हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ जय प्रकाश के नवगीत # 82 ☆ क्या है जीवन… ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव ☆

श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव

(संस्कारधानी के सुप्रसिद्ध एवं अग्रज साहित्यकार श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव जी  के गीत, नवगीत एवं अनुगीत अपनी मौलिकता के लिए सुप्रसिद्ध हैं। आप प्रत्येक बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ  “जय  प्रकाश के नवगीत ”  के अंतर्गत नवगीत आत्मसात कर सकते हैं।  आज प्रस्तुत है आपका एक भावप्रवण एवं विचारणीय नवगीत “क्या है जीवन…” ।

✍ जय प्रकाश के नवगीत # 82 ☆ क्या है जीवन… ☆ श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव

   क्या है जीवन

   जैसे उड़ता हुआ परिन्दा

   खोज रहा है नीड़।

 

   रिश्ते टूटी डाल

   घोंसलों का अपनापन

   बुनता रहा भरोसा

   सन्नाटों में आँगन

 

   लुटता जीवन

   झुका हुआ होकर शर्मिंदा

   टूट चुकी है रीढ़।

 

   वक्त कँटीले ख्वाब

   आँख राहें पथरीली

   मोड़ हादसे पढ़ें

   हवा भाषा जहरीली

 

   कटता जीवन

   कोलाहल पीकर है जिंदा

   उगा रहा है भीड़।

***

© श्री जय प्रकाश श्रीवास्तव

सम्पर्क : आई.सी. 5, सैनिक सोसायटी शक्ति नगर, जबलपुर, (म.प्र.)

मो.07869193927,

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ ☆ संजय उवाच # 268 – गीता जयंती विशेष => गीता सुगीता… ☆ श्री संजय भारद्वाज ☆

श्री संजय भारद्वाज

(“साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच “ के  लेखक  श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है। साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।श्री संजय जी के ही शब्दों में ” ‘संजय उवाच’ विभिन्न विषयों पर चिंतनात्मक (दार्शनिक शब्द बहुत ऊँचा हो जाएगा) टिप्पणियाँ  हैं। ईश्वर की अनुकम्पा से आपको  पाठकों का  आशातीत  प्रतिसाद मिला है।”

हम  प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक पहुंचाते रहेंगे। आज प्रस्तुत है  इस शृंखला की अगली कड़ी। ऐसे ही साप्ताहिक स्तंभों  के माध्यम से  हम आप तक उत्कृष्ट साहित्य पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।)

☆  संजय उवाच # 268 ☆ गीता सुगीता…?

(गीता जयंती पर विशेष)

धर्मक्षेत्रे कुरुक्षेत्रे समवेता युयुत्सवः।

मामकाः पाण्डवाश्चैव किमकुर्वत संजय।।

अर्थात धर्मभूमि कुरुक्षेत्र में युद्ध की इच्छा से एकत्रित हुए मेरे और पांडु के पुत्रों ने क्या किया?

यह प्रश्न धृतराष्ट्र ने संजय से पूछा था। यही प्रश्न श्रीमद्भगवद्गीता का प्रथम श्लोक भी है।

18 अध्यायों में विभक्त श्रीमद्भगवद्गीता 700 श्लोकों के माध्यम से जीवन के विभिन्न आयामों का दिव्य मार्गदर्शन है। यह मार्गदर्शन विषाद योग, सांख्य योग, कर्म योग, ज्ञानकर्म-संन्यास योग, कर्म-संन्यास योग, आत्मसंयम योग, ज्ञान-विज्ञान योग, अक्षरब्रह्म योग, राजविद्याराजगुह्य योग, विभूति योग, विश्वरूपदर्शन योग, भक्ति योग, क्षेत्रक्षेत्रज्ञ विभाग योग, गुणत्रयविभाग योग, पुरुषोत्तम योग, दैवासुरसंपद्विभाग योग, श्रद्धात्रय विभाग योग, मोक्षसंन्यास योग द्वारा अभिव्यक्त हुआ है।

योगेश्वर श्रीकृष्ण ने मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की मोक्षदा एकादशी को गीता का ज्ञान दिया था। गीता जयंती इसी ज्ञानपुंज के प्रस्फुटन का दिन है। इस प्रस्फुटन की कुछ बानगियाँ देखिए-

1) यच्चापि सर्वभूतानां बीजं तदहमर्जुन।

न तदस्ति विना यत्स्यान्मया भूतं चराचराम्।।

अर्थात, हे अर्जुन! सम्पूर्ण प्राणियों का जो बीज है, वह मैं ही हूँ। मेरे बिना कोई भी चर-अचर प्राणी नहीं है।

इस श्लोक से स्पष्ट है कि हर जीव, परमात्मा का अंश है।

2) यो मां पश्यति सर्वत्र सर्वं च मयि पश्यति।

तस्याहं न प्रणश्यामि स च मे न प्रणश्यति।।

अर्थात जो सबमें मुझे देखता है और सबको मुझमें देखता है, उसके लिये मैं अदृश्य नहीं होता और वह मेरे लिये अदृश्य नहीं होता।

3) न त्वेवाहं जातु नासं न त्वं नेमे जनाधिपाः।

न चैव न भविष्यामः सर्वे वयमतः परम्।।

अर्थात न ऐसा ही है कि मैं किसी काल में नहीं था या तू नहीं था अथवा ये सारे राजा नहीं थे और न ऐसा ही है कि इससे आगे हम सब नहीं रहेंगे।

इसे समझने के लिए मृत्यु का उदाहरण लें। मृत्यु अर्थात देह से चेतन तत्व का विलुप्त होना। आँखों दिखता सत्य है कि किसी एक पार्थिव के विलुप्त होने पर एक अथवा एकाधिक निकटवर्ती उसका प्रतिबिम्ब -सा बन जाता है।

विज्ञान इसे डीएनए का प्रभाव जानता है, अध्यात्म इसे अमरता का सिद्धांत मानता है। अमरता है, सो स्वाभाविक है कि अनादि है, अनंत है।

4) या निशा सर्वभूतानां तस्यां जागर्ति संयमी।

यस्यां जाग्रति भूतानि सा निशा पश्यतो मुनेः॥

सब प्राणियोंके लिए जो रात्रि के समान है, उसमें स्थितप्रज्ञ संयमी जागता है और जिन विषयों में सब प्राणी जाग्रत होते हैं, वह मुनिके लिए रात्रि के समान है ।

इसके लिए मुनि शब्द का अर्थ समझना आवश्यक है। मुनि अर्थात मनन करनेवाला, मननशील। मननशील कोई भी हो सकता है। साधु-संत से लेकर साधारण गृहस्थ तक।

मनन से ही विवेक उत्पन्न होता है। दिवस एवं रात्रि की अवस्था में भेद देख पाने का नाम है विवेक। विवेक से जीवन में चेतना का प्रादुर्भाव होता है। फिर चेतना तो साक्षात ईश्वर है। ..और यह किसी संजय का नहीं स्वयं योगेश्वर का उवाच है। इसकी प्रतीति देखिए-

5) वेदानां सामवेदोऽस्मि देवानामस्मि वासवः। इंद्रियाणां मनश्चास्मि भूतानामस्मि चेतना॥

मैं वेदों में सामवेद हूँ, देवों में इंद्र हूँ, इंद्रियों में मन हूँ और प्राणियों की चेतना हूँ।

जिसने भीतर की चेतना को जगा लिया, वह शाश्वत जागृति के पथ पर चल पड़ा। जाग्रत व्यक्ति ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ का अनुयायी होता है।

6) कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।

मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि।।

अर्थात कर्म करने मात्र का तुम्हारा अधिकार है, तुम कर्मफल के हेतु वाले मत होना और अकर्म में भी तुम्हारी आसक्ति न हो।

मनुष्य को सतत निष्काम कर्मरत रहने की प्रेरणा देनेवाला यह श्लोक जीवन का स्वर्णिम सूत्र है। सदियों से इस सूत्र ने असंख्य लोगों के जीवन को दिव्यपथ का अनुगामी किया है।

श्रीमद्भगवद्गीता के ईश्वर उवाच का शब्द-शब्द जीवन के पथिक के लिए दीपस्तंभ है। इसकी महत्ता का वर्णन करते हुए भगवान वेदव्यास कहते हैं,

गीता सुगीता कर्तव्या किमन्यैः शास्त्रसंग्रहै:।

या स्वंय पद्मनाभस्य मुखपद्माद्विनिः सृता ।।

( महा. भीष्म 43/1)

श्रीमद्भगवद्गीता का ही भली प्रकार से श्रवण, कीर्तन, पठन, पाठन, मनन एवं धारण करना चाहिए क्योंकि यह साक्षात पद्मनाभ भगवान के  मुख कमल से निकली है।

आज गीता जयंती है। इस अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता के नियमित पठन का संकल्प लें। अक्षरों के माध्यम से अक्षरब्रह्य को जानें, सृष्टि के प्रति स्थितप्रज्ञ दृष्टि उत्पन्न करें। शुभं अस्तु।

© संजय भारद्वाज 

अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार ☆ सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय, एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय, न्यू आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस कॉलेज (स्वायत्त) अहमदनगर ☆ संपादक– हम लोग ☆ पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स ☆ 

मोबाइल– 9890122603

संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

☆ आपदां अपहर्तारं ☆

💥  मार्गशीर्ष साधना 16 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक चलेगी। साथ ही आत्म-परिष्कार एवं ध्यान-साधना भी चलेंगी💥

 🕉️ इस माह के संदर्भ में गीता में स्वयं भगवान ने कहा है, मासानां मार्गशीर्षो अहम्! अर्थात मासों में मैं मार्गशीर्ष हूँ। इस साधना के लिए मंत्र होगा-

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय

  इस माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी को गीता जयंती मनाई जाती है। मार्गशीर्ष पूर्णिमा को दत्त जयंती मनाई जाती है। 🕉️

अनुरोध है कि आप स्वयं तो यह प्रयास करें ही साथ ही, इच्छुक मित्रों /परिवार के सदस्यों  को भी प्रेरित करने का प्रयास कर सकते हैं। समय समय पर निर्देशित मंत्र की इच्छानुसार आप जितनी भी माला जप  करना चाहें अपनी सुविधानुसार कर सकते हैं ।यह जप /साधना अपने अपने घरों में अपनी सुविधानुसार की जा सकती है।ऐसा कर हम निश्चित ही सम्पूर्ण मानवता के साथ भूमंडल में सकारात्मक ऊर्जा के संचरण में सहभागी होंगे। इस सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी के लिए आप श्री संजय भारद्वाज जी से संपर्क कर सकते हैं। 

संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कविता ☆ हमने तो… ☆ डॉ. जसप्रीत कौर फ़लक ☆

डॉ जसप्रीत कौर फ़लक

☆ कविता ☆ हमने तो… ☆ डॉ. जसप्रीत कौर फ़लक 

हमने कुछ और ढूँढा था तुझमें

     हमने  समझा था 

प्यार का समन्दर हो तुम

    ख़बर नहीं  थी 

उजड़े सहरा का मंज़र हो तुम

    हम  तो   समझे   थे 

कि दिल   के   ख़ला को  भर जाओगे तुम

      यह   ख़बर  नहीं   थी

कि  और   भी तन्हा कर जाओगे तुम

 हमने तो कुछ और ढूँढा था तुझमें

        

हम  तो  समझे   थे

 कि इश्क़ की हक़ीक़त   हो   तुम

      यह   ख़बर  नहीं   थी 

  कि  रेत  पे लिखी इबारत हो तुम

 

हमने तो कुछ और ढूँढा था तुझमें

     हम तो समझे  थे 

कि प्यार पहली की शबनम हो तुम

     यह  ख़बर  नहीं  थी 

कि  पतझड़ का मौसम  हो  तुम

हमने तो कुछ और ढूँढा था तुझमें

 

हम  तो  समझे  थे 

कि प्यार में भीगा अहसास हो तुम

     यह ख़बर नहीं थी

कि नदी नहीं सिर्फ़ प्यास  हो  तुम

हमने तो कुछ और ढूँढा था तुझमें

 

हम तो समझे थे

कि तेरी  आँखों  में

कशिश, प्यार का काजल होगा

यह  ख़बर  नहीं   थी 

कि  तेरा  दिल

अतीत के दुखों से बोझल होगा

हमने तो कुछ और ढूँढा था तुझमें

 

हम  तो  समझे  थे 

कि  तुम्हें   सिर्फ़ एक  तारे  से   मुहब्बत  है

यह    ख़बर  नहीं   थी 

कि  तुम्हें  तो फ़लक सारे से मुहब्बत है।

 डॉ. जसप्रीत कौर फ़लक

संपर्क – मकान न.-11 सैक्टर 1-A गुरू ग्यान विहार, डुगरी, लुधियाना, पंजाब – 141003 फोन नं – 9646863733 ई मेल – [email protected]

≈ संपादक – हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – आलेख ☆ अभी अभी # 547 ⇒ शब्द और विचार ☆ श्री प्रदीप शर्मा ☆

श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “शब्द और विचार।)

?अभी अभी # 547 ⇒ शब्द और विचार ? श्री प्रदीप शर्मा  ?

विचारों के पंख तो होते हैं, लेकिन पाँव नहीं होते। उन्हें जमीन पर उतारने के लिए शब्दों का सहारा लेना पड़ता है। विचार लिखा जा सकता है, पढ़ा जा सकता है, और सुना भी जा सकता है, लेकिन देखा नहीं जा सकता। भले ही आप विचार को विचारक कह लें, और दर्शन को दार्शनिक, लेकिन विचार, दर्शन होते हुए भी, कभी दर्शन नहीं देता।

और तो और, विचारों के प्रदर्शन के लिए भी शब्दों का ही सहारा लेना पड़ता है।

शब्द अगर ध्वनि का मामला है, तो अक्षर का तो कभी क्षरण ही नहीं होता।

श्रुति, स्मृति हो, अथवा पुराण, बिना शब्द के सब, नि:शब्द हैं। प्रकाश की अगर किरणें होती हैं, तो ध्वनि की भी तरंगें होती हैं। होती होगी विचार की भी तरंग, उठती होंगी मन मस्तिष्क में, होते रहें आप विचार मग्न, केवल एक सद्गुरू ही आपके मन की तरंगों को पढ़ सकता है, जान सकता है, और अपने शुभ संकल्प से आपका कायाकल्प कर सकता है। विचार की तरह, गुरु तत्व और ईश्वर तत्व, कहीं दिखाई नहीं देते, लेकिन केवल विचारों के स्तर पर ही, उनका साक्षात्कार किया जा सकता है। हां, देह और शब्द उसके अनुभूति के माध्यम अवश्य हो सकते हैं।।

हम प्रभावित तो शब्दों से होते हैं, लेकिन उन्हें ही विचार मान लेते हैं। किसी के मन के विचारों को पढ़ने अथवा जान लेने की विद्या को टेलीपैथी अथवा दूर संवेदन कहते हैं। किसी के मन की बात को जान लेना अथवा पढ़ लेना अथवा एक ही विचार दो लोगों के मन में एक साथ आना, टेलीपैथी हो सकती है। अभी अभी आपको याद किया, और आप पधार गए। कभी कभी तो एक ही बात दोनों के मुंह से एक साथ निकल जाती है। है न विचित्र संयोग।

गजब की स्मरण शक्ति है हमारे मस्तिष्क की और मन है, जो संकल्प विकल्प से ही बाज नहीं आता। कैसे कैसे विचार हमारे मन में आते हैं, बिना किसी साधना अथवा धारणा ध्यान के ही, कहां कहां हमारा ध्यान चला जाता है। अगर मन, बुद्धि और अहंकार को विवेक और वैराग्य की राह पर ले जाया जाए, तो अवश्य वह घटित हो जाए, जो शब्दों से परे है और केवल हमारे चित्त के अधीन है।।

ज्ञान विज्ञान, परा विद्या, जादू टोना और अविद्या हमें जिस सूक्ष्म जगत के दर्शन कराती है, वह कितना खरा है और कितना खोटा, यह जानना इतना आसान नहीं, अतः जो आंखों से दिखाई दे, शब्दों के माध्यम से प्रकट हो, और शास्त्रोक्त हो, उसी विचार को आत्मसात कर, व्यवहार में लाया जाना चाहिए।

सनातन, पुरातन, आधुनिक और वर्तमान का समग्र चिंतन ही हमारा विचार प्रवाह है। शब्द ही वह माध्यम है, जो वैचारिक क्रांति भी लाता है और हमारे अंदर सकारात्मकता और नकारात्मकता के बीज भी बोता है। नीर, क्षीर और विवेक के अलावा और कोई गुरु अथवा मसीहा आपको सही राह नहीं दिखा सकता।।

मंत्र की ही तरह विचार भी बड़े शक्तिशाली होते हैं। जिस तरह मंत्र के शब्द गौण हो जाते हैं और मंत्र शक्ति ही काम करती है, इसी तरह शब्द तो गौण हो जाते हैं, और विचार शक्तिशाली हो जाते हैं।

आज के युग में शस्त्र से अधिक वैचारिक युद्ध कारगर हो रहे हैं। वाक् शक्ति का दुरुपयोग देखना हो तो आज अपने आसपास चल रहे वाक् युद्ध देखिए। शब्द और विचार इतने मारक भी हो सकते हैं, यह तो शायद ईश्वर ने भी नहीं सोचा होगा। हिंसा पर मानसिक हिंसा हावी है।।

कोई नेता नहीं, कोई अभिनेता नहीं, अपनी राह आप चुनें ;

मैं तो अकेला ही चला था

जानिब ए मंज़िल मगर।

लोग साथ आते गए और

कारवाँ बनता चला गया।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # 86 ☆ महज़ खादी पहिनने से कोई गांधी नहीं बनता… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे ☆

श्री अरुण कुमार दुबे

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री अरुण कुमार दुबे जी, उप पुलिस अधीक्षक पद से मध्य प्रदेश पुलिस विभाग से सेवा निवृत्त हुए हैं । संक्षिप्त परिचय ->> शिक्षा – एम. एस .सी. प्राणी शास्त्र। साहित्य – काव्य विधा गीत, ग़ज़ल, छंद लेखन में विशेष अभिरुचि। आज प्रस्तुत है, आपकी एक भाव प्रवण रचना “महज़ खादी पहिनने से कोई गांधी नहीं बनता“)

☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ कविता # 86 ☆

✍ महज़ खादी पहिनने से कोई गांधी नहीं बनता… ☆ श्री अरुण कुमार दुबे 

ये खंज़र और ये  ढालें कहानी अपनी कहती हैं

किसी की मद भरी चालें कहानी अपनी कहती है

 *

नई कोपल से पेड़ों का पुराना पन नहीं छिपता

तने की खुरदरी छालें कहानी अपनी कहती हैं

 *

ये दावा झूठ पर्दाफाश होना है गुनाहों का

पुलिस की जाँच पडतालें कहानी अपनी कहती हैं

 *

छुपा लो मुफ़लिसी का हाल लेकिन वो नहीं छुपता

परोसी रोटियाँ दालें कहानी अपनी कहती हैं

 *

महज़ खादी पहिनने से कोई गांधी नहीं बनता

तुम्हारी रेशमी शालें कहानी अपनी कहती हैं

 *

उठाकर सर वजनदारी नहीं किरदार की दिखला

लचकती फल लदी डालें कहानी अपनी कहती है

 *

किन्ही को बात गोली से भी बढ़कर ज़ख्म करती है

किन्ही की मोटी पर खालें कहानी अपनी कहती हैं

 *

रिआया है अरुण खुशहाल पाते हक़ सभी अपना

मग़र ये रोज़ हड़तालें कहानी अपनी कहती है

© श्री अरुण कुमार दुबे

सम्पर्क : 5, सिविल लाइन्स सागर मध्य प्रदेश

सिरThanks मोबाइल : 9425172009 Email : arunkdubeynidhi@gmail. com

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साहित्यिक स्तम्भ ☆ सत्येंद्र साहित्य # 1 ☆ लघुकथा – नदिया ऊपर नाव… ☆ डॉ सत्येंद्र सिंह ☆

डॉ सत्येंद्र सिंह

(वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सत्येंद्र सिंह जी का ई-अभिव्यक्ति में स्वागत। मध्य रेलवे के राजभाषा विभाग में 40 वर्ष राजभाषा हिंदी के शिक्षण, अनुवाद व भारत सरकार की राजभाषा नीति का कार्यान्वयन करते हुए झांसी, जबलपुर, मुंबई, कोल्हापुर सोलापुर घूमते हुए पुणे में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी के पद से 2009 में सेवानिवृत्त। 10 विभागीय पत्रिकाओं का संपादन, एक साझा कहानी संग्रह, दो साझा लघुकथा संग्रह तथा 3 कविता संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी झांसी, जबलपुर, छतरपुर, सांगली व पुणे महाराष्ट्र से रचनाओं का प्रसारण। जबलपुर में वे प्रोफेसर ज्ञानरंजन के साथ प्रगतिशील लेखक संघ से जुड़े रहे और झाँसी में जनवादी लेखक संघ से जुड़े रहे। पुणे में भी कई साहित्यिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं। वे मानवता के प्रति समर्पित चिंतक व लेखक हैं। अप प्रत्येक बुधवार उनके साहित्य को आत्मसात कर सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचरणीय लघुकथा – “नदिया ऊपर नाव…”।)

☆ साहित्यिक स्तम्भ ☆ सत्येंद्र साहित्य # 1 ☆

✍ लघुकथा – नदिया ऊपर नाव… ☆ डॉ सत्येंद्र सिंह 

मैं बाज़ार में सब्जी खरीद रहा था तभी एक व्यक्ति ने नमस्कार किया। मैंने देखा कि शिवा था। शिवा ने एक मजदूर सुपरवाइजर के रूप में मेरा बंगला बनाया था। बड़ा अच्छा कारीगर था। उसका व्यवहार भी अच्छा था। मकान बनने के बाद जब कभी मिलता तो बड़ी इज्जत से नमस्कार करता और कहता साहब कोई काम हो तो बताइएगा। इसलिए मैं उसे भूल नहीं पाया था। लेकिन आज वह कुछ मुरझाया सा दिखा। मैंने पूछा कि क्या बात है मुंह क्यों लटकाए हुए हो। उसने कहा कि साहब अपने ठेकेदार साहब के साथ पंद्रह साल से काम कर रहा था। सब कुछ ठीक चल रहा था परंतु चार दिन पहले उन्होंने काम से निकाल दिया।  मैं नहीं जानता कि इन लोगों की सेवा कैसे सुरक्षित है, कोई पेंशन है या नहीं। प्रोविडेंट फंड तो मिलता है शायद। मेरी तंद्रा टूटी और मैंने महसूस किया कि वह मेरे सामने ही खड़ा है। मैंने उससे कहा कि तुम्हारे साथ तो काफी लोग काम करते थे। उन्हें इकट्ठा करके तुम लेबर कांट्रेक्टिंग कर सकते हो। मुझे लगा कि मेरी बात सुनकर वह कुछ सहज हो गया है। मैंने कहा कि कभी कभार घर आ जाया करो। उसने आश्वासन में हाथ जोड़ दिए और मैं घर की ओर चल दिया। उसके बाद शिवा नहीं मिला और बात आई गई हो गई।

ऐसे ही एक दिन पास के पार्क में शाम की सैर पर निकला था। सामने एक सज्जन ने रास्ता रोका और मेरा हालचाल पूछा। मैंने देखा चौहान साहब थे, नगर के जाने माने ठेकेदार। मैंने खुशी जताते हुए उन्हें धन्यवाद दिया कि उनके बनाए गए मेरे बंगले में आजतक किसी भी बारिश में एक बूँद पानी नहीं आया। उनके चेहरे पर भी मुस्कान उभर आई। और मेरे साथ ही टहलने लगे। बातचीत में बोले साहब अब माहौल बहुत बदल गया है। बोले,”आपको याद होगा मेरा सुवरवाइजर शिवा, जिसने आपके बंगले का काम किया था।” मैंने कहा “हाँ हाँ मुझे याद है। कुछ साल पहले मुझे मिला था, दुखी था, कह रहा था कि आपने उसे काम से निकाल दिया।” वे बोले “निकाला नहीं साहब मजबूरी थी । जब मुझे काम नहीं तो उसे कहाँ से देता।”” मैंने कहा कि वह तो ठीक है पर उसकी बात क्यों निकल आई।” “साहब बात इसलिए निकल आई कि वह आज लेबर कांट्रेक्टर है। मेरे पास एक बड़ा काम आ गया तो मैं उसके पास लेबर मांगने गया तो उसने साफ मना कर दिया। जिसे मैंने काम करना सिखाया वही काम नहीं आया।” यह कहकर वे अपनी गाड़ी की ओर चल दिए। फिर मुझे अचानक याद आया कि कुछ वर्ष पहले शिवा को मैंने क्या सुझाव दिया था।

© डॉ सत्येंद्र सिंह

सम्पर्क : पुणे महाराष्ट्र 

मोबाइल : 99229 93647

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – कथा कहानी ☆ लघुकथा # 51 – जीवन का सुख…  ☆ श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’ ☆

श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’

(ई-अभिव्यक्ति में श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’ जी का स्वागत। पूर्व शिक्षिका – नेवी चिल्ड्रन स्कूल। वर्तमान में स्वतंत्र लेखन। विधा –  गीत,कविता, लघु कथाएं, कहानी,  संस्मरण,  आलेख, संवाद, नाटक, निबंध आदि। भाषा ज्ञान – हिंदी,अंग्रेजी, संस्कृत। साहित्यिक सेवा हेतु। कई प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा अलंकृत / सम्मानित। ई-पत्रिका/ साझा संकलन/विभिन्न अखबारों /पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। पुस्तक – (1)उमा की काव्यांजली (काव्य संग्रह) (2) उड़ान (लघुकथा संग्रह), आहुति (ई पत्रिका)। शहर समता अखबार प्रयागराज की महिला विचार मंच की मध्य प्रदेश अध्यक्ष। आज प्रस्तुत है आपकी एक विचारणीय लघुकथा – जीवन का सुख।)

☆ लघुकथा # 51 – जीवन का सुख  श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’

तुम्हारे जीवन में यह चार लोग कौन हैं? मुझे आज तक यह नहीं समझ में आया। पतिदेव कम से कम एक दिन उनके दर्शन करा दो। उनके नाम यू रोज-रोज बातें मत बनाओ?

 ऐसे मत जाओ, बाहर नौकरी मत करो। इस तरह के कपड़े मत पहनो। मेरे ऊपर तुम इतना अनुशासन लगाते  हो?

क्या तुम भी कभी यह चार लोगों की बातें सुनते हो क्या?

भाग्यवान जो बातें मैं कहता हूं, वह तुम्हारे भले के लिए कहता हूं। पीठ पीछे हंसी उड़ाते हैं लोग।

पीठ पीछे तो लोग भगवान को भी नहीं छोड़ते और लोगों की बातें सुनने लग गई तो जीवन जीना मुश्किल हो जाएगा। जिंदगी एक बार मिली है क्या हम खुलकर नहीं जी सकते? यह चार लोग तो घड़ी चौराहे नुक्कड़ में बैठकर कुछ ना कुछ तो कहेंगे ही और जब हम खुश रहेंगे तो हमारी खुशी से जलेंगे। मैं जैसी हूं वैसे ही मुझे रहने दो। मुझे किसी के सामने टोकना नहीं, वरना मेरा मुंह सबके सामने खुल जाएगा। तब मत कहना कि- भरे  समाज में मेरी बेइज्जती कर दी। समझो पतिदेव जीवन का सत्य, सुखी जीवन बिताने में ही है।

© श्रीमति उमा मिश्रा ‘प्रीति’

जबलपुर, मध्य प्रदेश मो. 7000072079

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – मराठी कविता ☆ कवितेच्या प्रदेशात # 252 ☆ मुक्त मनोमनी झाले… ☆ सुश्री प्रभा सोनवणे ☆

सुश्री प्रभा सोनवणे

 

? कवितेच्या प्रदेशात # 252 ?

☆ मुक्त मनोमनी झाले ☆ सुश्री प्रभा सोनवणे ☆

किती मांडले हे

जिण्याचे पसारे

नसे मुक्तता यातूनी…

हवे जे मिळेना,

नको ते पुढे ठाकले  !

*

नियती— नशीब

प्रारब्ध– प्राक्तन

किती शब्द शोधीत,

स्वीकारून सारे—

आयुष्य हे सोसले !

*

जगरहाटी चालूच आहे ,

जरासे मनासारखे

वागले…

गुंतले जरी या,

पसार्‍यात साऱ्या,

 मुक्त मनोमनी जाहले !

© प्रभा सोनवणे

७ डिसेंबर २०२४

संपर्क – “सोनवणे हाऊस”, ३४८ सोमवार

पेठ, पंधरा ऑगस्ट चौक, विश्वेश्वर बँकेसमोर, पुणे 411011

मोबाईल-९२७०७२९५०३,  email- [email protected]

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ.उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – कवितेचा उत्सव ☆ आभाळाचे काळिज ज्यांचे… ☆ श्री हरिश्चंद्र कोठावदे ☆

श्री हरिश्चंद्र कोठावदे

? कवितेचा उत्सव ?

☆ आभाळाचे काळिज ज्यांचे… ☆ श्री हरिश्चंद्र कोठावदे ☆

आभाळाचे काळिज ज्यांचे, दुःखहि त्यांचे आभाळागत

हास्य जयांचे बुद्धागत ते, कधि ओघळती सुळि चढल्यागत

*

असिधारेवर अवघे जीवन, पदोपदी अन् अग्निपरीक्षा

देवदूत ते देवपणाची, अखंड देती सत्त्वपरीक्षा

*

प्रेषित होउन आले येथे, हाच तयांचा मुळी गुन्हा हो

सजा भोगण्या वनवासाची, राम जन्मतो पुनः पुन्हा हो

*

थोर महात्मे युगानूयुगे, प्राशत आले प्याले जहरी

तप्तलाल अन् तीक्ष्ण कट्यारी, द्रष्ट्यांच्याही घुसल्या नेत्री

*

युगपुरुषांच्या विटंबनेची, जन्मोजन्मी हीच कहाणी

साक्षीला ती कठोर नियती, खेद खंत ना डोळां पाणी!

© श्री हरिश्चंद्र कोठावदे

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ. उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares

मराठी साहित्य – कवितेचा उत्सव ☆ पांगारा… ☆ सौ. अर्चना गादीकर निकारंगे ☆

सौ. अर्चना गादीकर निकारंगे

? कवितेचा उत्सव ?

☆ पांगारा… ☆ सौ. अर्चना गादीकर निकारंगे 

अंगावरून तुझ्या अलगद ओघळलेली ती,

पाण्यातून पावसाच्या मार्गस्थ होत होती.

अंगार्‍यासम भासणारी जरा पाण्यात सुखावली,

जलस्पर्शाने आनंदित ती, नयनसुखानेआंनदित मी

 जणू एकच वाटत होतो.

 

गळलेल्या फुलांकडे पाहून जणू काही

पागोळ्यांतूनन तुझे रुदन चालले होते

भारदस्त विशाल देह धारण कर्ता तू

पण मन मात्र खूपच हळवे वाटत होते.

 

एक दिवस असा उजाडला की नकळत तुझ्या

तुझी आंतरिक शक्तीक्षीण होऊ लागली होती,

भारदस्त, विशाल म्हटल्या जाणार्‍या तुझ्या मुळांनी

जमीन सोडली

आणि तू जीवंतपण.

तुझ्या विना त्या जागेला जाणवत राहील रितेपण.

© सुश्री अर्चना गादीकर निकारंगे 

≈संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – सौ. उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित /सौ. मंजुषा मुळे/सौ. गौरी गाडेकर≈

Please share your Post !

Shares