सौ. उज्ज्वला केळकर

☆  कथा-कहानी  ☆ कृष्णस्पर्श भाग – 3 – हिन्दी भावानुवाद – सुश्री मानसी काणे ☆ सौ. उज्ज्वला केळकर 

आज उत्तरंग में माई जी कुब्जा की कथा सुनाने वाली थी। माई कहने लगी, ‘‘हमने पूर्वरंग में देखा, कि मनुष्य के बाह्य रूप की अपेक्षा उसके अंतरंग की भावना महत्त्वपूर्ण है। ईश्वर को भी भाव की भूख होती है। ईश्वर पर नितान्त श्रद्धा रखने वालों को कुब्जा की कथा ज्ञात होगी ही। चलो। आज हम सब मथुरा चलते हैं।

मथुरा में आज भगवान् कृष्ण पधार रहे हैं। आज कुछ खास होने वाला है। सबका मन अस्वस्थ है। दिल में अनामिक कुतुहल हैं, साथ-साथ कुछ चिंता, बेचैनी भी है। अष्टवक्रा (जिस का तन आट जगह टेढ़ा-मेढ़ा है) कुब्जा मन में विचार कर रही है,

‘‘आज मुझे कृष्णदर्शन होंगे ना? क्या मैं उनके पैरों पर माथा टेक सकूँगी? उन्हे चन्दन लगा सकूँगी?

कितने दिन हो गए, उस पल को! सारा जग निद्रित था। मध्यरात्रि का समय था। मैं यमुनास्नान के लिए गई थी। कोई देखकर मेरे रूप का उपहास न करे, ताने न कसे, इसले लिए, मध्य प्रहर में ही स्नान करने का प्रण कितने ही दिनों से लिया था मैंने। उस दिन, नहीं. नहीं. उस मध्याह्नरात में, नदी के उस पार से आनेवाली कृष्ण जी की मुरली की धुन सुनी और मुझे लगा, मेरा जीवन सार्थक हो गया।”

सुश्री मानसी काणे

माई जी के रसीले विवेचन ने श्रोताओं के सामने साक्षात् कुब्जा खड़ी कर दी। उसका मन स्पष्ट हो रहा था। काली स्लेट पर लिखे सफेद अक्षरों की तरह श्रोता कुब्जा का मन पढ़ने लगे थे। हाथ पीछे करके माई जी ने कुसुम को ईशारा किया। वह गाने लगी।

अजून नाही जागी राधा अजून नाही जागे गोकुळ

अशा अवेळी पैलतिरावर आज घुमे का पावा मंजुळ।

(अभी राधा सोई हुई है। सारा गोकुल सोया है। ऐसे में उस पार बाँसुरी की यह मधुर धुन क्यों बज रही है।)

मुरली की वह धुन अब कुसुम को भी सुनाई देने लगी। उसके कान में वे सुर गूँजने लगे।

विश्वच अवघे ओठा लावून । कुब्जा प्याली तो मुरली रव।

(जैसे पूरा विश्व अपने होठों से लगाकर कुब्जा ने मुरली की ध्वनि पी ली।)

कुब्जा कहाँ? वह कुस्मी थी। या कृष्णयुग की वही कुब्जा, आज के युग की कुस्मी बनी थी और धीरे-धीरे अपने भूतकाल में प्रवेश कर रही थी।

माई जी कहने लगी, ‘‘मथुरा के राजमार्ग पर सभी श्रीकृष्ण् की राह देख रहे थे। इतनें में कुब्जा लड़खड़ाती हुई आगे बढ़ी। कुछ लोग बोलने लगे…”

कुसुम ने साकी गाना प्रारंभ किया,

नकोस कुब्जे येऊ पुढ़ती SSS करू नको अपशकुना SSS

येईल येथे क्षणी झडकरी नंदाचा कान्हा SSS

(कुब्जा तुम आगे मत बढ़ो। मनहूस न बनो। अपशकुन मत करो। अब यहाँ किसी भी क्षण नंद का कान्हा आएगा।)

माई जी ने विवेचन करना प्रारंभ किया… कुब्जा पूछने लगी, ‘‘क्या मेरे दर्शन से भगवान् को कभी अपशकुन होगा? भक्तन से मिलने पर भगवान् को कभी अपशकुन हुआ है? फिर वे कैसे भगवान्?”

वह मन ही मन कहने लगी, ‘‘कितने साल हो गए, इस क्षण की प्रतिक्षा में ही मैं जिंदा रही हूँ। इसी क्षण के लिए मैंने अपनी ज़िंदगी की हर साँस ली है…।”

सभामंडप में उपस्थित श्रोता निश्चलता से साँस रोककर माई जी को सुन रहे थे। कुब्जा की भावना चरम सीमा पर पहुँची थी।

माई आगे की कथा सुनाने लगी। इतने में ‘‘आया, आया, कृष्णदेव आ गया। गोपालकृष्ण महाराज की जय।” मथुरा के प्रजाजन ने कृष्णदेव का जयजयकार किया।”… इसी समय माई जी के आवाज में अपनी आवाज मिलाकर सभामंडप में उपस्थित श्रोताओं ने भी जयजयकार किया।

‘‘…कृष्णदेव आ गए। कुब्जा आगे बढ़ी। सैनिकों ने उसे पीछे खींच लिया। पर आज उसमें न जाने कहाँ से इतनी शक्ति आ गई थी, उन्हें ढकेलकर कुब्जा आगे बढ़ी। हाथ में चाँदी की कटोरी, कटोरी में चंदन, दूसरे हाथ में मोगरे की माला… यह सब बनाने के लिए उसे सारी रात कष्ट उठाना पड़ा था। कृष्ण को यह सब अर्पण करके उस का कष्ट सार्थक होने वाला था।”

माई जी ने कुसुम को इशारा किया। वह गाने लगी।

शीतल चन्दन उटी तुझिया भाळी मी रेखिते

नवकुसुमांची गंधित माला गळा तुझया घालते

भक्तवत्सला भाव मनीचा जाणून तू घेई

कुब्जा दासी विनवितसे रे ठाव पदी मज देई

(मैं तुम्हारे माथे पर चन्दन टीका लगा रही हूँ। नवकोमल सुगन्धित पुष्पमाला तुम्हें पहना रही हूँ। हे भक्तवत्सल, मेरे मन का भाव तू जान ले। यह कुब्जा दासी तुम्हें विनती करती है, कि अपने चरणों में मुझे जगह दे।)

‘कुब्जा को भगवान् को चन्दन लगाना था। उसके गले में माला पहनानी थी, किन्तु वह इतनी लड़खड़ा रही थी, कि उसके हाथ और कृष्ण का माथा, गला इनका मेल नहीं हो रहा था। जब कृष्ण ने अपने पैर के अंगूठे से कुब्जा का पैर दबाया, तो लड़खड़ाने वाली कुब्जा स्थिर हो गई। उसने चन्दन लगाकर कृष्ण को माला पहनाई और अनन्य भाव से कृष्ण की शरण में आई। अपना सिर कृष्ण के पैरों पर रख दिया। उस के बाहु पकड़कर कृष्ण ने उसे उठाया और कितना आश्चर्य…

‘स्पर्शमात्रे कुरूप कुस्मी रूपवती झाली

अगाध लीला भगवंताची मथुरे ने देखिली

देव भावाचा भुकेला… भावेवीण काही नेणे त्याला’   

(उसके स्पर्श से कुरूप कुस्मी रूपवती बन गई। भगवान् की अगाध लीला मथुरा के समस्त नागरिकों ने देख ली। भगवान् भक्त के मन का भाव, श्रद्धा देखते हैं। श्रद्धाभाव के सिवा भगवान् को कुछ भी नहीं चाहिये।)

