सुश्री ऋता सिंह

(सुप्रतिष्ठित साहित्यकार सुश्री ऋता सिंह जी द्वारा ई- अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों के लिए अपने यात्रा संस्मरणों पर आधारित आलेख श्रृंखला को स्नेह प्रतिसाद के लिए आभार। आप प्रत्येक मंगलवार, साप्ताहिक स्तम्भ -यायावर जगत के अंतर्गत सुश्री ऋता सिंह जी की यात्राओं के शिक्षाप्रद एवं रोचक संस्मरण  आत्मसात कर सकेंगे। इस श्रृंखला में आज प्रस्तुत है आपका यात्रा संस्मरण – मेरी डायरी के पन्ने से…हमारी इटली यात्रा – भाग 4)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ –यात्रा संस्मरण – यायावर जगत # 16 ☆  

? मेरी डायरी के पन्ने से…  – हमारी इटली यात्रा – भाग 4 ?

(अक्टोबर 2017)

हमारा चौथा पड़ाव था वेनिस।

रोम से वेनिस सुपर फास्ट ट्रेन द्वारा चार घंटे का सफर है। कैरोलीन और डेनिस भी साथ थे। वास्तव में कैरोलीन के कहने पर ही हम भी चल पड़े थे। वे दोनों वहाँ से तेईस दिनों की क्रूज़ पर निकलने वाले थे। जिस होटल में वे रहने जा रहे थे, हमें भी वहाँ एक कमरा मिल गया। ट्रेन से जाते हुए हमें वहाँ की हरियाली और कन्ट्रीसाइड तथा गाँवों की छवि देखने को मिलीं।

यह शहर शेक्सपियर की पुस्तक द मर्चेंट ऑफ वेनिस के कारण और भी जग प्रसिद्ध है।

हम वेनिस पहुँचे। होटल में सामान रखकर गंडोला से सैर करने निकल पड़े। पूरे शहर में बहती नहर वेनिस शहर का सबसे बड़ा आकर्षक और दर्शनीय स्थल है! कुछ साठ कैनेल हैं और सौ से अधिक सुंदर छोटे -छोटे पुलों से यह शहर सजा हुआ है।

गंडोला काठ की बनी सुंदर सजी हुई लाल -काली नौकाएँ हैं जिसे माँझी चलाता है और एक घंटे भर नहर की सैर कराता है। ये कैनेल समुद्र के जल से भरते हैं। सारा शहर कैनेल के किनारे स्थित है जो सात सौ साल पुराना माना जाता है। यह प्राचीन काल में व्यापार का केंद्र था। जैसे हमारे देश में लखपत, बूँदी या लोथल में हज़ारों साल पहले व्यवस्था थी।

हम गंडोले में बैठे, मेरे माथे पर लगी बड़ी बिंदी देख नाविक ने पूछा ” इंडिया?” हमने भी मुस्कराकर हामी भर दी। उसने तुरंत अपना मोबाइल निकाला और अमिताभ बच्चन का गाना सुनाया – दो लफ्जों की है दिल की कहानी… वह बड़ा प्रसन्न था कि भारतीय फ़िल्मों की शूटिंग करने वहाँ जाते हैं। बातों ही बातों में एक घंटे की सैर पूरी हो गई।

कैरोलीन और डेनिस ने कहा कि सेंट मार्क स्क्वेअर ज़रूर जाना है। वह समुद्र का किनारा है और बहुत ख़ूबसूरत भी। हम गंडोले की सैर पूरी करके पैदल चलकर सेंट मार्क स्क्वेअर के लिए निकले।

वहाँ की सड़कें बहुत सँकरी सी हैं। वहाँ चलकर ही जाया जाता है। किसी प्रकार की गाड़ियाँ नहीं चलती। बीच -बीच में छोटे – छोटे पुल पार करने पड़ते हैं। सड़क के किनारे सोवेनियर की सुंदर दुकानें हैं।

वेनिस में काँच के सामान बनाने की कई छोटी-छोटी फैक्ट्रियाँ हैं। काँच को फूँक मारकर किस तरह फुलाते हैं और आकार देते हैं यह दृश्य देखने लायक होता है। जिसे देखने के लिए भारी संख्या मैं सैलानी जाते हैं। काँच की बड़ी- बड़ी मूर्तियाँ भी बनते हुए हमने देखे।

सड़क के किनारे कॉफ़ी, वाइन, बीयर, ज्यूस आदि की छोटी – छोटी दुकानें हैं। ये दुकानें रास्ते के किनारे बने फुटपाथ पर हैं।

हमने भी वहाँ कॉफी का मज़ा लिया और साथ बातचीत करते हुए सेंट मार्क स्क्वेअर पहुँचे।

एक विशालकाय इमारत के बीच बड़ा – सा खुला आँगन दिखाई दिया। पुराने ज़माने में विभिन्न व्यापारी वर्ग वहाँ एकत्रित होते थे तथा अपनी वस्तुओं को अन्य व्यापारियों को बेचते थे। उस आँगन में चार – पाँच हज़ार लोग एक साथ खड़े हो सकते हैं इतनी बड़ी जगह है। चारों तरफ आज रेस्तराँ हैं जहाँ शाम को लाइव म्यूज़िक का कार्यक्रम चलता है। एक पुराना पर सुंदर चर्च भी है।

छह बजे घंटा घर में ज़ोर से घंटा बजने लगा। अँधेरे के झुरमुट में अचानक सारी बत्तियाँ जल उठीं और सारी जगह अचानक जगमगा उठी। सब सैलानी नाचते – झूमते से दिखाई देने लगे, हमने भी हाथ-पैर, कमर हिलाने का प्रयास किया और आपस में हँसते रहे। हमारा नाती बाबू हमें नाचते देख बड़ा खुश हुआ क्योंकि उसने हमें कभी नाचते हुए नहीं देखा था।

अचानक हमें अहसास हुआ कि कैरोलीन और डेनिस वहाँ से गायब हो गए थे।

थोड़ी दूर जब हम समुद्र की ओर बढ़े तो देखा दोनों पति-पत्नी एक दूसरे के कँधे पर हाथ रखकर, समुद्र की ओर एक टक निहार रहे थे। हम उनके निकट पहुँचे तो उन दोनों की तंद्रा टूटी।

कैरोलीन ने बताया कि उस दिन उनके विवाह को छप्पन वर्ष पूर्ण हुए थे। कैरोलीन सत्रह वर्ष की थीं और डेनिस उन्नीस वर्ष के जब उनका विवाह हुआ था। वे यहीं पर हनीमून मनाने के लिए आए थे। आज फिर एक बार अपनी यादों को रंग भरने और उन्हें फिर से जीने के लिए वे इतनी दूर लौट आए। कितना ख़ूबसूरत अनुभव रहा होगा! कितनी सुंदर और सुखद यादें उभर आई होंगीं!

उन्हें देख कर हमें प्रसन्नता हुई कि कितने सावन और पतझड़ साथ बिताने के बाद आज भी उनमें उमंग है, प्रेम है, साथ – साथ घूमने का जुनून है। सप्ताह भर घूमते समय हमने यह भी ग़ौर किया कि वे एक दूसरे का हाथ थामें ही चलते थे। हम भारतीयों को कितनी गलत फ़हमी है कि पाश्चात्य देशों में लोग कई विवाह करते हैं और तलाक़ भी ले लेते हैं। उनमें परिवार के प्रति प्रेम नहीं। पर वास्तविकता कितनी अलग और खूबसूरत है!

हम जब वेनिस से रोम लौट रहे थे तो वे स्टेशनपर हमें अलविदा कहने के लिए भी आए। ई-मेल और फोन नंबर लिया। ऑस्ट्रेलिया आने और उनके पास रहने का आमंत्रण भी दिया। हमने भी उन्हें सुंदर भारत देखने का निमंत्रण दिया। ईश्वर इस दंपति को लंबी उम्र दें हम यही प्रार्थना करते हुए एक दूसरे से विदा लिए।

रोम में और दो -तीन दिन रहकर लोकल बस हॉप ऑन हॉप ऑफ में बैठकर हम लोकल रोम घूमते रहे। इन बसों की खासियत यह है कि एक बार टिकट खरीद लें तो दिन भर अलग अलग जगह पर चढ़ते – उतरते रहिए और दर्शनीय स्थलों का आनंद लीजिए।

दस दिन रोम और उसके आस-पास की जगहें देखने के बाद हम ग्रीस के लिए रवाना हुए।

इस यात्रा के दौरान एक बात खुलकर सामने आई कि प्रेम, अपनत्व, रिश्ते आदि निभाने की बात जाति, धर्म, देश से संबंधित नहीं है।

यह व्यक्तिगत बातें हैं जिसे हम आम लोग समझते नहीं या यों कहें समझना नहीं चाहते। इस विशाल संसार में हमने दो दोस्त और बना लिए।

हम दस दिन ग्रीस में रहकर भारत लौट आए।

दिसंबर का महीना था कि एक दिन कैरोलीन का फोन आया और उसने बताया कि वे केवल सात दिनों का क्रूज़ कर लंडन पहुँचे थे कि डेनिस बहुत बीमार पड़े और पाँच दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद वे चल बसे। कहते हुए कैरोलिन का गला भर आया। मैं सांत्वना देने के लिए शब्द ही नहीं जुटा पा रही थी।

मन ही मन मैं सोचती रही कि विवाह की छप्पनवीं वर्षगाँठ देश से दूर वेनिस में आकर मनाई और एक जीवन समाप्त हो गया। ईश्वर किसकी मौत कहाँ तय करते हैं यह कहना मुश्किल है।

© सुश्री ऋता सिंह

फोन नं 9822188517

ईमेल आई डी – ritanani [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments