श्री रामदेव धुरंधर

(ई-अभिव्यक्ति में मॉरीशस के सुप्रसिद्ध वरिष्ठ साहित्यकार श्री रामदेव धुरंधर जी का हार्दिक स्वागत। आपकी रचनाओं में गिरमिटया बन कर गए भारतीय श्रमिकों की बदलती पीढ़ी और उनकी पीड़ा का जीवंत चित्रण होता हैं। आपकी कुछ चर्चित रचनाएँ – उपन्यास – चेहरों का आदमी, छोटी मछली बड़ी मछली, पूछो इस माटी से, बनते बिगड़ते रिश्ते, पथरीला सोना। कहानी संग्रह – विष-मंथन, जन्म की एक भूल, व्यंग्य संग्रह – कलजुगी धरम, चेहरों के झमेले, पापी स्वर्ग, बंदे आगे भी देख, लघुकथा संग्रह – चेहरे मेरे तुम्हारे, यात्रा साथ-साथ, एक धरती एक आकाश, आते-जाते लोग। आपको हिंदी सेवा के लिए सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन सूरीनाम (2003) में सम्मानित किया गया। इसके अलावा आपको विश्व भाषा हिंदी सम्मान (विश्व हिंदी सचिवालय, 2013), साहित्य शिरोमणि सम्मान (मॉरिशस भारत अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी 2015), हिंदी विदेश प्रसार सम्मान (उ.प. हिंदी संस्थान लखनऊ, 2015), श्रीलाल शुक्ल इफको साहित्य सम्मान (जनवरी 2017) सहित कई सम्मान व पुरस्कार मिले हैं। हम श्री रामदेव  जी के चुनिन्दा साहित्य को ई अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों से समय समय पर साझा करने का प्रयास करेंगे। आज प्रस्तुत है आपकी एक अप्रतिम कथा यह झूठ, वह झूठ।)

~ मॉरिशस से ~

☆  कथा कहानी ☆ – यह झूठ, वह झूठ – ☆ श्री रामदेव धुरंधर ☆

वयोवृद्ध सरयू ने कहानियाँ सुनाने में धूम मचा रखी थी। बूढ़े लोग हों तो सरयू उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए कहानियाँ सुनाता था। जवान हों तो सरयू के ओठों से उनके लिए कहानियाँ तो मानो सर – सर करती बहती जाती थीं। बच्चों की उम्र के हिसाब से सरयू के पास कहानियों का खजाना हुआ। तभी तो बच्चे उसे देखने पर कहानियाँ सुनने के लिए उसे घेर लेते थे। इसी तरह बेटियों – माताओं के लिए भी सरयू के कंठ में कहानियों का भंडार था।

कहानियों की धूम मचाने वाले सरयू का समाचार राजा तक पहुँचाने वाला उसका सारथि हुआ। राजा को रथ पर बैठ कर हवाखोरी के लिए बाहर जाना था, लेकिन सारथि वक्त पर पहुँच न पाया था। राजा के डाँटने पर उसने रास्ते पर भीड़ होने के कारण अटक जाने का अपना कष्ट सुनाया। सरयू की कहानियों के दीवाने विस्तृत संख्या में उसे घेर कर उससे कहानियाँ सुन रहे थे।

राजा को सरयू विस्मयकारी लगा। उसे इस बात की जिज्ञासा हुई कि सरयू अपनी कहानियों में सुनाता क्या है? उसने पता लगाने पर जाना सरजू की कहानियाँ सत्य पर आधारित होती नहीं हैं। तो भी उसकी कहानियाँ अद्भुत होती हैं। पर उसकी कहानियाँ अद्भुत होना राजा के लिए मिथ्या हुआ। उसने इस पक्ष को लिया कि सरयू की कहानियाँ सरासर झूठी होती हैं।

राजा के आदेश पर सरयू को राज दरबार में लाया गया। राजा ने कहा, “मुझे मालूम हो गया है तुम्हारी कहानियाँ झूठी होती हैं। इसका मतलब हुआ तुम प्रजा में झूठ की आदत डाल रहे हो।”

सरजू ने अपना तर्क रखा वह तो मनोरंजन के लिए कहानियों का आश्रय लेता है। लोग उसकी कहानियों से आनन्दित होते हैं तो उसे लगता है अपना जन्म सार्थक हुआ। पर राजा ने उसे न मान कर उस पर कहानियाँ सुनाने की पाबंदी लगा दी। इस वर्जन से सरयू काँप पड़ा। उसने हाथ जोड़ कर कहा, “राजन, कहानियाँ तो मेरे खून में हैं। कहानियों के रूप में मैं अपने खून का कतरा बाँटता हूँ। मेरा यह आधार मुझसे छीना न जाए।”

उसके बहुत कहने पर भी राजा की ओर से उसे कहानियाँ सुनाने की आज्ञा नहीं मिली। राजा ने क्रोध में उसे झूठा कह कर दरबार से बाहर निकलवा दिया। राजा के न्याय में यह भी आया कि सरयू अब भी झूठी कहानियाँ सुनाने का हठ करे तो उसे देश से निष्कासित कर दिया जाएगा।

सरयू वहाँ से रो कर गया।

राज दरबार में राजकवि भी उपस्थित था। वह अपनी कविताओं के बारे में सोचने लगा था। यदि सरयू बोलने में झूठा था तो राजकवि लिखने में झूठा हुआ। उसने कब किसी औरत को नदी में नंगी देह नहाते देखा, लेकिन राजा उसकी ऐसी कविताओं से खुश हो कर उसे शाबाशी देता था। राजा एक बार शत्रु राजा से लड़ाई में पराजित हो कर लौटा था। राजकवि ने उसकी पराजय को शब्दबद्ध न कर के लिखा था राजा की तलवार की झनझनाहट सुनने पर शत्रु राजा की सेना में भगदड़ मच जाती थी।

राजकवि ने राजा को विश्व सम्राट जैसे महान झूठों का नायक बना कर उस पर आधारित जो महाकाव्य लिखा था इसके बल पर उसे आजीवन राजकवि का पद प्राप्त हुआ था।

***

© श्री रामदेव धुरंधर

17 – 12 — 2023

संपर्क : रायल रोड, कारोलीन बेल एर, रिविएर सेचे, मोरिशस फोन : +230 5753 7057   ईमेल : [email protected]

संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments