डाॅ. मीना श्रीवास्तव

? विविधा ?

(स्वरलता- (२८ सप्टेंबर १९२९- ६ फेब्रुवारी २०२२))

‘स्वरलता’ – बाँध प्रीती फूल डोर…. भूल जाना ना ☆ डाॅ. मीना श्रीवास्तव ☆

प्रिय पाठक गण,

नमस्कार! 

लता मंगेशकर, जिनका ‘बस नाम ही काफी था’, उनके सुरों की जादूभरी आवाज के दीवानों के लिए! ६ फरवरी २०२४ को उन्हें गुजरे २ वर्ष हो जायेंगे। उस गंधर्वगायन को इस तारीख़ से कुछ लेना देना नहीं है| उनकी मनमोहक सुरीली स्वरमधुरिमा आज वैसी ही बरक़रार है| जैसे स्वर्ग के नंदनवन के रंगबिरंगे सुमनों की सुरभि कालजयी है, वैसे ही लता के स्वरों की मधुरिमा वर्षों तक महक रही है और हमारे दिलों के गुलशन को इसी तरह आबाद करती रहेगी| उसके गाए एक गाने में यह बात क्या खूब कही गई है, ‘रहें ना रहें हम महका करेंगे, बन के कली बन के सबा बाग़े वफ़ा में’ (फिल्म ‘ममता’, सुन्दर शब्द-मजरूह सुल्तानपुरी, लुभावना संगीत-रोशन)|

हमारी कितनी ही पीढ़ियाँ फिल्म संगीत के इतिहास की साक्षी बनकर देखती आई उसके बदलाव को, मात्र एक बात बदली नहीं, वह थी गायन के अमृतमहोत्सव को पार करने वाली लता की आवाज की गूंज| इसी स्वर ने हमें बचपन में लाड़ दुलार से लोरी गाकर सुनाई, यौवन की दहलीज पर प्रणयभावना को प्रकट करने के स्वर दिए, बहन की प्रेमभरी राखी का बंधन दिया| इतना ही नहीं मनोरंजन के क्षेत्र में जिस किसी प्रसंग में स्त्री के जिस किसी रूप, स्वभाव और मन की कल्पना हम कर सकते थे, वह सब कुछ इस स्वर में समाहित था| श्रृंगार रस, वात्सल्य रस, शान्त रस, आदि की भावनाओंको लता के स्वरों का जब साथ मिलता तो वे शुद्ध स्वर्ण में जड़े कुंदन की भांति दमक उठते! 

मित्रों, आप की तरह मेरे जीवन में भी लता के स्वरों का स्थान ऐसा है, मानों सात जन्मों का कभी न टूटने वाला रिश्ता हो! लता के जीवन चरित्र के बारे में इतना कुछ लिखा और पढ़ा गया है कि, अब पाठक गण कहेंगे, “कुछ नया है क्या?” मैं लता के करोड़ों चाहने वालों में से एक हूँ, कुछ साझा करुँगी जो इस वक्त लता की स्मृति में सैलाब की भाँति उमड़ने वाली मेरे मन की भावनाएं हैं| पिछले दिनों लता के दो गानों ने मुझे भावविभोर होकर बार बार सुनने पर विवश किया और मन की गहराई तक झकझोरा| आश्चर्य की बात है कि, इन दोनों ही फिल्मों। के गीत शुद्ध हिंदी शब्दों की पराकाष्ठा के आग्रही गीतकार पंडित नरेन्द्र शर्माजी ने लिखे और अभिजात संगीत दिया महान संगीतकार ‘स्वरतीर्थ’ सुधीर फडकेजी ने|

१९५२- कोलकत्ता का अनूठा मिश्र संगीत महोत्सव-जब लता को उस्ताद बड़े गुलाम अली खां जी के पहले गाना पड़ा! 

इस ४ रातों के मिश्र संगीत महोत्सव में मिश्र अर्थात ध्रुपद-धमार, टप्पा-ठुमरी के साथ साथ फिल्मी संगीत भी शामिल किया गया था| एक रात को लता का और भारतीय शास्त्रीय संगीत के महान गायक उस्ताद बड़े गुलाम अली खां साहब का गायन था| लेकिन आयोजकों ने लता को उस्ताद साहब से पहले गाने के लिए क्रम दिया| यह संगीत समारोह के नियमों के हिसाब से उस्तादजी की तौहीन थी| लता यह खूब जानती थी, इसलिए उसने आयोजकों को ऐसा करने से मना किया और जब वे नहीं माने तो उसने सीधे उस्ताद साहब से ही शिकायत की और कहा कि मैं ऐसा नहीं कर सकती| यह सुनते ही खां साहब जोर से हंसे और उससे कहने लगे, ‘अगर तुम मुझे बड़ा मानती हो तो, मेरी बात मानो और तुम ही पहले गाओ|’ और फिर यादगार बन गई वह कोलकत्ता की शाम! 

लता ने उनकी बात मान तो ली, लेकिन उसने अपनी हिट फिल्मों के गानों से परहेज किया| उसने चुना एक मधुरतम गीत, जो राग जयजयवंती में बंधा था| वर्ष १९५१ की ‘मालती माधव’ नामक फिल्म का वह गीत था, ‘बाँध प्रीती फूल डोर, मन ले के चित-चोर, दूर जाना ना, दूर जाना ना…’| पंडित नरेन्द्र शर्मा के भावभीने बोलों को मधुरतम संगीत से संवारा था सुधीर फड़केजी ने! इस गाने का असर ऐसा हुआ कि, दर्शक इस संगीत की डोर से उस शाम बंधे के बंधे रह गए| दर्शक तो दर्शक, उस्तादजी भी लता की गायकी के कायल हो गए| 

बाद में जब बड़े खां साहब मंच पर आए तो उन्होंने लता को ससम्मान मंच पर बैठा लिया तथा उसकी खूब तारीफ की| अब तक जो गाना मशहूर नहीं हुआ था, वह उस दिन हिट हो गया! दोस्तों, मैंने इस गाने के बारे में ज्यादा कुछ सुना नहीं था| लेकिन जब से यह ध्यानपूर्वक सुना है, तबसे अब तक उसके जादू से उबर नहीं पाई हूँ| लता का यह गाना यू ट्यूब पर उपलब्ध है (और सुधीरजी की आवाज में भी!) । आप भी लता के इस अनमोल गाने का लुफ्त जरूर उठाइये और मेरे साथ आप भी यह सोचने पर मजबूर हो जाएंगे कि, ‘मालती माधव’ फिल्म की एकमात्र स्मृति रहा यह गाना चला क्यों नहीं?

‘लौ लगाती गीत गाती, दीप हूँ मैं प्रीत बाती’

दूसरा गीत है, भक्ति और प्रेमभाव से सराबोर ऐसा गाना जिसके एक एक शब्द मानों मोती की तरह दमकते है, उसपर आलम यह कि, कर्णमधुर संगीत सुधीरजी (बाबूजी) का! अब ऐसी जोड़ी का साथ मिले, तो लता के सुरबहार का एक एक तार बजेगा ही ना| ‘भाभी की चूड़ियाँ’ (१९६१) फिल्म का यह गाना था ‘लौ लगाती गीत गाती, दीप हूँ मैं प्रीत बाती’ (राग– यमन) | परदे पर एक सुहागन के रूप में चेहरे पर परम पवित्र भाव लिए मीना कुमारी! मैंने कहीं पढ़ा था कि, इस गाने पर सुधीरजी और लता ने बहुत मेहनत की और गाने के कई कई रिहर्सल हुए| सुधीरजी को इस गाने से बहुत अपेक्षाएं थीं| यह गीत सुननेवालों को खूब भायेगा, ऐसी वे आशा रख रहे थे| लेकिन हुआ आशा के ठीक विपरीत, इसी फिल्म का दूसरा गाना, जिसके प्रसिद्ध होने की साधारणसी उम्मीद थी, वह सर्वकालीन प्रसिद्ध गाना रहा| वह था, ‘ज्योति कलश छलके’! राग भूपाली पर आधारित इस गाने को शास्त्रीय संगीत पर आधारित फ़िल्मी गीतों में बहुत उच्च स्थान प्राप्त है| शायद उसकी छाया में ‘लौ लगाती’ को रसिक गणों के ह्रदय में वह जगह नहीं मिल पायी| आपसे बिनती है कि, आप यह सुमधुर गाना जरूर देखें- सुनें और उसके शांति-प्रेम-भक्तिरस का अक्षत आनन्द उठाएं| 

लता की अनगिनत स्मृतियों को स्मरते हुए अभी मन में सही मायने में क्या महसूस हो रहा है, उसके लिये लता की ही ‘अमर’ (१९५४) नामक फिल्म का एक गाना याद आया| (गीत-शकील बदायुनी, संगीत नौशाद अली)    

“चाँदनी खिल न सकी, चाँद ने मुँह मोड़ लिया

जिसका अरमान था वो बात ना होने पाई

जाने वाले से मुलाक़ात ना होने पाई

दिल की दिल में ही रही बात ना होने पाई…”

प्रिय पाठकगण, लता की गानमंजूषा के इन दो अनमोल रत्नों की आभा से जगमगाते स्वरमंदिर में विराजित गानसरस्वती के चरणों पर यहीं शब्दसुमन अर्पित करती हूँ| 

धन्यवाद

टिप्पणी : 

*लेख में दी हुई जानकारी लेखक के आत्मानुभव तथा इंटरनेटपर उपलब्ध जानकारी पर आधारित है| 

** गानों की जानकारी साथ में जोड़ रही हूँ| गानों के शब्दों से यू ट्यूब पर लिंक मिलेगी|                  

  • ‘बांध प्रीती फूल डोर’- फिल्म -‘मालती माधव’ (१९५१) – गायिका-लता मंगेशकर, गीतकार – पंडित नरेन्द्र शर्मा, संगीतकार-सुधीर फडके        
  • ‘लौ लगाती गीत गाती, दीप हूँ मै प्रीत बाती’- फिल्म -भाभी की चूड़ियाँ (१९६१) – गायिका-लता मंगेशकर, गीतकार-पंडित नरेन्द्र शर्मा, संगीतकार-सुधीर फडके

© डॉ. मीना श्रीवास्तव

६ फरवरी २०२४

ठाणे 

मोबाईल क्रमांक ९९२०१६७२११, ई-मेल – [email protected]

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
5 1 vote
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments