श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’
(हमप्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के आभारी हैं जो साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक की पुस्तक चर्चा” शीर्षक के माध्यम से हमें अविराम पुस्तक चर्चा प्रकाशनार्थ साझा कर रहे हैं । श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र जी, मुख्यअभियंता सिविल (म प्र पूर्व क्षेत्र विद्युत् वितरण कंपनी, जबलपुर ) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि के साथ ही उन्हें साहित्यिक अभिरुचि विरासत में मिली है। उनका दैनंदिन जीवन एवं साहित्य में अद्भुत सामंजस्य अनुकरणीय है। इस स्तम्भ के अंतर्गत हम उनके द्वारा की गई पुस्तक समीक्षाएं/पुस्तक चर्चा आप तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं।
आज प्रस्तुत है डॉ. संजीव कुमार जी द्वारा लिखित काव्य संग्रह “ज्योत्स्ना…” पर चर्चा।
☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक की पुस्तक चर्चा# 182 ☆
☆ “ज्योत्स्ना” – कवि डॉ. संजीव कुमार ☆ चर्चा – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆
पुस्तक चर्चा
पुस्तक समीक्षा: “ज्योत्स्ना”
कवि: डॉ. संजीव कुमार
☆ “छायावादी कोमलता” और आधुनिक विषाद का सेतु – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ☆
हिंदी काव्य के मानक सिद्धांतों के आलोक में बहुविध कवि, लेखक, संपादक डॉ संजीव कुमार की कृति ज्योत्स्ना का विश्लेषण संग्रह को हिंदी काव्य परंपरा में “छायावादी कोमलता” और आधुनिक विषाद के सेतु के रूप में स्थापित करता है।
संजीव जी काव्य के मानक सिद्धांतों के अनुशासन में रहकर भी नवीन बिंब तथा भाव अभिव्यक्तियों का सृजन करने में सफल हैं। कविताओं का भाव-पक्ष, रस, ध्वनि एवं भावाभिव्यक्ति की विवेचना करें तो रस सिद्धांत के अनुसार संग्रह की सभी कविताओ में शांत रस, आत्मिक शांति और करुण रस, व्यथा से संचालित उद्गार दिखते हैं। “जीवन दुख की आस भरा” जैसी रचनाओं में वेदना की अभिव्यक्ति है। भारतीय काव्यशास्त्र के अनुरूप ये कविताएं स्थायी भाव, दुःख, विरह प्रतिपादित करती है।
ध्वनि सिद्धांत “मौन व्यथाओं का…” जैसी पंक्तियों में व्यंजना शक्ति द्वारा अप्रकट भाव जैसे आध्यात्मिक अनुसंधान साधे गए हैं, जो पाठक के काव्य गत आनंद को बढ़ाता है।
प्रकृति के माध्यम से भावों का प्रतीकात्मक चित्रण जैसे “स्तब्ध जगत, संध्या श्यामल” भावाभिव्यक्ति अलंकारिक उदाहरण है।
शिल्प-पक्ष, भाषा, छंद एवं अलंकार, मानक हिंदी का स्वरूप, काव्य संरचना की भाषा परिनिष्ठित खड़ी बोली है, जिसमें संस्कृत के तत्सम शब्द जैसे ज्योतिर्मय, प्रलय और सरल उर्दू-फारसी शब्द जैसे मखमल, आभास का सामंजस्य युक्त उपयोग किया गया है। यह मानक हिंदी की शुद्धता एवं बोधगम्यता के सिद्धांतों के अनुरूप है।
अधिकांश रचनाएँ मुक्तछंद में हैं, किंतु “पुलक मन…” जैसी कविताओं में गेयता बनाए रखने हेतु लयबद्धता साधी गई है। डॉ. कुमार के “छंद-विन्यास” का कलात्मक प्रभाव है। उपमा “तम की कज्जल छाया… मोम सा” रूपक “जीवन दुख की आस भरा आकुलता का सावन” अनुप्रास “मैं विकल-श्रांत सरि के तट पर“, ये सभी अलंकारशास्त्र के मानकों को पूर्ण करते हैं।
कविताओं की प्रासंगिकता की चर्चा करें तो आधुनिकता एवं सामाजिक संवेदनशीलता आधुनिक जीवन की व्यथा, “अवसाद”, “अकेलापन” जैसे विषय समकालीन मानसिक संघर्षों से जुड़ते हैं, जो डॉ. संजीव कुमार की सामाजिक संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
आध्यात्मिक समाधान के उद्देश्य, वेदना से मुक्ति हेतु “ज्योत्स्ना” (आत्मज्ञान) की अवधारणा भारतीय दर्शन के मोक्ष सिद्धांत से प्रेरित है। “जग-जीवन हो ज्योतिर्मय” जैसी पंक्तियाँ रचनाकार की आशावादी दृष्टि को प्रतिबिंबित करती हैं।
मानक काव्य सिद्धांतों से विचलन एवं नवीनता भरे प्रयोग, पारंपरिक सीमाओं का अतिक्रमण भी सुंदर तरीके से मिलता है। उदाहरण स्वरूप “तुम छू लो मुझको” जैसी रचनाएँ भक्ति काव्य की परंपरा (सखी-भाव) को आधुनिक प्रेमालाप से जोड़ती कही जा सकती हैं।
मुक्तछंद की प्रधानता क्लासिकल छंदबद्धता से विचलन है, किंतु यह हिंदी काव्य की आधुनिक प्रवृत्ति के अनुसार उचित ही है।
नवीन प्रतीक जैसे “सावन”, “विद्युत”, “मधुमास” जैसे प्रतीक प्रकृति के माध्यम से मानवीय भावनाओं की अभिव्यक्ति करते हैं, जो धूमिल जैसे आधुनिक कवियों की शैली की याद दिलाते हैं।
शक्ति एवं सीमाएँ .. शक्तियाँ, भावों की गहन अनुभूति एवं प्रतीकात्मक संप्रेषणीयता रचनाओं की विशेषता है।
मानक हिंदी के व्याकरणिक नियमों का पालन, किया गया है। जो कविताओं के शिक्षण एवं शोध हेतु उपयुक्त है।
कुछ रचनाओं में अमूर्त भावबोध सामान्य पाठक की पहुँच से दूर है।
विचारों की पुनरावृत्ति देखने भी मिलती है। काव्य वैविध्य को सीमित करती है।
काव्यशास्त्र के प्रतिमानों में “ज्योत्स्ना” की रचनाएं हिंदी काव्य के मानक सिद्धांतों रस, ध्वनि, अलंकार, मानक भाषा का सफल निर्वाह करती है। यह आधुनिक गीतिकाव्य की उत्कृष्ट कृति है, जहाँ वैयक्तिक पीड़ा सार्वभौमिक आध्यात्मिकता में अभिव्यक्तमिलती है। डॉ. कुमार की रचनाएं बहुआयामी साहित्यिक पहचान स्थापित करती हैं।
चर्चाकार… विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’
समीक्षक, लेखक, व्यंगयकार
ए २३३, ओल्ड मीनाल रेसीडेंसी, भोपाल, ४६२०२३, मो ७०००३७५७९८
readerswriteback@gmail.कॉम, apniabhivyakti@gmail.com
≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ ≈