट्ठी के आने के पहले ही मेहमान टपक पड़ते थे लेकिन अधिकतर अतिथि शब्द का मान रखते हुए समय और तारीख बताए बिना ही पधार जाते थे।

पिताजी रात को जब घर आते तो भोजन के वक्त, कोई ना कोई परिचित अवश्य उनके साथ होता। बहन स्कूल से घर आती, तो एक दो सहेलियों को साथ लेकर आती। तब ना तो इतनी मोहल्लों में दूरी थी और ना ही दिलों में। तब शायद सबको प्यास भी बहुत लगती थी, वॉटर बॉटल का तब शायद आविष्कार ही नहीं हुआ था।।

हर तरह की परिस्थिति से घर में तब मां को ही जूझना पड़ता था। अनाज, मसाले और दाल चावल का साल भर का संग्रह जरूरी होता था। मौसम के हिसाब से घरों में एक्सट्रा बिस्तर और रजाई गद्दों की भी व्यवस्था करनी पड़ती थी। टेंट हाउस की याद तो बस शादी ब्याह के वक्त ही आती थी। किराने और दूध का हिसाब महीने में एक बार करना पड़ता था।

इस तरह की सभी युद्ध स्तर की तैयारियों से सुसज्जित घर ही आए गए का घर कहलाता था। मेहमानों की पसंद का भी पूरा खयाल रखा जाता था। फूफा जी को चावल में घी और शक्कर प्रचुर मात्रा में लगता था और वे पूड़ी ही पसंद करते थे, रोटी नहीं।।

लेकिन यह सब कल की बात है। आज तो मेहमानों के लिए नाश्ता भी बाहर से ही आता है और भोजन भी बाहर होटल में ही किया जाता है। फोन और मोबाइल की सुविधा के बावजूद ना किसी को आने की फुर्सत है और ना ही किसी को बुलाने की।

परिवार छोटे होते जा रहे हैं, घर बड़े होते जा रहे हैं।

छोटे घर में तब कितने सदस्य समा जाते थे, आज आश्चर्य होता है। तब कहां किसी का अटैच बेडरूम और बाथरूम था। घर की महिलाएं अपने कपड़े ताक में रखती थी। आज घरों में सोफ़ा, अलमारी, अपनी अपनी वॉर्डरोब और मॉड्यूलर किचन है, बस खाने वाला कोई नहीं है।।

हंसी आती है, जब धर्मपत्नी पुराने बर्तनों और एक्सट्रा बिस्तरों को आज भी सहेजकर रखती है। वह कहती है, आप नहीं समझते, आए गए के घर में घर घृहस्थी का सभी सामान जरूरी होता है।

बड़ी भोली और घरेलू टाइप की गृहिणी है वह।

अनायास कोई मेहमान आता है तो उसकी बांछें खिल जाती हैं। घर में दावत हो जाती है। लेकिन ऐसे अवसर आजकल कम ही आते हैं। लगता है अपने परिचित कहीं बहुत दूर चले गए हैं, यह दूरी दिलों की है अथवा मजबूरी की, समझ नहीं पाते। कोई आए, जाए, कितना अच्छा लगता है।।

होते हैं कुछ ऐसे खामोश घर, जहां कोई ज्यादा आता जाता नहीं। किसी आहट पर उम्मीद सी बंधती है लेकिन फिर खयाल आता है ;

कौन आएगा यहाँ कोई न आया होगा।

मेरा दरवाजा हवाओं ने हिलाया होगा।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ विवेक साहित्य # 266 ☆ कविता – लंदन से 2 – बदलते कहां हैं अब कैलेंडर ☆ श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक साहित्य ”  में हम श्री विवेक जी की चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं। श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल  (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी , जबलपुर ) से सेवानिवृत्त हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। आपको वैचारिक व सामाजिक लेखन हेतु अनेक पुरस्कारो से सम्मानित किया जा चुका है।आज प्रस्तुत है आपका एक विचारणीय कविता लंदन से 2 – बदलते कहां हैं अब कैलेंडर

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक सहित्य # 266 ☆

? कविता लंदन से 2 – बदलते कहां हैं अब कैलेंडर ?

मोबाईल इस कदर समा गया है जिंदगी में

कैलेंडर कागज के

बदलते कहां हैं अब

 

साल , दिन ,महीने , तारीखें,  समय सब कैद हैं टच स्क्रीन में

वैसे भी

अंतर क्या होता है

आखिरी तारीख में बीतते साल की 

और पहले दिन में नए साल के ,

जिंदगी तो वैसी ही दुश्वार बनी रहती है ।

 

 हां दुनियां भर में

जश्न , रोशनी , आतिशबाजी

जरूर होती है

रस्म अदायगी की साल के स्वागत में

 

टूटने को नए संकल्प लिए जाते हैं

गिफ्ट का आदान प्रदान होता है ,

ली दी जाती है डायरी बेवजह

 लिखता भला कौन है अब डायरी

सब कुछ तो मोबाइल के नोटपैड में सिमट गया है ।

 

जब हम मोबाइल हो ही गए हैं, तो आओ टच करें

हौले से मन

अपने बिसर रहे कांटेक्ट्स

और अपडेट करें एक हंसती सेल्फी अपने स्टेटस पर

हर

सूर्योदय के साथ

जहां जागें,

सोएं वहां से कुछ आगे बढ़कर

* * * *

© विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

म प्र साहित्य अकादमी से सम्मानित वरिष्ठ व्यंग्यकार

लंदन से 

संपर्क – ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी भोपाल 462023

मोब 7000375798

ईमेल [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ दिन-रात #38 ☆ कविता – “महामाया…” ☆ श्री आशिष मुळे ☆

श्री आशिष मुळे

☆ साप्ताहिक स्तम्भ ☆ दिन-रात # 38 ☆

☆ कविता ☆ “महामाया…☆ श्री आशिष मुळे ☆

क्या हो कैसी हो

कौन हो कहां हो

दिल से करीब

मगर हातों से

इतनी क्यों दूर हो

तुम बस एक सपना हो

 

जीत हो

शिकस्त हो

दिल का सुकून

या दिल जलाता

दर्द-ए-इश्क हो

तुम बस एक सपना हो

 

छोटीसी परी हो

परियों का नूर हो

हज़ार लफ्ज़ फेंकती

किसी मेहबूबा की

एक हसीन मुस्कान हो

तुम बस एक सपना हो

 

पानी में बसे आंसू हो

आंखों में बसा दर्या हो

दिल खौलता लावा

या उसी लावा से बनती

एक ऊंचीसी हस्ती हो

तुम बस एक सपना हो

 

पत्थरों में बसते लफ्ज़ हो

लफ़्ज़ों में छुपे पत्थर हो

अंधेरे मे रोशन

लफ़्ज़ों का अर्थ

या अर्थहीनता एक अर्थ हो

तुम बस एक सपना हो

 

भाव से खेलते नक्श हो

दिल से खेलता भाव हो

भाव का अभाव भी

अभाव का भाव भी

और भाव का भाव भी हो

तुम बस एक सपना हो

 

रंगो में भीगती होली हो

रंगों ने जलाई होली हो

हर एक रंग का भी

बेरंग का भी

एक रंगीन नजारा हो

तुम बस एक सपना हो

 

दिल में बसी ‘वोह‘ हो

जानवर मुझे बनाती हो

कभी बस एक स्त्री

कभी बस एक मां हो

इंसान जो मुझे बनाती हो

तुम एक महामाया हो

© श्री आशिष मुळे

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य #162 – आलेख- लिपि की कहानी ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ ☆

श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं। आज प्रस्तुत है आपका एक ज्ञानवर्धक आलेख – “लिपि की कहानी)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 162 ☆

☆ आलेख – लिपि की कहानी  ☆ श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’  

मुनिया की सुबह तबीयत खराब हो गई। उसने एक प्रार्थनापत्र लिखा। अपनी सहेली के साथ स्कूल भेज दिया। प्रार्थनापत्र में उसने जो लिखा था, उसकी अध्यापिका ने उस प्रार्थनापत्र को उसी रूप में समझ लिया। और मुनिया को स्कूल से छुट्टी मिल गई।

क्या आप बता सकते है कि मुनिया ने प्रार्थनापत्र किस लिपि में लिख कर पहुंचाया था। नहीं जानते हो ? उसने प्रार्थनापत्र देवनागरी लिपि में लिख कर भेजा था।

देवनागरी लिपि उसे कहते हैं, जिसे आप इस वक्त यहाँ पढ़ रहे है। इसी तरह अंग्रेजी अक्षरों के संकेतों के समूहों से मिल कर बने शब्दों को रोमन लिपि कहते हैं।

इस पर राजू ने जानना चाहा, “क्या शुरु से ही इस तरह की लिपियां प्रचलित थीं?” 

तब उस की मम्मी ने बताया कि शुरु शुरु में ज्ञान की बातें एक दूसरे को सुना कर बताई जाती थीं। गुरुकुल में गुरु शिष्य को ज्ञान की बातें कंठस्थ करा दिया करते थे। इस तरह अनुभव और ज्ञान की बातें पीढ़ी-दर-पीढ़ी जाती थीं।

मनुष्य निरंतर, विकास करता गया। इसी के साथ उस का अनुभव बढ़ता गया। तब ढेरों ज्ञान की बातें और अनुभव को सुरक्षित रखने की आवश्यकता महसूस हुई।

इसी आवश्यकता ने मनुष्य को प्रत्येक वस्तु के संकेत बनाने के लिए प्रेरित किया। तब प्रत्येक वस्तु को इंगित करने के लिए उस के संकेताक्षर या चिन्ह बनाए गए। इस तरह चित्रसंकेतों की लिपि का आविष्कार हुआ। इस लिपि को चित्रलिपि कहा गया।

आज भी विश्व में इस लिपि पर आधारित अनेक भाषाएं प्रचलित हैं। जापान और चीन की लिपि इसका प्रमुख उदाहरण है। शब्दाचित्रों पर आधारित ये लिपियों इसका श्रेष्ठ नमूना भी है।

चित्रलिपि का आशय यह है कि अपने विचारों को चित्र बना कर अभिव्यक्त किया जाए। मगर यह लिपि अपना कार्य सरल ढंग में नहीं कर पायी। क्यों कि एक तो यह लिपि सीखना कठिन था। दूसरा, इसे लिखने में बहुत मेहनत करनी पड़ती थी। तीसरा, लिखने वाला जो बात कहना चाहता था, वह चित्रलिपि द्वारा वैसी की वैसी व्यक्त नहीं हो पाती थी। चौथा, प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह आकर्षण का केंद्र नहीं थी। और यह दुरुह थी।

तब कुछ समय बाद प्रत्येक ध्वनियों के लिए एक एक शब्द संकेत बनाए गए। जिन्हें हम वर्णमाला में पढ़ते हैं। मसलन- क, ख, ग आदि। इन्हीं अक्षरों और मात्राओं के मेल से संकेत-चिन्ह बनने लगे। जो आज तक परिष्कृत हो रहे हैं।

हरेक वस्तु के लिए एक संकेत चिन्ह बनाए गए। विशेष संकेत चिन्ह विशेष चीजों के नाम बताते हैं। इस तरह प्रत्येक वस्तु के लिए एक शब्द संकेत तय किया गया। तब लिपि का आविष्कार हुआ।

इस तरह सब से पहले जो लिपि बनी, उसे ब्राह्मी लिपि के नाम से जाना जाता है। बाद में अन्य लिपियां इसी लिपि से विकसित होती गई।

ऐसे ही धीरे धीरे विकसित होते हुए आधुनिक लिपि बनी। जिसमें अनेक विशेषताएं हैं। प्रमुख विशेषता यह है कि इसे जैसा बोला जाता है, वैसा ही लिखा भी जाता है। अर्थात् यह हमारे विचारों को वैसा ही व्यक्त करती है।

इनमें से बहुत सी लिपियों से हम परिचित हैं । ब्रिटेन में अंग्रेजी भाषा बोली जाती है। इस भाषा को रोमन लिपि में लिखते हैं। पंजाबी भाषा, गुरुमुखी लिपि में लिखी जाती है। इसी तरह तमिल, तेलगु, कन्नड़ तथा मलयालम आदि ब्राह्मी लिपि में लिखी जाती हैं।

इसके अलावा भी विश्व में अनेक लिपियां प्रचलित है।

अब यह भी जान लें कि विश्व की सबसे प्राचीन लिपियां निम्न हैं- ब्राह्मी, शारदा आदि।

इसके अलावा भी विश्व में अनेक लिपियाँ प्रचलित हैं।

 –0000–

 © ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

27-06-2022

संपर्क – पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – [email protected] मोबाइल – 9424079675

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ समय चक्र # 196 ☆ बाल गीत – सुखद चाँदनी चंदा जी की ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ ☆

डॉ राकेश ‘ चक्र

(हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी  की अब तक कुल 148 मौलिक  कृतियाँ प्रकाशित। प्रमुख  मौलिक कृतियाँ 132 (बाल साहित्य व प्रौढ़ साहित्य) तथा लगभग तीन दर्जन साझा – संग्रह प्रकाशित। कई पुस्तकें प्रकाशनाधीन। जिनमें 7 दर्जन के आसपास बाल साहित्य की पुस्तकें हैं। कई कृतियां पंजाबी, उड़िया, तेलुगु, अंग्रेजी आदि भाषाओँ में अनूदित । कई सम्मान/पुरस्कारों  से  सम्मानित/अलंकृत। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा बाल साहित्य के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य श्री सम्मान’ और उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी संस्थान द्वारा बाल साहित्य की दीर्घकालीन सेवाओं के लिए दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान ‘बाल साहित्य भारती’ सम्मान, अमृत लाल नागर सम्मान, बाबू श्याम सुंदर दास सम्मान तथा उत्तर प्रदेश राज्यकर्मचारी संस्थान  के सर्वोच्च सम्मान सुमित्रानंदन पंत, उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान सहित पाँच दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं गैर साहित्यिक संस्थाओं से सम्मानित एवं पुरुस्कृत। 

 आदरणीय डॉ राकेश चक्र जी के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए कृपया इस लिंक पर क्लिक करें 👉 संक्षिप्त परिचय – डॉ. राकेश ‘चक्र’ जी।

आप  “साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र” के माध्यम से  उनका साहित्य आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – समय चक्र – # 196 ☆

बाल गीत – सुखद चाँदनी चंदा जी की ☆ डॉ राकेश ‘चक्र’ 

सुखद चाँदनी चंदा जी ने नभ , थल में फैलाई।

वासंती ऋतु ने भी आकर अपनी प्रीति बढ़ाई।।

 *

भोर हुई मौन तारों की टिमटिम – टिमटिम।

ऐसा लगता रहा पूर्णिमा रिमझिम – रिमझिम।।

 *

योग कर रहे साथ – साथ हम समय लगा सुखदाई।

सुखद चाँदनी चंदा जी ने नभ , थल में फैलाई।।

 *

सम्मोहित कर चंदा जी को खूब निहारा।

चंदा मुस्काए प्रीतम प्रेम लुटाया सारा।।

 *

हुए उमंगित , आनंदित हम नई चेतना आई।

सुखद चाँदनी चंदा जी ने नभ , थल में फैलाई।।

 *

समय , परिस्थिति देख बढ़ें हम जीवन पथ पर।

आएँ सूरज देव बैठ घोड़ों के  रथ पर।।

 *

जागो सोने वालो शीतल हवा बुलाए हमको भाई।

सुखद चाँदनी चंदा जी ने नभ , थल में फैलाई।।

 *

बच्चो जागो और न सोओ मौसम अतिशय प्यारा।

मौन शांति में हमको मिलता जीवन का रस सारा।।

 *

जो जगता है भोर प्रभा में सेहत बने मलाई।

सुखद चाँदनी चंदा जी ने नभ , थल में फैलाई।।

 

© डॉ राकेश चक्र

(एमडी,एक्यूप्रेशर एवं योग विशेषज्ञ)

90 बी, शिवपुरी, मुरादाबाद 244001 उ.प्र.  मो.  9456201857

[email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – कवितेचा उत्सव ☆ “अलिप्त…” ☆ सौ विजया कैलास हिरेमठ ☆

सौ विजया कैलास हिरेमठ

? कवितेचा उत्सव ?

☆ “अलिप्त…” ☆ सौ विजया कैलास हिरेमठ 

जगाच्याही पलीकडे जावून पहावं

अलिप्त इतकं कधीतरी रहावं

आपलं आपलं म्हणून जवळ केलेलं सारं

काही काळ दूर लोटून जगावं ….

 

फक्त ” मी” च असतो खरा

तरीही मीपणा नाही बरा

त्या “मी” लाच वेळ द्या जरा

आवरून घ्या माझेपणाचा पसारा ….

 

जग…. खरे ?खोटे?

राहू दे सारे आपल्यापुरते

जगापुढे सिद्ध करण्याची गरज ना उरते

जेव्हा आपली आपल्याला किंमत कळते….

 

जगाचा चष्मा खूप खूप मोठा

त्यातून दिसतो आपण कण छोटा

चष्म्यातून त्या पाहता पाहता

जीव थकून जातो इवला इवला….

 

आपल्याच चष्म्यातून जग पाहू थोडे

काय आणि कसे घडते इकडे

इवल्याशा नजरेतून पाहू जग विशाल

स्वतः सोबत जगता येईल मग आनंदी खुशाल….

💞शब्दकळी विजया💞

©  सौ विजया कैलास हिरेमठ

पत्ता – संवादिनी ,सांगली

मोबा. – 95117 62351

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – विविधा ☆ सावधान ! शांतता कोर्टात गेली आहे. ..! ☆ श्री विश्वास विष्णु देशपांडे ☆

श्री विश्वास विष्णु देशपांडे

? विविधा ?

☆ सावधान ! शांतता कोर्टात गेली आहे. ..! ☆ श्री विश्वास विष्णु देशपांडे  

‘पहाटेच्या रम्य आणि शांत वेळी…’ अशा प्रकारची वाक्ये आता बहुधा कथा कादंबऱ्यातूनच वाचायला मिळतील की काय अशी परिस्थिती सध्या निर्माण झालेली दिसते. पहाट किंवा सकाळ ही शांत आणि रम्य राहिल्याचे चित्र आता अभावानेच आढळते. निरनिराळ्या आवाजांनी पहाटेची ही रम्य आणि शांत वेळ प्रदूषित केली आहे. सकाळी पाच वाजल्यापासून वाहनांचे आवाज सुरु होतात. काही वाहने लवकर सुरु न झाल्याने त्यांचे मालक अक्सिलेटर वाढवून ती बराच वेळ सुरु ठेवतात. जवळपास असलेल्या काही मंदिर आणि मशिदीवरील भोंगे आरती, प्रार्थना आणि अजान आदी सुरु होतात. तुम्हाला ते  ऐकण्याशिवाय काही चॉईस नसतो. पहाटेची शांत वेळ ध्यान करण्यासाठी, अभ्यास करण्यासाठी उत्तम असते असे म्हणतात. आता अशा या गोंगाटात ध्यान आणि अभ्यास कसा करणार ? सहा साडेसहा वाजेनंतर शाळेत जाणाऱ्या मुलांच्या रिक्षा आणि बसचे कर्कश हॉर्न सुरु होतात. मुलांनी तयार राहावे म्हणून ते लांबूनच हॉर्न वाजवत येतात. बऱ्याच वेळा मुलं शाळेसाठी तयार होऊन उभीच असतात, पण यांची हॉर्न वाजवण्याची सवय जात नाही. त्यावर काही टॅक्स नाही आणि त्यांना बोलणारं कोणी नाही. कोणी बोललंच तर तो वाईट ठरतो. मुलं शाळेत गेल्यावर कुठं हुश्श करत बसावं तोवर भाजीवाले, फळवाले, भंगारवाले तयार होऊन येतात. त्यांचेही आवाज तुम्हाला ऐकावेच लागतात. आता तर त्यांनी आपल्या गाड्यांवर आवाज रेकॉर्ड केलेले स्पिकर्स लावले आहेत. त्यामुळे त्यांचा ओरडण्याचा ताण कमी झाला पण जनतेला मात्र ते स्पीकर्सचे आवाज सहन करण्यापलीकडे पर्याय नाही. त्यानंतर नगरपालिकेची घंटा/कचरा गाडी येते. तिच्यावर लावलेल्या स्पीकर्समधून विविध प्रकारच्या गाणीवजा सूचना तुम्हाला ऐकाव्याच लागतात. हे सगळे कमी की काय म्हणून कुणीतरी शेजारी जोरात टीव्ही किंवा रेडिओ लावलेला असतो. काही मंडळी मोबाईलवर गाणी वाजवीत जात असतात. त्याशिवाय रात्रीची झोप आणि पहाटेची शांतता भंग करणारे बेवारशी कुत्र्यांचे आवाज आहेतच. आपण म्हणतो सकाळची रम्य आणि शांत वेळ ! पूर्वी कधी तरी नक्कीच पहाट रम्य आणि शांत असावी त्याशिवाय आमच्या ऋषीमुनींना आणि साहित्यिकांना इतक्या सुंदर सुंदर साहित्यरचना कशा सुचल्या असत्या !

परवाच्या दिवशी एका स्वागतसमारंभाला जाण्याचा योग आला. बरेचसे  नातेवाईक त्या दिवशी एकमेकांना बऱ्याच दिवसांनी भेटत होते. खूप दिवसांनी भेटी होत असल्याने बोलण्यासारख्या बऱ्याच गोष्टी होत्या. पण ज्यांनी तो कार्यक्रम आयोजित केला होता, त्यांनी त्याच वेळेला एक गाण्यांचा कार्यक्रमही ठेवला होता. एकाच हॉलमध्ये स्टेजवर वधुवर, त्याच ठिकाणी जेवणाची व्यवस्था आणि  तिथेच गाणी. गाण्यांचा ऑर्केस्ट्रा ठेवण्याचा आयोजकांचा उद्देश चांगला असेलही, पण तिथे खूप दिवसांनी भेटलेल्या आप्तेष्टाना एकमेकांशी संवाद साधणे देखील कठीण होत होते एवढा गाण्यांचा आवाज मोठा होता. गाणी ऐकण्याच्या मनस्थितीत फारसं कोणी दिसत नव्हतंच. कोणाशी बोलायचं झाल्यास अगदी दुसऱ्याच्या कानाजवळ तोंड नेऊन बोलावं लागत होतं. उपस्थितांनी तशाच वातावरणात जेवणाचा आस्वाद घेतला. वधूवरांना शुभाशीर्वाद दिले. त्या कर्कश आवाजातील गाण्यांऐवजी जर मंजुळ आणि हळू आवाजातील सनईचे सूर असते, तर सगळ्यांनाच किती छान वाटलं असतं !

माझ्या घराशेजारीच एक लग्न होते. लग्नाच्या आधीच्या दिवशी संध्याकाळी हळदीचा कार्यक्रम होता. घरापुढेच मंडप टाकण्यात आला होता. सायंकाळी पाच वाजेपासून कार्यक्रमस्थळी डीजेला सुरुवात झाली. हळदीचा कार्यक्रम पार पडेपर्यंत डीजे सुरु होता. हळदीचा कार्यक्रम पार पडल्यावर डीजे थांबला. मला हायसे वाटले. पण माझा तो आनंद थोडाच वेळ टिकला. जेवणानंतर पुन्हा डीजे सुरु झाला. रात्री वाजेपर्यंत डीजेच्या आवाजात सगळ्यांचे नाचणे झाले. सार्वजनिक ठिकाणी रस्त्यावर मंडप, डीजे. आजूबाजूच्या कोणाला त्रास होत असेल याचा कोणताही विचार नाही. त्याऐवजी असे कार्यक्रम इतरांना त्रास होणार नाही अशा पद्धतीने आयोजित करता येणार नाहीत का ? पण आमचे सामाजिक भान सुटत चालले आहे. ‘ इतरांचा काय संबंध ? माझ्याकडे कार्यक्रम आहे ? कोणाला त्रास होत असेल तर मला काय त्याचे ? इतरांकडे कार्यक्रम असतो, तेव्हा ते करतात का असला विचार ? ‘ प्रत्येकजण असा सोयीस्कर स्वतःपुरता विचार करताना दिसतो.

पूर्वी फक्त दिवाळीतच फटाके फोडत असत. हल्ली प्रसंग कोणताही असो, फटाके फोडायचे हे ठरलेले असते. लग्न, मिरवणूक, वाढदिवस, पार्टी, क्रिकेटची मॅच, एखादा विजय किंवा यश साजरे करणे हे फटाके आणि डीजे लावल्याशिवाय होताना दिसत नाही. त्यातूनही बरेचसे बहाद्दर रात्री बारानंतर फटाके फोडून लोकांना त्रास देण्यात आनंद मानणारे आहेत. फक्त कोणी गेल्यानंतर अजून फटाके वाजवण्याची पद्धत सुरु झाली हे नशीब ! ( उगवतीचे रंग- विश्वास देशपांडे )

एक गमतीदार प्रसंग सांगतो. काही दिवसांपूर्वी एका सुप्रसिद्ध अशा धार्मिक स्थळी गेलो होतो. तिथे दर्शनासाठी निरनिराळ्या राज्यातून लोक आले होते. मंदिरात दर्शनाला जाताना रस्त्यातून एक मिरवणूक जात होती. कोणीतरी एक जवान सैन्यातून निवृत्त झालेला होता. त्याच्या स्वागताचे आणि अभिनंदनाचे पोस्टर्सही सगळीकडे लावले होते. एका उघड्या जीपमधून त्यांची मिरवणूक सुरु होती. त्या गाडीच्या पुढे कर्कश आवाजात डीजे लावलेला होता. त्यापुढे त्या मिरवणुकीत सामील झालेले बरेचसे स्त्रीपुरुष बेभान होऊन नाचत होते. आश्चर्याची गोष्ट म्हणजे जो जवान सैन्यातून निवृत्त झाला होता, तो आणि त्याची पत्नी त्या जीपवर त्या गाण्यांच्या तालावर वेडेवाकडे नाचत होते. कदाचित त्या सगळ्यांसाठी तो आनंदाचा आणि अभिमानाचा प्रसंग असेलही पण मंदिरासमोर असलेल्या छोटया रस्त्यावरून ही मिरवणूक जात असल्याने भाविकांची प्रचंड गैरसोय होत होती. त्याचे कोणालाच सोयरसुतक नव्हते. कोण बोलणार ? देशाच्या सीमांचे रक्षण करणाऱ्या सैनिकांबद्दल मला प्रचंड आदर आणि अभिमान आहे. देशात शांतता राहावी म्हणून सीमेवर हे सैनिक जीवाची बाजू लावून लढत असतात. पण  हे दृश्य पाहून मला खरोखरच वाईट वाटले.

प्रश्न असा पडतो की आपल्याला खरोखरच शांतता नकोशी झालीय का ? आम्ही गोंगाटप्रिय झालो आहोत का ? इंग्रजीत एक सुंदर वाक्य आहे ‘ Speech is silver, silence is gold. ‘ या वाक्याचा अर्थ असा की  व्यर्थ बोलण्यापेक्षा मौन श्रेष्ठ आहे. शांततेचे मोल करता येणार नाही. मानवासहित सर्वच सजीवांच्या निकोप आणि आरोग्यदायी जीवनासाठी शांतता अतिशय महत्वाची आहे. आम्ही आज शाळांमध्ये पर्यावरण हा विषय शिकवतो. त्यामध्ये हवा, ध्वनी, जल इ. प्रकारच्या प्रदूषणांबद्दल शिकतो, बोलतो. पण प्रत्यक्ष आचरणात ते किती आणतो ? ती नुसतीच पोपटपंची राहते. रात्री उशिरापर्यंत डीजे, फटाके वाजवू नयेत असे कायदे आहेत. पण जोपर्यंत त्यांची कडक अंमलबजावणी होत नाही, तोपर्यंत त्यांचा काही उपयोग नाही. अर्थात नुसते कायदे करूनही उपयोग होत नाही. त्यासाठी समाजजागृती व्हावी लागते. आपल्या अशा वागण्याने इतरांना त्रास होऊ शकतो, ही भावना ज्या दिवशी आमच्या मनात निर्माण होईल, तो सुदीन म्हणायचा. विजय तेंडुलकरांचे ‘ शांतता कोर्ट चालू आहे ‘ हे नाटक प्रचंड लोकप्रिय झाले होते. कोर्टात हवी असणारी शांतता आम्हाला प्रत्यक्ष जीवनातही हवी आहे. ती जर मिळणार नसेल तर एक दिवस शांतता सुद्धा रुसून कोर्टात गेल्याशिवाय राहणार नाही.

©️ श्री विश्वास विष्णु देशपांडे

चाळीसगाव.

 प्रतिक्रियेसाठी ९४०३७४९९३२

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ. उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares