ज्योतिषाचार्य पं अनिल कुमार पाण्डेय

विज्ञान की अन्य विधाओं में भारतीय ज्योतिष शास्त्र का अपना विशेष स्थान है। हम अक्सर शुभ कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त, शुभ विवाह के लिए सर्वोत्तम कुंडली मिलान आदि करते हैं। साथ ही हम इसकी स्वीकार्यता सुहृदय पाठकों के विवेक पर छोड़ते हैं। हमें प्रसन्नता है कि ज्योतिषाचार्य पं अनिल पाण्डेय जी ने ई-अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों के विशेष अनुरोध पर साप्ताहिक राशिफल प्रत्येक शनिवार को साझा करना स्वीकार किया है। इसके लिए हम सभी आपके हृदयतल से आभारी हैं। साथ ही हम अपने पाठकों से भी जानना चाहेंगे कि इस स्तम्भ के बारे में उनकी क्या राय है ? 

☆ ज्योतिष साहित्य ☆ साप्ताहिक राशिफल (9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2023) ☆ ज्योतिषाचार्य पं अनिल कुमार पाण्डेय ☆

इन दिनों मैं आप सभी से साप्ताहिक राशिफल के दौरान हनुमान चालीसा के बारे में भी कुछ चर्चा किया करता हूं। आज हम हनुमान चालीसा के अंतिम दोहे की चर्चा करेंगे तथा अब इसके बाद अगले बार के साप्ताहिक राशिफल से कोई दूसरा विषय लिया जाएगा। हनुमान चालीसा का आज का दोहा है:-

पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।

राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सुर भूप॥

भावार्थ:- यह हनुमान चालीसा का अंतिम दोहा है। इसमें गोस्वामी तुलसीदास जी एक बार फिर हनुमान जी से अपनी मांग दोहरा रहे। इसके पहले उन्होंने हनुमान जी से प्रार्थना की थी कि श्रीराम चंद्र जी उनके हृदय में आ कर रहे। परंतु इस बार वह कह रहे हैं देवताओं के राजा आप श्री रामचंद्र जी माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ मेरे हृदय में आकर निवास करें। इस दोहे में तुलसीदास जी ने हनुमान जी को सभी का मंगल करने वाला, पवन पुत्र तथा सभी प्रकार के संकट दूर करने वाला भी बताया है।

इस दोहे को बार-बार पढ़ने से होने वाला लाभ:-

हनुमान चालीसा का यह दोहा जीवन मे मंगलदायक है और सभी संकटों से मुक्ति दिलाता है।

आइये अब हम 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2023 अर्थात विक्रम संवत 2080 शक संवत 1945 के अश्विनी मास के कृष्ण पक्ष की दशमी से अश्वनी मास के शुक्ल पक्ष की परिवा तक के सप्ताह के साप्ताहिक राशिफल की चर्चा करेंगे।

इस सप्ताह के अंत में अर्थात 15 अक्टूबर से नवरात्रि प्रारंभ हो रही है। मेरी देवी मां से प्रार्थना है कि वे आप सभी को स्वस्थ सुखी और संपन्न रखें।

इस सप्ताह के प्रारंभ में चंद्रमा कर्क राशि में रहेगा। 10 अक्टूबर को 6:59 प्रातः से सिंह राशि में प्रवेश करेगा। इसी प्रकार 12 अक्टूबर को 6:46 सायंकाल से कन्या राशि का हो जाएगा। 14 तारीख को 5:25 रात अंत से यह तुला राशि में गोचर करेगा।

इस पूरे सप्ताह सूर्य और बुध कन्या राशि में रहेंगे। पूरे सप्ताह मंगल तुला राशि में और शुक्र सिंह राशि में गोचर करेंगे। इस पूरे सप्ताह गुरु मेष राशि में वक्री रूप से, शनि कुंभ राशि में बक्री रूप से तथा राहु मेष राशि में वक्री रूप से गमन करेंगे। अब हम राशि वार राशिफल की चर्चा करते हैं।

मेष राशि

इस सप्ताह आपकी कुंडली के लग्न में तीन वक्री ग्रहों का असर आ रहा है। जिनके कारण आपके स्वास्थ्य में विशेष परिवर्तन हो सकता है। इस सप्ताह आपको अपने शत्रुओं पर विजय मिल सकती है। आपको अपनी संतान से कोई सहयोग प्राप्त नहीं होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में बाधाएं आ सकती हैं। धन आने में रुकावट होगी। इस सप्ताह आपके लिए 9 तथा 15 अक्टूबर उत्तम और लाभप्रद हैं। 13 और 14 अक्टूबर को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप मंगलवार का व्रत करें और मंगलवार को ही हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

वृष राशि

इस सप्ताह आपके खर्चे में कमी आएगी। कार्यालय में आपका प्रभाव में भी कमी आ सकती है। आपके शत्रुओं का अंत हो सकता है। परीक्षा में आपको सफलता प्राप्त होगी। व्यापार में उन्नति होगी। इस सप्ताह आपके पास धन आने का अच्छा योग है। आपके संतान की उन्नति हो सकती है। समाज में आपकी प्रतिष्ठा में थोड़ी कमी आ सकती है। पिताजी के स्वास्थ्य में परेशानी हो सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 10, 11 और 12 अक्टूबर अनुकूल हैं। कार्यों को करने के लिए उपयुक्त हैं। 15 अक्टूबर को आपको सचेत रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गायत्री मंत्र की एक माला का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मिथुन राशि

इस सप्ताह समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी। सुख के साधनों की वृद्धि होगी। माता जी और पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कार्यालय में आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। भाग्य से थोड़ी कम मदद मिलेगी। संतान भी आपकी कोई विशेष मदद नहीं करेंगे। भाई बहनों के साथ संबंध में तनाव आ सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 अक्टूबर विशेष रूप से अच्छे हैं। 13 और 14 अक्टूबर को आपको कई कार्यो में सफलता प्राप्त हो सकती है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शनिवार को दक्षिण मुखी हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का जाप करें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

कर्क राशि

इस सप्ताह आपका अपने भाई बहनों के साथ बहुत अच्छा संबंध रहेगा। आपके सुख में थोड़ी कमी आएगी यह संभव है की माता और पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी हो आपका विश्वास खराब हो सकता है इस सप्ताह आपके पास धन आने में बाधा आएगी परंतु सबसे अच्छी बात यह है कि इस सप्ताह भाग्य आपका साथ देगा इस सप्ताह आपके लिए 9 और 15 अक्टूबर विशेष रूप से अच्छे हैं। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन पीपल के पेड़ के नीचे सायं काल मिट्टी का दीपक जलाएं और पीपल की सात बार परिक्रमा करें सप्ताह का शुभ दिन सोमवार है।

सिंह राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का उत्तम योग है। भाई और बहनों के साथ कुछ समस्या हो सकती है। व्यापार उत्तम चलेगा। आपको और आपके जीवनसाथी को शारीरिक कष्ट हो सकता है। भाग्य एकाएक आपकी मदद कर सकता है। जिन जातकों की अभी विवाह नहीं हुआ हैं उनके विवाह के प्रस्ताव आ सकते हैं परंतु पितृपक्ष होने के कारण आने में बाधा पड़ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 10, 11 और 12 अक्टूबर किसी भी कार्य करने को करने के लिए उपयुक्त एवं हितवर्धक है। 9 अक्टूबर को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप गुरुवार का व्रत करें और राम रक्षा स्त्रोत का प्रतिदिन पाठ करें सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

कन्या राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। व्यापार में उन्नति होगी। नए प्रोजेक्ट चालू करने के लिए यह एक उत्तम समय है। राज्य के कार्यों में आपको सफलता प्राप्त हो सकती है। धन आने में थोड़ी बाधा होगी। पेट पर पीड़ा होगी। कचहरी के कार्यों में असफलता मिल सकती है। संतान का कोई बहुत ज्यादा सहयोग आपको प्राप्त नहीं होगा। नए-नए शत्रु बन सकते हैं। पुराने शत्रु शांत रहेंगे। इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 अक्टूबर उत्तम है। 10, 11 और 12 अक्टूबर को आपको कोई भी कार्य करने के पहले पूरी योजना बना लेनी चाहिए। कार्य को बड़े सावधानी के साथ करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप काले कुत्ते को रोटी खिलायें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

तुला राशि

इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है। अगर आपके पास पहले से कोई कर्ज है तो उसमें कमी आएगी। आपको अपने संतान की तरफ से थोड़ा लाभ मिल सकता है। भाग्य आपका साथ देगा। आपके और आपके जीवन साथी के स्वास्थ्य में बाधाएं आएंगी। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 15 अक्टूबर हितवर्धक हैं। 13 और 14 अक्टूबर को आपको सावधान रहकर कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप भगवान शिव का प्रतिदिन दूध और जल से अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।

वृश्चिक राशि

इस सप्ताह आपके पास धन आने का उत्तम योग है। आपके व्यापार में उन्नति होगी। आप नया व्यापार भी प्रारंभ कर सकते हैं। सरकारी कार्यालय में आपको थोड़ी बहुत परेशानी हो सकती है। कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह ना उलझें। माता जी और पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। आपके पेट में भी पीड़ा हो सकती है। आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। इस सप्ताह आपके लिए 10, 11 और 12 अक्टूबर परिणाम दायक हैं। 10, 11 और 12 अक्टूबर को आपको कई कार्यो में सफलता प्राप्त हो सकती है। 15 अक्टूबर को आपको सावधान रहकर ही कोई कार्य करना चाहिए। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप रुद्राष्टक का प्रतिदिन पाठ करें। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

धनु राशि

इस सप्ताह आपकी अपने कार्यालय में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। आपके व्यापार में उन्नति होगी। आपके पिताजी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अगर आपके पिताजी भी नौकरी में है तो उनको भी लाभ मिलेगा। धन आने की मात्रा में कमी आएगी। भाई बहनों के साथ तकरार हो सकता है। आपको अपने संतान से कोई विशेष लाभ नहीं मिलेगा। इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 अक्टूबर लाभप्रद हैं। 9 अक्टूबर को आपको सावधान रहना चाहिए। आपको चाहिए कि आप इस सप्ताह काले कुत्ते को रोटी खिलाएं। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।

मकर राशि

इस सप्ताह आपका स्वास्थ्य सामान्यतया ठीक रहेगा। इस सप्ताह आपका भाग्य आपका अद्भुत रूप से साथ दे सकता है। भाग्य के कारण जो कार्य आपके नहीं हो रहे हैं उनको करने का प्रयास करें। स्त्री जातकों को पीड़ा हो सकती है। आपके माताजी और पिताजी के स्वास्थ्य में थोड़ी खराबी आ सकती है। धन आने की मात्रा में बहुत कमी आ सकती है। इस सप्ताह आपके लिए 9 और 15 अक्टूबर उत्तम है। 10, 11 और 12 अक्टूबर को आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का जाप करें तथा बृहस्पतिवार को मंदिर में जाकर विशेष पूजा अर्चना करें। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।

कुंभ राशि

इस सप्ताह आप दुर्घटनाओं से बच सकते हैं। भाई बहनों के साथ तकरार में वृद्धि होगी। भाग्य से इस सप्ताह आपको कम उम्मीद करना चाहिए। अविवाहित जातकों के विवाह में बाधा आएगी। कचहरी के कार्यों में थोड़ी सफलता मिल सकती है। एक भाई के साथ थोड़ा ठीक संबंध हो सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 10, 11 और 12 अक्टूबर फल प्रदायक है। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सचेत रहने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप शिव पंचाक्षरी का प्रतिदिन एक माला का जाप करें तथा भगवान शिव का प्रतिदिन अभिषेक करें। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

मीन राशि

मीन राशि की जातकों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा। कुछ बुरे परिणाम भी मिल सकते हैं। आपका और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। विवाह के नए प्रस्ताव आ सकते हैं। व्यापार में उन्नति होगी। नया व्यापार प्रारंभ करने के लिए यह एक अच्छा समय है। कचहरी के कार्यों में इस सप्ताह में ना उलझे। धन आने में बाधा हैं। गलत रास्ते से धन आ सकता है। इस सप्ताह आपके लिए 13 और 14 अक्टूबर उत्तम है। सप्ताह के बाकी दिनों में आपको सावधान रहने की आवश्यकता है। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन चीटियों को दाना दें। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।

मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें। जय मां शारदा।

 राशि चिन्ह साभार – List Of Zodiac Signs In Marathi | बारा राशी नावे व चिन्हे (lovequotesking.com)

निवेदक:-

ज्योतिषाचार्य पं अनिल कुमार पाण्डेय

(प्रश्न कुंडली विशेषज्ञ और वास्तु शास्त्री)

सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, मध्यप्रदेश विद्युत् मंडल 

संपर्क – साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर- 470004 मध्यप्रदेश 

मो – 8959594400

ईमेल – 

यूट्यूब चैनल >> आसरा ज्योतिष 

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments