श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “स्वीकारोक्ति”।)

?अभी अभी # 174 ⇒ स्वीकारोक्ति? श्री प्रदीप शर्मा  ?

Confession

अक्सर लोग सच को, अपनी गलती को, अथवा किए गए अपराध को आसानी से स्वीकार नहीं करते, और अगर वे स्वीकार कर लें, तो उसे कन्फेशन अथवा स्वीकारोक्ति कहा जाता है। स्वीकारोक्ति के भी दो प्रकार होते हैं, एक ऐच्छिक और एक अनिवार्य। हम यहां केवल ऐच्छिक की ही चर्चा करेंगे।

आ बैल मुझे मार ! गांधीजी ने इसे सत्य के प्रयोग कहा। बहुत से लोगों ने आत्म कथा का सहारा लेकर यह, स्वीकार किया मैने, वाला खेल बहुत रोचक तरीके से खेला। मधुशाला वाले बच्चन जी ने भी क्या भूलूं क्या याद करूं और नीड़ का निर्माण जैसे अपने संस्मरणों से पाठकों का मन मोह लिया।।

आत्मकथा हो या संस्मरण, इन सभी में स्वीकारोक्ति भी ऐच्छिक ही होती है। कोई आपका हाथ पकड़कर आपसे जबरन कुछ लिखवा नहीं सकता लेकिन जिसे अपने पांव पर खुद ही कुल्हाड़ी मारना हो, तो बन जाइए गांधी, और हो जाइए महान। वैसे यह नहीं इतना आसान।

अपनी स्वयं की खूबियां तो इंसान खुशी खुशी बयां कर देता है लेकिन कमजोरियों को छुपा लेता है। यह मानवीय स्वभाव है, जिसे आप चोर मन भी कह सकते हैं। देखिए, कितनी खूबसूरती से इस चोर मन की व्याख्या की गई है ;

तोरा मन बड़ा पापी सांवरिया रे।

मिलाए छल बल से

नजरिया रे।।

साहिर कुछ कदम और आगे चले गए हैं। वे इसी मन को दर्पण मानते हैं।

कहते हैं दर्पण झूठ नहीं बोलता, लेकिन फिर भी सच हमसे इतनी आसानी से स्वीकार नहीं होता। यही सच है।।

आप चाहे इसे कारगर तरीका ना मानें, लेकिन यह सच है कि हमारे पास गिरजाघरों जैसा कोई कन्फेशन बॉक्स नहीं, जहां जाकर हम अपनी भूल अथवा गुनाह कुबूल कर लें। वैसे अगर ईश्वर को गवाह मानें, तो यह कार्य इतना मुश्किल भी नहीं। सवाल यह है कि ईश्वर कहां है, और कहां नहीं, और क्या अपराध स्वीकार कर लेने से मामला सुलझ जाता है ? इसीलिए शायद हमने ओम जय जगदीश हरे जैसी आरती को अपना आधार बना लिया है। यह ऑल इन वन (all in one) है। विषय विकार मिटाओ, पाप हरो देवा, और मैं मूरख खल कामी।

लो जी हो गए सभी अपराध स्वीकार। कितना सुख मिला सामूहिक स्वीकारोक्ति में।

इसे ही पर्युषण पर्व भी कहते हैं। व्रत, उपवास, मौन, आत्म संयम के साथ साथ चित्त की शुद्धिकरण का भी प्रयास ही तो है। जैसे जैसे अच्छाई बढ़ती जाएगी, बुराई धीरे धीरे रसातल में चली जाएगी।।

हमने यह स्वीकारोक्ति पुरखों के पुण्य स्मरण से प्रारंभ की है। जीते जी जिनकी सेवा नहीं की, आज उनकी स्मृति में तर्पण, ब्राह्मण भोज और दान पुण्य क्या नहीं किया। आपको शायद याद नहीं, मुझे ऐसी कई घटनाएं याद हैं, जब मैने उनकी अवज्ञा की है, उनका दिल दुखाया है।

यह उनकी महानता और बड़प्पन है कि आज भी उनकी छत्र छाया और आशीर्वाद मेरे साथ है। उन्होंने हमेशा मुझे माफ किया, और सही राह दिखाई। अपने दोषों को देखने और उन्हें स्वीकार करने के प्रेरणास्रोत भी वे ही हैं। बस वे मेरी कलम थाम लें तो मेरे लिए यह काम और भी आसान हो जाए। मैं गणेश ना सही, लेकिन वे तो शिव पार्वती से कम नहीं। मुझे इंतजार रहेगा उस कल का, जिस दिन से स्वीकारोक्ति अभियान रंग लाएगा।।

♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments