श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। )

(ई-अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों के लिए चार भागों में क्रमबद्ध प्रस्तुत है पराक्रम दिवस के अवसर पर श्री संजय भारद्वाज जी का विशेष  ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद आलेख महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस। )  

Subhas Chandra Bose NRB.jpg

☆ पराक्रम दिवस विशेष – महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस – भाग – 2 ☆

(केंद्र सरकार ने उनके जन्मदिवस को पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया है। इस अवसर पर नेताजी पर लिखा अपना एक लेख साझा कर रहा हूँ। यह लेख राष्ट्रभाषा प्रचार समिति की पुस्तक ‘ऊर्जावान विभूतियाँ’ में सम्मिलित है– संजय भारद्वाज )

16 जनवरी 1941 को  सुभाषबाबू जियाउद्दीन नामक एक पठान का रूप धरकर नजरकैद से निकल भागे। वे रेल से पेशावर पहुंचे। भाषा की समस्या के चलते पेशावर से काबुल तक की यात्रा उन्होंने एक अन्य क्रांतिकारी के साथ गूंगा-बहरा बनकर पहाड़ों के रास्ते पैदल पूरी की।

काबुल में रहते हुए उन्होंने ब्रिटेन के कट्टर शत्रु देशों इटली और जर्मनी के दूतावासों से सम्पर्क किया। इन दूतावासों से वांछित सहयोग मिलने पर वे ओरलांदो मात्सुता के छद्म नाम से इटली का नागरिक बनकर मास्को पहुंचे। मास्को में जर्मन राजदूत ने उन्हें विशेष विमान उपलब्ध कराया। इस विमान से 28 मार्च 1941 को सुभाष बाबू बर्लिन पहुंचे।

यहाँ से विश्वपटल पर सुभाषचंद्र बोस के रूप में एक ऐसा महानायक उभरा जिसकी मिसाल नामुमकिन सी है। बर्लिन पहुँचकर नेताजी ने हिटलर के साथ एक बैठक की। हिटलर ने अपनी आत्मकथा ‘मीन कॉम्फ’ में भारतीयों की निंदा की थी। नेताजी ने पहली मुलाकात में ही इसका प्रखर विरोध किया। नेताजी के व्यक्तित्व का ऐसा प्रभाव हिटलर पर पड़ा कि ‘मीन कॉम्फ’ की अगली आवृत्ति से इस टिप्पणी को हटा दिया गया।

9 अप्रैल 1941 को नेताजी ने जर्मन सरकार के समक्ष अपना अधिकृत वक्तव्य प्रस्तुत किया। इस वक्तव्य में नेताजी का योजना सामर्थ्य और विशाल दृष्टिकोण सामने आया। देश में रहते हुए तत्कालीन नेतृत्व जो कुछ नहीं कर पा रहा था, यह वक्तव्य, वह सब करने का ऐतिहासिक दस्तावेज बन गया। इस दस्तावेज में निर्वासन में स्वतंत्र भारत की अंतरिम सरकार के गठन की घोषणा, स्वतंत्र भारत के रेडिओ का प्रसारण, धुरि राष्ट्रों और भारत के बीच सीधे सहयोग, भारत की इस अंतरिम सरकार को ॠण के रूप में जर्मनी द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराया जाना और भारत में ब्रिटिश सेना को परास्त करने के लिए जर्मन सेना की प्रत्यक्ष सहभागिता का उल्लेख था। हिटलर जैसे दुनिया के सबसे शक्तिशाली शासक के साथ समान भागीदारी के आधार पर रखा गया यह वक्तव्य विश्व इतिहास में अनन्य है। नेताजी को जर्मनी की सरकार ने बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा की। जर्मनी के आर्थिक सहयोग से बर्लिन में फ्री इंडिया सेंटर (आजाद भारत केंद्र) और आजाद हिंद रेडिओ का गठन किया गया।

2 नवम्बर 1941 को फ्री इंडिया सेंटर की पहली बैठक नेताजी की अध्यक्षता में हुई। इसमें चार ऐतिहासिक निर्णय लिए गये-

  1. स्वतंत्र भारत में अभिवादन के लिए ‘जयहिंद’ का प्रयोग होगा। इस बैठक से ही इस पर अमल शुरु हो गया।
  2. भारत की राष्ट्रभाषा हिंदुस्तानी होगी।
  3. ‘सुख चैन की बरखा बरसे, भारत भाग है जागा’ (रचनाकार हुसैन) भारत का राष्ट्रगीत होगा।
  4. इसके बाद से सुभाषचंद्र बोस को ‘नेताजी’ कहकर सम्बोधित किया जाएगा।

कोलकाता से निकल भागने के बाद आजाद हिंद रेडिओ के माध्यम से नेताजी पहली बार जनता के सामने आए। विश्व ने नेताजी के सामर्थ्य पर दाँतों तले अंगुली दबा ली। आम भारतीय के मन में प्रसन्नता की लहर दौड़ गई। बच्चा-बच्चा जिक्र करने लगा कि देश को स्वाधीन कराने के लिए नेताजी सेना के साथ भारत पहुँचेंगे।

देश की आजादी के अपने स्वप्न को अमली जामा पहनाने की दृष्टि से नेताजी ने ब्रिटेन की ओर से लड़ते हुए धुरि राष्ट्रों द्वारा बंदी बनाए गए भारतीय सैनिकों को लेकर भारतीय मुक्तिवाहिनी गठित करने का विचार सामने रखा। हिटलर से बातचीत कर इन सैनिकों को मुक्त कराया गया। जर्मनी में पढ़ रहे भारतीय युवकों को भी मुक्तिवाहिनी में शामिल किया गया। जर्मन सरकार के साथ इन सैनिकों को जर्मन इन्फेंट्री में प्रशिक्षण देने का अनुबंध किया गया। नेतृत्व का समर्पण ऐसा कि सैनिक पृष्ठभूमि न होने के कारण स्वयं नेताजी ने भी इन सैनिकों के साथ कठोर प्रशिक्षण लिया। इस प्रकार भारत की पहली सशस्त्र सेना के रूप में जर्मनी की 950वीं  रेजिमेंट को ‘इंडियन इन्फेंट्री रेजिमेंट’ घोषित किया गया। नेताजी ने इस रेजिमेंट को निर्वासन में भारत की स्वतंत्र सरकार का पहला ध्वज प्रदान किया। यह ध्वज काँग्रेस का तिरंगा था, पर इसमें चरखे के स्थान पर टीपू सुल्तान के ध्वज के छलांग लगाते शेर को रखा गया। ‘इत्तेफाक, इत्माद और कुर्बानी’ (एकता, विश्वास और बलिदान) को सेना का बोधवाक्य घोषित किया गया। रामसिंह ठाकुर के गीत ‘कदम-कदम बढ़ाए जा, खुशी के गीत गाए जा’ को आजाद हिंद फौज का कूचगीत बनाया गया।

क्रमशः … भाग – 3

©  संजय भारद्वाज

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 
संजयउवाच@डाटामेल.भारत

[email protected]

≈ ब्लॉग संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडळ (मराठी) – श्रीमती उज्ज्वला केळकर/श्री सुहास रघुनाथ पंडित  ≈
image_print
5 1 vote
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

2 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
सुशील कुमार तिवारी

अद्भुत जानकारी ।हार्दिक अभिनन्दन,बहुत बहुत बधाई

अलका अग्रवाल

नेता जी के कार्यों को नमन।