कुसुम ने भैरवी गाने का प्रारम्भ किया था। उसके अबोध मन ने कुब्जा की जगह स्वयं को देखा था और भैरवी में कुब्जा न कहते हुए, कुस्मी कहा था। माई के ध्यान में सब गड़बड़ी आ गई, किन्तु श्रोताओं की समझ में कुछ नहीं आया। शायद उन्हें पूर्व कथानुसार कुब्जा ही सुना दिया हो।

कुसुम गाती रही… गाती रही… गाती ही रही। माई ने कई बार इशारे से उसे रोकने का प्रयास किया, पर कुसुम गाती ही रही। मानो, कुस्मी ने भगवान् के चरणों पर माथा टेका हो। वह उनके चरणों में लीन हो गई हो। भगवान् ने अपने हाथों से उठाया, और क्या? कुसुम रूपवती हो गई। अब भगवान् के गुणगान के सिवा उसकी ज़िंदगी में कुछ भी बचा नहीं था। कुछ भी… कुसुम गाती रही… गाती रही… गाती ही रही।

छ: बज चुके थे। कीर्तन समाप्त करने का समय हो गया था। कुसुम का गाना रुक नहीं रहा था। आखिर उसे वैसे ही गाते छोड़कर माई जी कथा समाप्ति की और बढ़ी।

‘हेचि दान देगा देवा। तुझा विसर न व्हावा। विसर न व्हावा। तुझा विसर न व्हावा।’

(हे भगवान्! हमें इतना ही दान दे दे, कि हम तुम्हें कभी भूले नहीं।)

ऐसा कहते हुए उन्होंने प्रार्थना की और आरती जलाने को कहा।

आरती शुरू हो गई, तो कुसुम को होश आ गया। वह गाते गाते रुक गई। गाना रुकने के साथ-साथ, उसके चेहरे की चमक भी लुप्त हो गई। अपनी भूल का उसे अहसास हो गया। वह डर गई। हड़बड़ा गई। और ही बावली लगने लगी। तितली की शायद इल्ली बनने की शुरुआत होने लगी।

आरती का थाला घुमाया गया। उसमें आए पैसे, फल, नारियल, किसी ने समेटकर माई जी को दे दिए। देशमुख जी ने माई जी को रहने के लिए जो कमरा दिया था, उसकी ओर माई जाने लगी। उनके पीछे-पीछे डरती-सहमती, पाँव खींचती, खींचती, इल्ली की तरह कुसुम भी जाने लगी।

आज पहली बार माई को महसूस हुआ, कि कुसुम इतनी विरूप नहीं है, जितनी लोग समझते हैं। वह कुरूप लगती है, इसका कारण है, आत्मविश्वास का अभाव। गाते समय वह कितनी अलग, कितनी तेजस्वी दिखती है, मानो कोश से निकलकर इल्ली, तितली बन गई है… रंग विभारे तितली।

माई नें ठान ली, अब इस तितली को वे फिर से कीड़े-मकोड़े में परिवर्तित नहीं होने देगी। आत्मविश्वास का ‘कृष्णस्पर्श’ उसे देगी। अब वह उसे किसी अच्छे उस्ताद के पास गाना सिखाने भेजेगी। कीर्तन सिखाएगी। उसे स्वावलंबी, स्वयंपूर्ण बनाएगी। उनके दिल में कुसुम के प्रति अचानक प्यार का सागर उमड़ आया।

क्या आज माई के विचारों को भी ‘कृष्णस्पर्श’ हुआ था?

☆  ☆  ☆  ☆  ☆ 

प्रकाशित – मधुमती डिसंबर – २००८   

मूल मराठी कथा – कृष्णस्पर्श

मूल मराठी लेखिका – उज्ज्वला केळकर    

हिंदी अनुवाद – मानसी काणे

© सौ. उज्ज्वला केळकर

सम्पादिका ई-अभिव्यक्ती (मराठी)

संपर्क – 176/2 ‘गायत्री’, प्लॉट नं 12, वसंत साखर कामगार भवन जवळ, सांगली 416416 मो.-  9403310170ईमेल  – [email protected]

 ≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments