श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

(सुप्रसिद्ध साहित्यकार श्री ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश” जी का  हिन्दी बाल -साहित्य  एवं  हिन्दी साहित्य  की अन्य विधाओं में विशिष्ट योगदान हैं। साप्ताहिक स्तम्भ “श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य”  के अंतर्गत उनकी मानवीय दृष्टिकोण से परिपूर्ण लघुकथाएं आप प्रत्येक गुरुवार को पढ़ सकते हैं।  आज प्रस्तुत है एक विचारणीय आलेख  “ई पत्रिका उपयोगी है पर मनपसंद नहीं।)

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – श्री ओमप्रकाश जी का साहित्य # 123 ☆

☆ आलेख – ई-पत्रिका उपयोगी है पर मनपसंद नहीं ☆ 

ललित ने मोबाइल निकाला। चंपक देखी। उसमें कहानी थी। मोटरसाइकिल ली। बाजार निकल गया। चंपक खरीदी। वही पढ़ने लगा। उसका कहना है, “पत्रिका का छपा रुप भाता और सुहाता है। इसे हाथ में लेकर पढ़ने में जो मजा है वह ई पत्रिका में नहीं है।”

पवित्रा को ले। वह कहती है, ” ई-पत्रिका पढ़ना मजबूरी है। पत्रिका बाजार में ना मिले तो क्या करें? मगर ई-पत्रिका में एक कहानी से ज्यादा नहीं पढ़ पाती हूं। आंखें दुखने लगती है।”

यह बात सच है। छपे हुए अक्षरों में मनमोहक जादू होता है। रचनाकार उसे लेकर निहारता है। आगे पीछे देखता है। छपा हुआ नाम व रचनाएं उसे अच्छी लगती है। उसे वह सहेज कर रखता है।”

छपी रचना को कहीं भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए किसी साधन की आवश्यकता नहीं होती है। बिजली हो या ना हो कोई फर्क नहीं पड़ता है। कम प्रकाश में भी इसे पढ़ा जा सकता है।

मोबाइल में यह सुविधा नहीं होती है। रचना को पढ़ने के लिए कई साधनों की आवश्यकता होती है। रचना ऑनलाइन हो तो नेट, मोबाइल और सही ऑनलाइन एड्रेस की जरूरत पड़ती है। यदि चश्मा लगता है तो पढ़ते-पढ़ते आंखें दुखने लगती है।

जहां नेटवर्क की समस्या हो वहां, आप ई-पत्रिका नहीं पढ़ सकते हैं। कारण स्पष्ट है। बिना नेटवर्क के आप ई-पत्रिका मोबाइल पर प्राप्त नहीं कर सकते हैं। उसे डाउनलोड कर के ही पढ़ा जा सकता है।

दूसरा, ऑनलाइन पत्रिका सदा महंगी पड़ती है। हर बार ऑनलाइन से उसे खोलना पड़ता है। इसमें डाटा खर्च होता है। यदि मोबाइल में डाउनलोड कर लिया जाए तो मोबाइल की मेमोरी भर जाती है। वह हैंग होने लगता है।

तीसरा, मोबाइल में अक्षर बहुत छोटे दिखाई देते हैं। इसे पढ़ने के लिए झूम करना पड़ता है। साथ ही अंगुलियों को स्क्रीन के पेज से इधर-उधर खिसकाना पड़ता है। इससे अंगुलियों के साथ-साथ आंखों को ज्यादा मशक्कत करनी पड़ती है।

ऑफलाइन यानी छपी पत्रिका में सुविधा ही सुविधा है। इसे जहां चाहे वहां ले जा सकते हैं। जब चाहे तब पढ़ सकते हैं। किसी दूसरे को दे सकते हैं। वह जैसा चाहे लेकर पढ़ सकता है। बस, एक बार खर्च करना पड़ता है। उसे सदा के लिए सहेज कर रख सकते हैं।

छपी पत्रिका का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप चाहे जितने पृष्ठ एक बार में पढ़ सकते हैं। आपकी आंख पर ज्यादा असर नहीं पड़ता है। आप एक ही बैठक में बीसियोँ पृष्ठों को पढ़ सकते हैं। आंखों में पानी आना, आंखें दर्द, होना सिर भारी होना आदि अनेक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ता है।

इसका आशय यह नहीं है कि ई-पत्रिका उपयोगी नहीं होती है। संसार की कोई भी चीज ऐसी नहीं है जो उपयोगी ना हो। हर एक चीज की उपयोगिता होती है। यह हमारा नजरिया है कि हमें हम उस चीज को किस नजर से देखते हैं।

ऑनलाइन पत्रिका से हम काम की चीजें ढूंढ सकते हैं। ई-संस्करण देखकर आप आफ संस्करण मंगवा सकते हैं। इससे आपको उपयोगी चीजें आसानी से मिल सकती है। ई-पत्रिका में एकाध रचनाएं काम की हो सकती है तो आप उसे आसानी से पढ़ सकते हैं। घर पर सहेजने वाली चीजों को मंगवा सकते हैं।

यदि आप रचनाकार हैं तो ऑनलाइन पत्रिका आपके लिए बहुत उपयोगी हो सकती है। आप इन में रचनाएं प्रकाशित करवा कर निरंतर प्रोत्साहन पा सकते हैं। अपनी रचनाओं को डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं। तब जहां चाहे वहां से कॉपी पेस्ट करके इसका उपयोग कर सकते हैं।

अधिकांश रचनाकार यही करते हैं। वे अपनी रचनाएं मेल, व्हाट्सएप, टेलीग्राम,फेसबुक आईडी पर सुरक्षित रखते हैं। जब जहां जैसी जरूरत होती है तब वहां वैसी और उसी रूप में कॉपी करके पेस्ट कर देते हैं। यह उनके लिए सबसे ज्यादा उपयोगी सौदा होता है। मगर हर एक रचनाकार छपी सामग्री को ज्यादा तवज्जो देता है। उस में छपे हुए अक्षर उसे ज्यादा भातें हैं और लुभाते हैं।

इस लेखक का भी यही हाल है। वह ई-पत्रिका को बहुत उपयोगी मानता है, मगर यह उसकी मनपसंद नहीं है। उसके लिए आज भी छपी सामग्री सबसे ज्यादा मनपसंद व चहेती चीज है। यह लेखक छपी सामग्री को एक बैठक में ज्यादा से ज्यादा पढ़ लेता है। मगर वह मोबाइल में एक-दो पृष्ठ पढ़कर आंखों की वजह से उसे पढ़ना छोड़ देता है।

समय कभी, कैसा भी रहे, समय के साथ साधन बदल जाए, मगर छपी सामग्री का महत्व सदा रहा है और रहेगा। यह इस लेखक का मानना है। इससे कोई इनकार नहीं कर सकता है। यही वजह है कि इस रचनाकार के लिए ई-पत्रिका उपयोगी तो है मगर मनपसंद नहीं हैं।

© ओमप्रकाश क्षत्रिय “प्रकाश”

21-10-2021

पोस्ट ऑफिस के पास, रतनगढ़-४५८२२६ (नीमच) म प्र

ईमेल  – [email protected]

मोबाइल – 9424079675

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments