☆ सूचनाएँ/Information ☆

(साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समाचार)

🌹 साहित्य की दुनिया – श्री कमलेश भारतीय  🌹

(साहित्य की अपनी दुनिया है जिसका अपना ही जादू है। देश भर में अब कितने ही लिटरेरी फेस्टिवल / पुस्तक मेले / साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाने लगे हैं । यह बहुत ही स्वागत् योग्य है । हर सप्ताह आपको इन गतिविधियों की जानकारी देने की कोशिश ही है – साहित्य की दुनिया)

☆ लेखकों का सम्मान व शिमला पुस्तक मेला — कमलेश भारतीय

इस बार मित्रों को सम्मान मिलने के समाचारों ने प्रसन्न कर दिया। 

इस बार का साहित्य अकादेमी बाल साहित्य पुरस्कार सूर्यनाथ सिंह को उनके उपन्यास कौतुक ऐप के लिए घोषित किया गया है। यह उपन्यास विज्ञान कथा है, जिसमें बच्चे एक एप के जरिए कुछ खेल करते हैं। किसी आदमी को किसी ऐतिहासिक चरित्र में बदल देते हैं, जैसे किसी को हिटलर के रूप में तो किसी को लॉर्ड माउंट बेटन के रूप में परिवर्तित कर देते हैं। इस तरह नाटक चलता रहता है। मगर उस एप में कुछ गड़बड़ी आ जाती है और फिर पूरे देश की संचार व्यवस्था ठप्प पड़ जाती है। चारों ओर अफरातफरी का माहौल पैदा हो जाता है। उससे निपटने के उपाय तलाशे जाते हैं। इस तरह इस उपन्यास में मनोरंजन के साथ साथ बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और उनकी कल्पना शक्ति को विकसित करने की भरपूर सामग्री है।

उत्तर प्रदेश के सवाना गांव में जन्मे सूर्यनाथ सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एम ए और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से एम फिल और पी एच डी की है। उन्हें अकादमी सम्मान देने की घोषणा पर बधाई।

विनोद शाही को आधार सम्मान :  इसी प्रकार पंजाब से पुराने मित्र डाॅ विनोद शाही को आधार सम्मान दिये जाने की घोषणा हुई है। यह समाचार  भी बहुत खुशी दे गया। डाॅ विनोद शाही एक समय अपनी कहानियों के लिये चर्चित रहे तो आजकल आलोचना के क्षेत्र में ज्यादा सक्रिय हैं। वे कहते हैं कि आलोचना रचनात्मक है मेरी ! परम्परागत आलोचना का तेवर नहीं अपनाया। वैसे कहानी लेखन भी जारी है और दो  नयी व ताजा कहानियां हंस में आई हैं। प्राध्यापन पंजाब में करने के बाद आजकल गुरुग्राम में परिवार के साथ ठिकाना है। दोनों को बहुत बहुत बधाई।

देवेंद्र गुप्ता को सम्मान : शिमला के हिमालय साहित्य व संस्कृति मंच के संचालक व प्रसिद्ध कथाकार एस आर हरनोट भी शिमला में लगातार सक्रियता बनाये हुए हैं। इन दिनों शिमला में चल रहे पुस्तक मेले में भी उनका ही योगदान है। इसी प्रकार माॅल रोड पर एक साहित्यिक समारोह आयोजित कर सेतु पत्रिका के संपादक देवेंद्र गुप्ता को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद प्रतिभा सिंह और वरिष्ठ पत्रकार नरेश कौशल विशिष्ठ अतिथि रहे। खचाखच भरे रोटरी सभागार ने शिमला में साहित्य के महत्त्व को रेखांकित किया। बधाई देवेंद्र गुप्ता !

मेरठ की लेखिका पूनम मनु  सम्मानित : मेरठ की लेखिका पूनम मनु के उपन्यास द ब्लैंक पेपर को जयपुर साहित्य सम्मान मिला। मानसरोवर जयपुर साहित्य सम्मान एवं साहित्योत्सव का प्रायोजन दीवान कृष्ण गोपाल माथुर बहरोड़ स्मृति परिवार मंडल द्वारा किया गया। इस समारोह में देश भर से विभिन्न विधाओं के कुल 45 लेखकों को उनकी रचनाओं के लिए सम्मानित किया गया।सम्मान में एक शील्ड, सम्मान पत्र एवं नेग स्वरूप एक छोटी राशि भी दी जाती है। जयपुर साहित्य संगीति के संयोजक श्री अरविंद कुमारसंभव और सम्मानित रचनाकारों ने अपनी पुरस्कृत कृतियों पर विस्तार से चर्चा की। हमारी ओर से बधाई पूनम मनु व सभी पैंतालीस रचनाकारों को !

किस्सा पत्रिका को अमलतास धरोहर सम्मान : भागलपुर के साहित्य संस्कृति मंच की ओर से प्रकाशित की जा रही चर्चित पत्रिका ‘किस्सा’ को लखनऊ की संस्था अमलतास की ओर से पिछले दिनों ‘अमलतास धरोहर सम्मान’ प्रदान किया गया। इसकी संपादिका व प्रतिष्ठित रचनाकार अनामिका शिव ने बताया कि यह पत्रिका उनके पिता विव कुमार शिव द्वारा शुरू की गयी थी जिसे उन्होंने उनकी स्मृति में लगातार प्रकाशित करने का प्रयास किया। अनामिका शिव और किस्सा को इस उपलब्धि के लिये हमारी ओर से बधाई।

अनूप श्रीवास्तव की कृति का विमोचन : लखनऊ में वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं अट्टहास के संपादक अनूप श्रीवास्तव की व्यंग्य कृति ‘अंतरात्मा का जंतर मंतर’ का विमोचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध लेखक सुभाष चंदर ने कहा कि यह कृति सरोकारों के स्तर पर बेहद समृद्ध है और पाठकों से पढ़े जाने की मांग करती है। कृति पर सर्वश्री आलोक शुक्ल, राजेंद्र वर्मा, संजीव जायसवाल संजय, शबाहत हुसैन ,अलंकार रस्तोगी, सुश्री इंद्रजीत कौर, सुश्री वीना सिंह, डॉ.शिव प्रकाश, श्रीमती मंजू श्रीवास्तव आदि ने भाग लिया।

साभार – श्री कमलेश भारतीय, पूर्व उपाध्यक्ष हरियाणा ग्रंथ अकादमी

संपर्क – 1034-बी, अर्बन एस्टेट-।।, हिसार-125005 (हरियाणा) मो. 94160-47075

(आदरणीय श्री कमलेश भारतीय जी द्वारा साहित्य की दुनिया के कुछ समाचार एवं गतिविधियां आप सभी प्रबुद्ध पाठकों तक पहुँचाने का सामयिक एवं सकारात्मक प्रयास। विभिन्न नगरों / महानगरों की विशिष्ट साहित्यिक गतिविधियों को आप तक पहुँचाने के लिए ई-अभिव्यक्ति कटिबद्ध है।)  

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments