डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

( डॉ विजय तिवारी ‘ किसलय’ जी संस्कारधानी जबलपुर में साहित्य की बहुआयामी विधाओं में सृजनरत हैं । आपकी छंदबद्ध कवितायें, गजलें, नवगीत, छंदमुक्त कवितायें, क्षणिकाएँ, दोहे, कहानियाँ, लघुकथाएँ, समीक्षायें, आलेख, संस्कृति, कला, पर्यटन, इतिहास विषयक सृजन सामग्री यत्र-तत्र प्रकाशित/प्रसारित होती रहती है। आप साहित्य की लगभग सभी विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। आपकी सर्वप्रिय विधा काव्य लेखन है। आप कई विशिष्ट पुरस्कारों /अलंकरणों से पुरस्कृत /अलंकृत हैं।  आप सर्वोत्कृट साहित्यकार ही नहीं अपितु निःस्वार्थ समाजसेवी भी हैं।आप प्रति शुक्रवार साहित्यिक स्तम्भ – किसलय की कलम से आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका एक सार्थक एवं विचारणीय आलेख  “सम्मान एवं पुरस्कारों का औचित्य)

☆ किसलय की कलम से # 27 ☆

☆ सम्मान एवं पुरस्कारों का औचित्य ☆

पिछले तीन-चार दशक से सम्मान एवं पुरस्कारों की बाढ़ सी आ गई है। समाचार पत्रों, टी.वी. चैनलों और मीडिया की खबरें हम तक पहुँच रही हैं। आमंत्रण पत्र भी उबाऊ लगने लगे हैं। हर चौराहे सभागारों या मैदानों में आए दिन समारोह देखे जा सकते हैं। यहाँ पहुँचने वालों में स्वजन, स्वार्थी एवं सम्मान पिपासुओं के अलावा मात्र आयोजकों की उपस्थिति दिखाई देती है। यदि किसी बड़े नेता या धनाढ्य द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया हो तो निजी वाहनों से ढोकर श्रोता जुटाए जाते हैं और यदि सभोज समारोह हुआ तो बिना बुलाए ही श्रोताओं की भीड़ जुट जाती है। कभी आपने सोचा है कि ये कार्यक्रम क्यों और कैसे आयोजित होते हैं? इतने सम्मान कैसे लिए और दिए जाते हैं? वर्तमान समय में इन सम्मानों और पुरस्कारों का औचित्य क्या है?

आदिकाल से ही संसार में किसी श्रेष्ठ कार्य अथवा उपलब्धि पर लोगों को प्रोत्साहित करने की परम्परा चली आ रही है। पहले लोग इसे अपने सौभाग्य और शुभकर्मों का प्रतिफल मानते थे। उत्तरदायित्व की विराटता समझते थे। समाज में इन लोगों की प्रतिष्ठा और पूछ-परख होती थी। लोग उनके कृतित्व एवं चरित्र का अनुकरण करते थे। पूर्व की तुलना में आज सम्मान और पुरस्कारों का बाहुल्य होते हुए भी लोगों का किसी से कोई लेना-देना नहीं होता। आज के अधिकांश सम्मान एवं पुरस्कार श्रम, सेवा और समर्पण से नहीं अर्थ, स्वार्थ और पहुँच से प्राप्त किए जाते हैं। परस्पर आदान-प्रदान की एक नई परिपाटी जन्म ले चुकी है। देखा गया है कि छोटे सम्मान की बदौलत बड़ा सम्मान मिलता है। पैसों से सम्मान और पुरस्कार प्राप्त करना आज आम बात हो गई है, लेकिन योग्यता, ईमानदारी और समर्पण से सम्मान या पुरस्कार वर्तमान में टेढ़ी खीर हो गए हैं। आज हम पहुँच और पैसों से खरीदे सम्मानों की सूची अपने बायोडाटा में देने लगे हैं। राष्ट्रीय सम्मान एवं पुरस्कारों के लिए गणमान्य लोगों से अनुशंसायें लिखवाते हैं। ऐसी उपलब्धि क्या हमारी दशा और दिशा बदल पायेगी? क्या हम अपेक्षित सामाजिक उत्तरदायित्व का ईमानदारी से निर्वहन कर पायेंगे? शायद नहीं, क्योंकि हम मात्र समाज के सामने श्रेष्ठ बनने और अपना उल्लू सीधा करने के लिए इतना ताना-बाना बुनते हैं। अधिकतर लोगों का सामाजिक सरोकारों से कोई लेना नहीं होता। अपने धन, वैभव और पहचान का अनुचित प्रयोग कर ऊँची से ऊँची आसंदी पर स्वयं को देखना चाहते हैं, लेकिन आज भी ऐसे बहुतेरे योग्य, ईमानदार और समर्पित लोग समाज में दिखाई देते हैं जो समाज सेवा और राष्ट्र के उत्थान हेतु अपना सर्वस्व खपाने का संकल्प लिए नि:स्वार्थ भाव से निरन्तर सक्रिय हैं, उन्हें किसी सम्मान, पुरस्कार या अभिनन्दन की लालसा नहीं होती। ऐसा माना जाता है कि समाज के इन्हीं 10-20 प्रतिशत लोगों के कारण ही समाज में ईमानदारी और कर्त्तव्यनिष्ठा जीवित है। क्या हम और हमारी सरकार इन ईमानदार और कर्त्तव्यनिष्ठों की उपेक्षा कर इनके संकल्पित हृदय को आहत नहीं कर रही है। क्या झूठे प्रमाण-पत्र, अनुशंसाएँ एवं प्रशस्ति-पत्र आज प्रतिष्ठित सम्मानों, पुरस्कारों के साक्ष्य तथा मानक बनते रहेंगे? क्या हम बिना आदर्श-सत्यापन के, बिना काबिलियत के इसी तरह सम्मान और पुरस्कार देते रहेंगे, क्या ऐसा सम्भव नहीं है कि आम आदमी की बगैर मध्यस्थता वाली अनुशंसायें एवं प्रस्ताव आमंत्रित कर पारदर्शिता के साथ सम्मान एवं पुरस्कार सुयोग्य व्यक्तित्व को दिया जाये।

सम्मान, अलंकरण पुरस्कार अथवा अभिनन्दन समारोह मानवीय मूल्यों की पूजा के समतुल्य होता है। अत: समाज को ऐसे सम्मानों एव पुरस्कारों के विकृत अस्तित्व को नकारने का उत्तरदायित्व लेना चाहिए, क्योंकि यह छद्म उपलब्धि व  वाहवाही समाज के लिए घातक परम्परा का रूप ले सकती है।

बिना परिश्रम, बिना दृढ निश्चय एवं बिना योग्यता के किसी भी कार्य, सेवा या चलाये जा रहे अभियान की वास्तविक पूर्णता सम्भव ही नहीं है। खोखली बातों से समाज और देश नहीं चलता। इसलिए हमें अपनी अन्तरात्मा और सच्चाई की आवाज सुनना होगी। योग्यता, कर्त्तव्यनिष्ठा और परमार्थभाव को ही पूजना होगा। यही सच्ची मानवसेवा है, जो हमें और हमारे समाज को आदर्श बनाने में सहायक होगी। हमें उम्मीद है कि आज के शिक्षित तथा सुसंस्कृति को जानने वाले मानव द्वारा अब तथाकथित झूठी और प्रदर्शित की जा रही योग्यता को नकार दिया जायेगा।इसके पश्चात ही सम्मान एवं पुरस्कारों का औचित्य सही साबित होगा।

© डॉ विजय तिवारी ‘किसलय’

पता : ‘विसुलोक‘ 2429, मधुवन कालोनी, उखरी रोड, विवेकानंद वार्ड, जबलपुर – 482002 मध्यप्रदेश, भारत
संपर्क : 9425325353
ईमेल : [email protected]

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
5 2 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

2 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
विजय तिवारी " किसलय "

अपने सृजन से इतर, बाह्य साहित्यिकसंसार से अवगत हुए बिना कूपमण्डूकतुल्य अथवा आत्मश्लाघीस्वभाववश अधिकांश सृजनकर्ता अपने सृजन की तुलना या तो करते ही नहीं हैं या जानबूझकर अपने सृजन को श्रेष्ठ और लोकमान्य बनाने हेतु अमानकपथ अपनाते हैं। यहॉं तक कि वास्तविक सम्मानयोग्य साहियकार का हक छीनकर अथवा अपने लिए येनकेनप्रकारेण एक नये सम्मान लेने की परिपाटी क्या आपको वास्तविक एवमं दीर्घकालिक प्रसिद्धि दिला पायेगा। ऐसे ही प्रश्नों व गल्तियों की ओर ध्यान दिलाने की कोशिश है इस लेख में।
प्रकाशन हेतु आभार श्रीबावनकर जी का।

subedar pandey kavi atmanand

आप ने बहुत हद तक यथार्थ को करीब से देखकर आरेखन किया है इसके लिए आपको कोटिश: साधुवाद अभिनंदन अभिवादन बधाई आदरणीय श्री