श्री प्रदीप शर्मा

(वरिष्ठ साहित्यकार श्री प्रदीप शर्मा जी द्वारा हमारे प्रबुद्ध पाठकों के लिए साप्ताहिक स्तम्भ “अभी अभी” के लिए आभार।आप प्रतिदिन इस स्तम्भ के अंतर्गत श्री प्रदीप शर्मा जी के चर्चित आलेख पढ़ सकेंगे। आज प्रस्तुत है आपका आलेख – “द्वैत – अद्वैत”।)  

? अभी अभी ⇒ द्वैत – अद्वैत? श्री प्रदीप शर्मा  ? 

गिनती एक से शुरू होती है और एक शून्य उसे अनंत बना देता है। हर शून्य के बाद एक का महत्व बढ़ता जाता है और अगर सिर्फ एक हटा दिया जाए, तो सब शून्य। महत्व एक का अधिक है या शून्य का। एक  शुरुआत है, और शून्य अंत भी, और अनंत भी।

एक से एक मिलकर दो होते हैं। जब दोनों मिलकर एक होते हैं, तो फिर एक पैदा होता है, मिठाई बंटती है ! यही द्वैत-अद्वैत का सिद्धांत है। ईश्वर एक है और वह घट घट में समाया है। जो घट जैसा है, वही स्वरूप उसने पाया है।।

मैं ही ब्रह्म हूं, यह भ्रम बहुत लोग पाल लेते हैं, और सबमें ब्रह्म है, मानने वाले, ब्रह्म को जल्दी जान लेते हैं। ज्ञान और भक्ति द्वैत अद्वैत के दो छोर हैं। उद्धव श्रीकृष्ण के कहने पर ज्ञान का टोकरा लेकर बृज में गोपियों के पास आते हैं। गोपियां सीधा सा जवाब दे देती हैं ;

उधो, मन न भये दस बीस

एक हुतो, सो गयो श्याम संग,

को अवराधे शीश।

उधो उन्हें नमन कर वापस मथुरा चले आते हैं। अद्वैत मुक्ति प्रदान करता है, जिसे लोग मोक्ष कहते हैं। द्वैत में जीव शरणागति हो जाता है। वह अपने इष्ट के चरणों की सेवा करता है। इष्ट उसकी सेवा से प्रसन्न हो, उसे अपने हृदय से लगा लेते हैं।

विरह में जलना ही भक्ति है।

ज्ञान की अग्नि में जलना ही मुक्ति है। बिना जले कोई खाक नहीं होता।

ईश्वर एक था। उस एक ईश्वर ने ही सृष्टि की रचना की। एक से अनेक पैदा किए। खुद ही अवतार लेता है, अद्वैत से द्वैत का भ्रम फैलाता है। कभी जीव को माया में, कभी ब्रह्म में उलझाता है। बार बार धर्म बीच में और ले आता है।।

अध्यात्म मानने से जानने की प्रक्रिया है। धर्म माने हुए को स्वीकार कर लेता है।  यहां तर्क, कुतर्क नहीं होते। भक्ति विराट तक पहुंचने के लिए झुकने को कहती है, अध्यात्म ऊपर उठने का कहता है। भक्ति का चरम हनुमान है। ज्ञान का योगेश्वर श्रीकृष्ण , जिनकी प्राप्ति शरणागति से होती है।।

    ♥ ♥ ♥ ♥ ♥

© श्री प्रदीप शर्मा

संपर्क – १०१, साहिल रिजेंसी, रोबोट स्क्वायर, MR 9, इंदौर

मो 8319180002

≈ संपादक – श्री हेमन्त बावनकर/सम्पादक मंडल (हिन्दी) – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’/श्री जय प्रकाश पाण्डेय  ≈

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments