श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। )

(ई-अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों के लिए चार भागों में क्रमबद्ध प्रस्तुत है पराक्रम दिवस के अवसर पर श्री संजय भारद्वाज जी का विशेष  ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद आलेख महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस। )  

Subhas Chandra Bose NRB.jpg

☆ पराक्रम दिवस विशेष – महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस – भाग – 3 ☆

(केंद्र सरकार ने उनके जन्मदिवस को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया है। इस अवसर पर नेताजी पर लिखा अपना एक लेख साझा कर रहा हूँ। यह लेख राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की पुस्तक ‘ऊर्जावान विभूतियाँ’ में सम्मिलित है– संजय भारद्वाज )

फरवरी 1942 में जापान ने सिंगापुर को युद्ध में परास्त कर दिया। स्थिति को भांपकर नेताजी ने 15 फरवरी 1942 को आजाद हिंद रेडिओ के माध्यम से ब्रिटेन के विरुद्ध सीधे युद्ध की घोषणा कर दी। द्वितीय विश्वयुद्ध में धुरिराष्ट्र, मित्र राष्ट्रों पर भारी पड़ रहे थे। पर 22 जून 1941 को जर्मनी ने अकस्मात् अपने ही साथी सोवियत संघ पर आक्रमण कर दिया। यहीं से द्वितीय विश्वयुद्ध का सारा समीकरण बिगड़ गया। एक नीति के तहत सोवियत संघ युद्ध को शीतॠतु में होनेवाले नियमित हिमपात तक खींच ले गया। स्थानीय स्तर पर सोवियत सैनिक हिमपात में भी लड़ सकने में माहिर थे, पर जर्मनों के लिए यह अनपेक्षित स्थिति थी। फलतः नाजी सेना पीछे हटने को विवश हो गई।

बदली हुई परिस्थितियों में जर्मनी द्वारा विशेष सहायता मिलते न देख नेताजी ने जर्मनी छोड़ने का निर्णय किया। वे बेहतर समझते थे कि भारत को मुक्त कराने का यह ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’ का समय है।

नेताजी ने अब जापान से सम्पर्क किया। उनकी जर्मनी से जापान की यात्रा किसी चमत्कार से कम नहीं थी। संकल्प और साहस की यह अदम्य गाथा है। नेताजी 9 फरवरी 1943 को जर्मनी के किएल से जर्मन पनडुब्बी यू-180 से गुप्त रूप से रवाना हुए। यू-180 ने शत्रु राष्ट्र ग्रेट ब्रिटेन के समुद्र में अंदर ही अंदर चक्कर लगाकर अटलांटिक महासागर में प्रवेश किया। उधर जापानी पनडुब्बी आई-29 मलेशिया के निकट पेनांग द्वीप से 20 अप्रैल 1943 को रवाना की गई। 26 अप्रैल 1943 को मेडागास्कर में समुद्र के गहरे भीतर दोनों पनडुब्बियां पहुँची। संकेतों के आदान-प्रदान और सुरक्षा सुनिश्चित कर लेने के बाद 28 अप्रैल 1943 को रबर की एक नौका पर सवार होकर नेताजी तेजी से जापानी पनडुब्बी में पहुँचे। जर्मनी से जापान की यह यात्रा पूरी होने में 90 दिन लगे। साथ ही द्वितीय विश्वयुद्ध में एक पनडुब्बी से दूसरी पनडुब्बी में किसी यात्री के स्थानातंरण की यह विश्व की एकमात्र घटना है।

जापान में नेताजी, वहाँ के प्रधानमंत्री जनरल हिदेकी तोजो से मिले। तोजो उनके व्यक्तित्व, दृष्टि और प्रखर राष्ट्रवाद से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने नेताजी का विशेष भाषाण जापान की संसद ‘डायट’ के सामने रखवाया।

जापान में ही वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी रासबिहारी बोस भारतीय स्वाधीनता परिषद चलाते थे। रासबिहारी ने सुभाषबाबू से मिलकर उनसे परिषद का नेतृत्व करने का आग्रह किया। 27 जून 1943 को दोनों तोक्यो से सिंगापुर पहुँचे। 5 जुलाई 1943 को सिंगापुर के फरेर पार्क में हुई विशाल जनसभा में रासबिहारी बोस ने भारतीय स्वाधीनता परिषद (आई.आई.एल.) का नेतृत्व नेताजी को सौंप दिया। जापान के प्रधानमंत्री तोजो भी यहाँ आई.आई.एल.की परेड देखने पहुँचे थे। यहीं आजाद हिन्द फौज की कमान भी विधिवत नेताजी को सौंपने की घोषणा हुई। कहा जाता है कि इस जनसभा में जो फूलमालाएं नेताजी को पहनाई गईं, वे करीब एक ट्रक भर हो गई थीं। इन फूल मालाओं की नीलामी से लगभग पचीस करोड़ की राशि अर्जित हुई। विश्व के इतिहास में किसी नेता को पहनाई गई मालाओं की नीलामी से मिली यह सर्वोच्च राशि है।

इस सभा में अपने प्रेरक भाषण में नेताजी ने कहा- ‘भारत की आजादी की सेना के सैनिकों !…आज का दिन मेरे जीवन का सबसे गर्व का दिन है। प्रसन्न नियति ने मुझे विश्व के सामने यह घोषणा करने का सुअवसर और सम्मान प्रदान किया है कि भारत की आजादी की सेना बन चुकी है। यह सेना आज सिंगापुर की युद्धभूमि पर-जो कि कभी ब्रिटिश साम्राज्य का गढ़ हुआ करता था- तैयार खड़ी है।…

एक समय लोग सोचते थे कि जिस साम्राज्य में सूर्य नहीं डूबता, वह सदा कायम रहेगा। ऐसी किसी सोच से मैं कभी विचलित नहीं हुआ। इतिहास ने मुझे सिखाया है कि हर साम्राज्य का निश्चित रूप से पतन और ध्वंस होता है। और फिर, मैंने अपनी आँखों से उन शहरों और किलों को देखा है, जो गुजरे जमाने के साम्राज्यों के गढ़ हुआ करते थे, मगर उन्हीं की कब्र बन गए। आज ब्रिटिश साम्राज्य की इस कब्र पर खड़े होकर एक बच्चा भी यह समझ सकता है कि सर्वशक्तिमान ब्रिटिश साम्राज्य अब एक बीती हुई बात है।…

मैं नहीं जानता कि आजादी की इस लड़ाई में हममें से कौन-कौन जीवित बचेगा। लेकिन मैं इतना जानता हूँ कि अन्त में हम लोग जीतेंगे और हमारा काम तब तक खत्म नहीं होता, जब तक कि हममें से जीवित बचे नायक ब्रिटिश साम्राज्यवाद की दूसरी कब्रगाह-पुरानी दिल्ली के लालकिला में विजय परेड नहीं कर लेते।…

जैसा कि मैंने प्रारम्भ में कहा, आज का दिन मेरे जीवन का सबसे गर्व का दिन है। गुलाम के लिए इससे बड़े गर्व, इससे ऊँचे सम्मान की बात और क्या हो सकती है कि वह आजादी की सेना का पहला सिपाही बने। मगर इस सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारियाँ भी उसी अनुपात में जुड़ी हुई हैं और मुझे इसका गहराई से अहसास है। मैं आपको भरोसा दिलाता हूँ कि अँधेरे और प्रकाश में, दुःख और खुशी में, कष्ट और विजय में मैं आपके साथ रहूँगा। आज इस वक्त में आपको कुछ नहीं दे सकता सिवाय भूख, प्यास, कष्ट, जबरन कूच और मौत के। लेकिन अगर आप जीवन और मृत्यु में मेरा अनुसरण करते हैं, जैसाकि मुझे यकीन है आप करेंगे, मैं आपको विजय और आजादी की ओर ले चलूँगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि देश को आजाद देखने के लिए हममें से कौन जीवित बचता है। इतना काफी है कि भारत आजाद हो और हम उसे आजाद करने के लिए अपना सबकुछ दे दें। ईश्वर हमारी सेना को आशीर्वाद दे और होनेवाली लड़ाई में हमें विजयी बनाए।… इंकलाब जिन्दाबाद!…आजाद हिन्द जिन्दाबाद!’

क्रमशः … भाग – 4

©  संजय भारद्वाज

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 
संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित  ≈
image_print
4 2 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

1 Comment
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Rita Singh

ग्रेट,ऐतिहासिक जानकारी से लबरेज़ लेख ,बहुत सुन्दर।