श्रीमती  सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

(संस्कारधानी जबलपुर की श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’ जी की लघुकथाओं, कविता /गीत का अपना संसार है। साप्ताहिक स्तम्भ – श्रीमति सिद्धेश्वरी जी का साहित्य शृंखला में आज प्रस्तुत है आपकी एक स्त्री विमर्श पर आधारित भावपूर्ण लघुकथा “अंतिम इच्छा ”।) 

☆ श्रीमति सिद्धेश्वरी जी  का साहित्य # 141 ☆

 🔥लघु कथा – 🌿 अंतिम इच्छा 🌿

अचानक फोन की घंटी बजी। विराज ने फोन उठाया, समझ नहीं आया क्या करें? जो परछाई से भी घृणा करतें हैं आज फोन पर बात।

मन ही मन वह सोच और परेशानी से भर उठा। उसकी अपनी सोनमती चाची। जो कभी भी अपने परिवार को ज्यादा महत्व नहीं देती थी। जो कुछ समझती अपने पति और उसकी अपनी अकेली बिटिया। जेठ जेठानी और उनकी संतान को तलवार की नोक पर रखा करती थी। समय पर परिवार बढ़ा ।

बिटिया विवाह होकर अपने ससुराल चली गई। घर दो टुकड़ों में बंट गया। बेटा विराज अपने चाचा चाची को बहुत प्यार करता था उसका भी अपना परिवार बढ़ा । विराज कहता… “हमारे सिवा उनका कौन है?”

बस इसी बात का फायदा सोनमती उठाती थी। घर से कहीं दूर अलग घर बनवाया था और चाचा चाची बेटी दामाद के साथ रहने लगे।

एक दिन अचानक चाची की तबीयत खराब हो गई। अस्पताल में भर्ती कराया गया। अपने दामाद को पास बुलाकर बोली…” मैं जानती हूं मेरे बचने की उम्मीद नहीं है। परंतु मेरे बुलाने पर विराज को आने नहीं देंगे। यदि मैं नहीं बच सकी तो मेरी अंतिम इच्छा समझना और मेरा क्रिया कर्म मेरे बेटे विराज को ही करने देना।”

दामाद जी उनकी बात को सुनकर दंग रह गये क्योंकि उसको भी पता था कि विराज को कभी भी चाची पसंद नहीं करती थी।

सोनमती चाची अपना शरीर छोड़ चली। दामाद को ढूंढा जा रहा था। फोन मोबाइल सब बंद बता रहा था। गांव का मामला था। मिट्टी ज्यादा देर रखने भी नहीं दिया जा रहा था।

परंतु ये क्या? विराज घर आया और अपनी बहन और चाचा से लिपट कर एक दूसरे को सांत्वना दे रहे थे।

चाचा ने बड़ी हिम्मत से कहा… “दामाद जी का फोन नहीं लग रहा है और आसपास कहीं पता भी नहीं चल रहा है। शायद कहीं बाहर चले गए हैं। उन्हें किसी ने आसपास देखा भी नहीं है। ऐसा करो अंतिम संस्कार विराज ही कर दे।”

सभी ने सहमति जताया। आखिर बेटा ही तो है समझा लेगें।

मन में दुविधा बनी हुई थी कि शायद आएंगे तो कहेंगे.. सवाल जवाब होगा और लड़ाई झगड़े वाली बात होगी। जल्दी जल्दी क्रिया क्रम संपन्न हुआ।

विराज ने देखा कि दमाद आ गए हैं। डबडबाई आंखों से प्रणाम करते हुए कहा… “मुझे बेटे का फर्ज निभाने के लिए प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद।”

दामाद का शांतभाव, मोबाइल बंद और आसपास ढूंढने से भी पता नहीं लगना और विराज का आना, शायद यह बात चाचा जी समझ गए।

उन्होंने कहा सोनमती ने अपनी अंतिम इच्छा से जाते जाते परिवार को कंचन कर गई।

बहन ने अश्रुं पूरित नयनों से मधुर आवाज लगाई भैया खाना बन गया है। खाकर जाना।

© श्रीमति सिद्धेश्वरी सराफ ‘शीलू’

जबलपुर, मध्य प्रदेश

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments