श्री अरुण कुमार डनायक

(श्री अरुण कुमार डनायक जी  महात्मा गांधी जी के विचारों केअध्येता हैं. आप का जन्म दमोह जिले के हटा में 15 फरवरी 1958 को हुआ. सागर  विश्वविद्यालय से रसायन शास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त करने के उपरान्त वे भारतीय स्टेट बैंक में 1980 में भर्ती हुए. बैंक की सेवा से सहायक महाप्रबंधक के पद से सेवानिवृति पश्चात वे  सामाजिक सरोकारों से जुड़ गए और अनेक रचनात्मक गतिविधियों से संलग्न है. गांधी के विचारों के अध्येता श्री अरुण डनायक जी वर्तमान में गांधी दर्शन को जन जन तक पहुँचाने के  लिए कभी नर्मदा यात्रा पर निकल पड़ते हैं तो कभी विद्यालयों में छात्रों के बीच पहुँच जाते है.

श्री अरुण डनायक जी ने बुंदेलखंड की पृष्ठभूमि पर कई कहानियों की रचना की हैं। इन कहानियों में आप बुंदेलखंड की कहावतें और लोकोक्तियों की झलक ही नहीं अपितु, वहां के रहन-सहन से भी रूबरू हो सकेंगे। आप प्रत्येक सप्ताह बुधवार को साप्ताहिक स्तम्भ बुंदेलखंड की कहानियाँ आत्मसात कर सकेंगे।)

☆ कथा-कहानी # 107 – बुंदेलखंड की कहानियाँ – 18 – दतिया दलपत राय की… ☆ श्री अरुण कुमार डनायक

(कुछ कृषि आधारित कहावतों और लोकोक्तियों का एक सुंदर गुलदस्ता है यह कहानी, आप भी आनंद लीजिए)

अथ श्री पाण्डे कथा (18)  

दतिया दलपत राय की, जीत सके नहीं कोय।

जो जाको जीत चहें, अदभर फजियत होय।।

भगवान् दास के पौत्र दलपतराव अपने पिता शुभकरण बुन्देला की मृत्यु के बाद 1677 के समय दतिया के राजा बने। यह दौर औरंगजेब का था और दलपतराव भी अपने पिता की मृत्यु के समय मुग़ल सेनापति दिलेरखां के आधीन दक्षिण में युद्ध अभियान में थे। औरंगजेब  दलपतराव के पराक्रम से सुपरिचित था अत दिलेरखान की सिफारिश पर उसे मुग़ल दरबार में मनसबदार का ओहदा मिला। दलपतराव  अनेक मुग़ल सेनापतियों के आधीन रह कर मुग़ल बादशाह के सैन्य अभियानों में भाग लेते रहे। उन्होंने बीजापुर के मुग़ल अभियान में विजय प्राप्ति के बाद गोलकुंडा के सैन्य अभियान में मुग़ल सेना के साथ सहयोग किया।दलपतराव ने मुग़ल बादशाह की सेना में रहते हुए मराठों के विरुद्ध भी अनेक सफल सैन्य अभियानों में वीरता का परिचय दिया। उन्होंने मराठो के सुद्रढ़ किले जिन्जीगढ़ के घेरे के समय उल्लेखनीय कार्य किया। औरंगजेब ने 1681 से अपनी म्रत्यु पर्यंत 1706 तक दक्षिण में अनेक सैन्य अभियान चलाये और दक्षिण भारत की बीजापुर व गोलकुंडा रियासतों पर अपना परचम लहराया और शिवाजीद्वारा स्थापित मराठा साम्राज्य  की शक्ति को कम करने के प्रयास किया। औरंगजेब के इन प्रयासों में दलपतराव ने सदैव प्रमुख भूमिका निभाई। जब औरंगजेब दक्षिण के अभियान पर था तो उसे मारवाड़ के राठौरों व बुंदेलखंड के महाराजा छत्रसाल से शत्रुतापूर्ण चुनौती मिल रही थी ऐसी स्थिति में दलपतराव और उनके सहयोगी बुंदेलों पर औरंगजेब की निर्भरता अत्याधिक थी और बुंदेलखंड में केवल दतिया से ही  उसे अच्छी संख्या में सैनिक भी मिलते थे। इन्ही सब कारणों से दलपतराव औरंगजेब के विश्वासपात्र बने रहे और समय समय पर उनका रुतबा मुग़ल दरबार में बढ़ता चला गया। औरंगजेब ने उन्हें उनके पिता शुभकरण बुन्देला की मृत्यु के बाद 500 सवारों का मनसबदार बनाया था जो बढ़ते बढ़ते 1705 इसवी में 3000 सवारों व इतने ही पैदल सैनिकों का हो गया। औरंगजेब की मृत्यु 1707 में महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हुई तब दलपतराव ने उसके दूसरे नंबर के पुत्र आजमशाह का साथ उतराधिकार के युद्ध में दिया। आजमशाह स्वयं दलपतराव की सूझबूझ और योग्यता को दक्षिण के विभिन्न अभियानों में परख चुका था। वह उनकी उत्कृष्ठ वीरता एवं उच्चकोटि की राजभक्ति का कायल था अत जब दलपतराव ने उतराधिकार के युद्ध में आजम शाह का साथ देने का वचन दिया तो उनका मंसब बढाकर पांच हजारी कर दिया गया। इस प्रकार दलपतराव का मान सम्मान मुग़ल दरबार में बना रहा। दलपतराव की मृत्यु भी एक सैन्य अभियान के दौरान हुई। औरंगजेब की मृत्यु के बाद उतराधिकार का युद्ध उसके पुत्रों बहादुर शाह व आजमशाह के बीच आगरा के नजदीक  जाजऊ में जून 1707 में हुआ।  इस युद्ध में हाथी पर सवार दलपतराव को एक छोटी तोप का गोला बाजू में आकर लगा जिससे वे वीरगति को प्राप्त हुए। दलपतराव की मृत्यु के उपरान्त उनके सहयोगी बुंदेले भी  मारे गए और इसी के साथ आजमशाह की भी पराजय हो गई।

प्रभावशाली व्यक्तित्व के धनी दलपतराव की स्मृति जन मानस में लम्बे समय तक अक्षुण बनी रही और उनके सम्मान में चारण निम्न पद गाते रहे  ;

दल कटे दलपत कटे, कटे बाज गजराज।

तनक-तनक तन-तन कटो, पर तन से तजी न लाज।।

दतिया के राजा दलपतराव एक दुर्दमनीय योध्दा और कुशल प्रशासक थे और लोक कल्याण की भावना से ओतप्रोत जनप्रिय राजा थे। उनके काल में दतिया के वीर सैनिकों की धाक सभी दिशाओं में जैम गई थी और जनमानस में उपरोक्त लोकोक्ति बस गई। दलपतराव का यशोगान उनके दरबारी कवि जोगीदास ने दलपतरायसे में भी किया है।

©  श्री अरुण कुमार डनायक

42, रायल पाम, ग्रीन हाइट्स, त्रिलंगा, भोपाल- 39

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈
image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments