डॉ कुंदन सिंह परिहार

(वरिष्ठतम साहित्यकार आदरणीय  डॉ  कुन्दन सिंह परिहार जी  का साहित्य विशेषकर व्यंग्य  एवं  लघुकथाएं  ई-अभिव्यक्ति  के माध्यम से काफी  पढ़ी  एवं  सराही जाती रही हैं।   हम  प्रति रविवार  उनके साप्ताहिक स्तम्भ – “परिहार जी का साहित्यिक संसार” शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते  रहते हैं।  डॉ कुंदन सिंह परिहार जी  की रचनाओं के पात्र  हमें हमारे आसपास ही दिख जाते हैं। कुछ पात्र तो अक्सर हमारे आसपास या गली मोहल्ले में ही नज़र आ जाते हैं।  उन पात्रों की वाक्पटुता और उनके हावभाव को डॉ परिहार जी उन्हीं की बोलचाल  की भाषा का प्रयोग करते हुए अपना साहित्यिक संसार रच डालते हैं।आज प्रस्तुत है आपकी एक हृदयस्पर्शी एवं विचारणीय लघुकथा वक्त वक्त की बात-‘। इस अतिसुन्दर रचना के लिए डॉ परिहार जी की लेखनी को सादर नमन।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – परिहार जी का साहित्यिक संसार  # 212 ☆

☆ लघुकथा – वक्त वक्त की बात 

अम्माँजी अब अट्ठानवे पार की हुईं। अभी टनमन हैं। अपने सब काम खुद कर लेती हैं। किसी का हाथ नहीं थामना पड़ता। बड़ी बहू को बीनने-फटकने में मदद देती रहती हैं। सबेरे मुँह अँधेरे उठकर घर में कुछ न कुछ खड़बड़ करने लगती हैं।

अम्माँजी परिवार के मित्रों-परिचितों के बीच अजूबा बनी हुई हैं। जो घर में आता है वह पहले उन्हीं के हाल-चाल पूछता है। घर में आने वाले के लिए उनके ‘दर्शन’ ज़रूरी होते हैं। दर्शन के बाद लोग उनके पास बैठ जाते हैं, कहते हैं, ‘अम्माँजी, हमारे सिर पर हाथ धर दो। हम भी कम से कम सत्तर पार हो जाएँ। अभी तो उम्मीद कम है।’ अम्माँजी को भी इन बातों में मज़ा आता है। मिलने वाला लौट कर अपने घर जाता है तो वहाँ सबसे पहले अम्माँजी की कैफियत ही ली जाती है।

परिवार के लोग भी अम्माँजी के कारण उन्हें मिलते महत्व से खुश होते हैं। बहुत से लोग सिर्फ अम्माँजी के दर्शन के लिए आते हैं। मन्दिर की देवी की तरह पहले उनके दर्शन करके ही आसन ग्रहण करते हैं। अम्माँजी के तीन बेटे हैं। वे बड़े बेटे गजराज के साथ रहती हैं।

लेकिन गजराज अम्माँजी जैसे खुशकिस्मत नहीं रहे। तम्बाकू खाने की लत लगी थी। उसे ही जबड़े में दबाये दबाये सो जाते। गले में तकलीफ रहने लगी। डॉक्टर ने जाँच की। कहा, ‘लक्षण अच्छे नहीं हैं। दवा लिखता हूँ। नियम से खाइए और तीन-तीन महीने में जाँच कराइए। रोग बढ़ा तो फिर दूसरा ट्रीटमेंट कराना पड़ेगा।’

गजराज ठहरे लापरवाह। दवा खाने में लापरवाही हो जाती, जाँच कराने में भी। अन्ततः वे कमज़ोर होते होते तेहत्तर साल की उम्र में दुनिया से विदा हो गये।

परिवार पर दुख का पहाड़ टूटा। अम्माँजी इस बड़ी विपत्ति के आघात से संज्ञाशून्य हो गयीं। अब वे दिन भर घर के किसी कोने में चुप बैठी रहतीं। खाने-पीने की याद दिलानी पड़ती। परिवार की ज़िन्दगी को जैसे लकवा लग गया।

अब जो मिलने वाले आते उनसे अम्माँजी बचतीं। ऐसा लगता है जैसे उन्हें किसी बात पर शर्म आती हो। लोग आते तो उन्हें प्रशंसा के बजाय सहानुभूति से देखते। मुँह से ‘च च’ की ध्वनि निकलती। बाहर निकलते तो साथियों से कहते, ‘अम्माँजी का भाग्य देखो। बेटा चला गया, वे अभी तक बैठी हैं। भगवान ऐसी किस्मत किसी को न दे। ऐसी लम्बी उम्र से क्या फायदा!

© डॉ कुंदन सिंह परिहार

जबलपुर, मध्य प्रदेश

 संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
5 1 vote
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments