हिन्दी साहित्य ☆ संस्मरण ☆ पुण्य स्मरण – स्व. प्रो नामवरसिंह – आलोचना के दिनमान से अनौपचारिक संवाद ☆ डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’

डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ 

(डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’ पूर्व प्रोफेसर (हिन्दी) क्वाङ्ग्तोंग वैदेशिक अध्ययन विश्वविद्यालय, चीन ।  वर्तमान में संरक्षक ‘दजेयोर्ग अंतर्राष्ट्रीय भाषा सं स्थान’, सूरत. अपने मस्तमौला  स्वभाव एवं बेबाक अभिव्यक्ति के लिए  प्रसिद्ध।  मैं डॉ गंगाप्रसाद शर्मा  ‘गुणशेखर’ जी का हृदय से आभारी हूँ जो उन्होंने मेरे आग्रह पर एक संस्मरण  ही नहीं  अपितु एक साहित्यिक एवं ऐतिहासिक दस्तावेज  ई- अभिव्यक्ति के प्रबुद्ध पाठकों को साझा करने का अवसर दिया है।  इस सन्दर्भ में अनायास ही  स्मृति पटल पर अंकित  ई-अभिव्यक्ति पर  दिए गए  प्रख्यात साहित्यकार नामवर सिंह जी नहीं रहे शीर्षक से उनके निधन के दुखद समाचार की याद दिला दी। प्रस्तुत है डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘ गुणशेखर ‘ जी  का एक पुण्य संस्मरण – आलोचना के दिनमान से अनौपचारिक संवाद । ) 

☆पुण्य स्मरण – स्व. प्रो नामवरसिंह – आलोचना के दिनमान से अनौपचारिक संवाद

स्व. प्रो नामवरसिंह
जन्म: 28 जुलाई 1926 (बनारस के जीयनपुर गाँव में)  निधन: 19 फरवरी 2019 (नई दिल्ली)

“न तन होगा न मन होगा । मरेंगे हम किताबों पर, बरक अपना कफ़न होगा”प्रो नामवरसिंह 

मेरे मन में बार-बार यही प्रश्न कौंधता रहा कि हर आने-जाने वाले से हमेशा साहित्य पर चर्चा कर कराके वे ऊबते न होंगे क्या? लोग उन्हें इसलिए सताते होंगे कि किसी

२ नवंबर १८ को आलोचना के दिनमान प्रोफेसर नामवरसिंह के सानिध्य की ऊष्मा के साथ-साथ उन्हें करीब से देखने-सुनने का सुअवसर प्राप्त हुआ था। वे २८ जुलाई को ९३ वर्ष के हो चुके थे। सांध्य वेला के दिनमान होते हुए भी दीप्त और प्रदीप्त थे। उनमें पर्याप्त ऊर्जा और ऊष्मा अब भी अवशिष्ट थी।

इन दिनों उनसे मिलने का समय लेना दुष्कर मानते हुए लोगों ने उनसे मिलने -जुलने का उपक्रम प्रायः छोड़ ही दिया था। इसके पीछे उनका स्वास्थ्य सबसे बड़ा कारण था या लोगों का स्वार्थ इस पर मौन रहना ही तब भी बेहतर था और आज भी बेहतर ही है ।

उन दिनों वे अकेले ही रहते थे। अवस्था के प्रभाव के कारण स्वास्थ्य की शिथिलता स्वाभाविक थी। लेकिन एकाकीपन भी उन्हें कम दुःख न देता होगा। जितनी देर वहां रहा यही सोचकर बहुत उद्विग्न रहा। रात का एकाकीपन उन्हें डराता भी होगा। उनके राग और वैराग्य के मध्य सम पर रहते हुए एक घंटा बिताया। विलंबित में हुए संवादों से रिसते रस ने ऐसा बांधा था कि जैसे एक घंटे में समूचा युग जी लिया हो।

मेरे जैसे क्या बड़े बड़ों तक के लिए उनसे मिलना एक व्यक्ति से नहीं एक दिशा दर्शक से मिलना होता रहा है. आलोचक से ही नहीं नए लोचन देने वाले से मिलना होता था. उनसे मिला तो सोचा था कि सताऊँगा नहीं लेकिन अंततः सता ही दिया।

लगे हाथ उनसे बाल साहित्य पर भी चर्चा कर डाली। बीसवीं सदी का महाकवि पूछ लिया। बीसवीं सदी के हिंदी के महाकवि पर उन्हें बोलने के लिए विवश किया तो जयशंकर प्रसाद और कामायनी के अनेकश: उल्लेख के बाद भी उन्होंने केवल निराला को ही महाकवि माना।इसके लिये उनका स्पष्ट मानना था कि कोई कवि अपनी रचना के शिल्प विधान से नहीं अपितु जनपक्षधरता से महाकवि बनता है। जायसीऔर तुलसी जैसे कवियों के विषय में कोई खतरा मोल न लेने के कारण मैंने जान-बूझ कर यह प्रश्न दागा था।बाल साहित्य पर उन्होंने कहा कि दुनिया के हर बड़े साहित्यकार ने लिखा है लेकिन छुटभैये उसे अछूता समझते हैं।कुछ बाल साहित्यकारों के एक दो नाम उन्होँने लिये तो कुछ नाम मैंने भी गिनाए। मेरे द्वारा लिए गए बहुत से नामों का विरोध भले उन्होंने नहीं किया लेकिन मुझसे सहमत से नहीं लगे। वे नाम यहाँ और खासकर इस अवसर पर लेना उचित न मानकर छोड़ रहा हूँ। आचार्य दिविक रमेश जी को बाल साहित्य में मिले साहित्य अकादमी को उन्होँने शुभ लक्षण माना। लेकिन गिने-चुने को छोड़कर शेष साहित्यकारों द्वारा की जा रही वर्तमान में बाल साहित्य की उपेक्षा को उन्होंने स्वस्थ वृत्ति नहीं माना। उन्हें ईश्वर जैसे विषय पर उन पर छिड़े विवाद पर प्रश्न पर प्रश्न करके विचलित करना या कुछ उगलवाना किसी भी दृष्टि से उन पर मेरे द्वारा किए गए अत्याचार से कम न था। फिर भी उन्होंने असंयत हुए बिना हर प्रश्न का यथासंभव समाधान किया था।

प्रतिष्ठित पत्रिका में स्थान मिल जाएगा। लेकिन इस बात का ध्यान उन्हें शायद ही रहता होगा कि इस अवस्था में अब उन्हें बोलने का कष्ट कम ही दिया जाए तो अच्छा है।

आलोचना के किंबदंती पुरुष बन जाने के बाद हर कोई उनसे कुछ न कुछ कबूलवाना चाहता रहा है। साहित्यकार भी टी वी के पत्रकारों की तरह क्यों सबसे पहले और सबसे नया के चक्कर में पड़ा हुआ रहता है । वह भी क्यों इसी फिराक में रहता है कि किसी तरह चर्चा में आए । शायद इसी लिए कि वह किसी को भी शहीद करके अपना लक्ष्य साध सके। यह अवमूल्यन अखरता ही नहीं बरछे की तरह भीतर धंसता चला जाता है।

मैं सोचता हूँ कि क्या साहित्यकार भी व्यापारी नहीं होता जा रहा है। जो इन जैसे व्यक्तित्वों और अन्य बुजुर्गों को प्रश्न पूछ-पूछ कर तंग करते हैं । इसके साथ यह भी सोचता हूँ कि क्या इन्होंने अपनी जवानी में खुद भी यह व्यापार न किया होगा? क्या भारतीय संस्कृति के भीतर के राग रंग इन्हें न रुचते रहे होंगे जिन्हें हठात न मानकर साम्यवाद की कंठी बाँधी थी. लेकिन इन तर्कों के बल पर उन्हें सताना मुझे बोझिल करता रहा था। पापी बनाता रहा था।

इनके साम्यवादी ताप और प्रताप का सूर्य अब तक पूरी तरह से ढल चुका था। इनके लिए कभी दो कौड़ी के रहे भारतीय जीवन दर्शन के जन्म-मरण और ईश्वर जैसे विषय अब इन्हें ख़ुद बहुत रास आ रहे थे। तभी तो इन्होंने एक घंटे की बातचीत में कई बार दुहराया कि -“न तन होगा न मन होगा । मरेंगे हम किताबों पर, बरक अपना कफ़न होगा.”

इनसे बातचीत के समय मैं इस निष्कर्ष पर नहीं पहुँच पाया कि लोग इन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों में और अन्य जगहों पर भी हिंदी पदों के नियोक्ता जगत का अधिनायक क्यों मानते रहे हैं? इन्होंने पक्षपात किया भी होगा क्या? यदि ऐसा होता तो कोई न कोई गुरुभक्त ऐसा होता जो इनकी इनकी सेवा में तब भी आता-जाता होता जब वे मदद की बेहद ज़रूरत महसूस करते थे। ऐसे बहुत सारे उदाहरण मैं जानता हूँ जहाँ अयोग्य और योग्य के भेद से परे परम हंस सम रहकर उपकार किए गए। उनमें से एकाध लायक भी निकले जो आज भी अपने-अपने गुरुदेवों की सेवा करते -कराते देखे पाये जाते हैं। लेकिन इनके यहाँ ऐसा कुछ भी क्यों नहीं था? शायद उस कोटि का उपकार इनके द्वारा न किया जा सका होगा।

एक घंटे में ही उनके मुख मण्डल की श्यामल आभा निराला की संध्या सुंदरी के कंधे पर हाथ धरे आत्मीयता की सजलता भरे वैचारिक मेघों वाले आसमान से धीरे-धीरे उतरती हुई मेरे मानस पटल पर छविमान होती हुई अंतस तक उतर गई थी। संकोच दूर हुआ तो ऐसी छनी कि जैसे दो अंतरंग लंबे अंतराल पर मिले हों।आलोचना के दिनमान से यह अनौपचारिक संवाद मुझे आज भी ऊष्मित कर रहा है।

मेरे रहते उनका वीरान -सा घर और न कोई फोन न संवाद मुझे डराता रहा था। दो-दो संतानों के बावज़ूद बस एक समय खाना बनाने आने वाली के अलावा किसी अन्य मददगार का न होना न जाने क्यों मुझ जैसे गैर को भी डरा रहा था। पर,उनके अपने इतने निश्चिंत क्यों थे। यह बात मेरी समझ से परे थी। मेरे मन में बार-बार आ रहा था कि अगर बाथरूम में गिर गए तो कौन उठाएगा इन्हें। अस्पताल कौन ले जाएगा। बहुत संभल-संभल के चलते थे पर सीधे नहीं चल पाते थे। गौरैया की तरह फुदक-फुदक के चलना उनकी कला नहीं विवशता थी ।अटैक तो अपने बस में था नहीं। उसके लिये तो इस अवस्था में अकेले रहना खतरों से खेलना था। यह खेल वे अपने अन्तिम दिनों में भी खेल रहे थे।

उस दिन जीवन के सबसे बड़े और अनिवार्य सत्य मृत्यु के सन्निकट देखने के बावज़ूद मैं उन्हें अस्ताचल का सूर्य नहीं मान पा रहा था.

 

©  डॉ गंगाप्रसाद शर्मा ‘गुणशेखर’

सूरत,  गुजरात

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – समय कैसे पंख लगाकर उड़ जाता है! ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

☆ संजय दृष्टि  – समय कैसे पंख लगाकर उड़ जाता है!

(जिस मंच पर बतौर प्रतियोगी पारितोषिक पाया हो उसी मंच पर 24 वर्ष पश्चात उसी प्रतियोगिता के उद्घाटन का सौभाग्य और उन क्षणों को जीने के लिए श्री संजय भारद्वाज जी का हार्दिक अभिनन्दन। सादर प्रस्तुत है उनकी मनोभावनाएं ई-अभिव्यक्ति के पाठकों के लिए।)

सन 1996…, महाराष्ट्र राज्य हिंदी नाट्य प्रतियोगिता में अपने नाटक ‘एक भिखारिन की मौत’ का मंचन किया था। नाटक को विजेता नाटकों की सूची में स्थान मिला, साथ ही व्यक्तिगत रूप से अभिनय का पारितोषिक भी।

सन 2020…,  3 फरवरी को सांस्कृतिक संचालनालय, महाराष्ट्र सरकार की उसी राज्य हिंदी नाट्य प्रतियोगिता का उद्घाटन करने का सौभाग्य मिला।

विशेष आनंद हुआ यह जानकर कि इस वर्ष हिंदी के 88 नाटक इस प्रतियोगिता में सहभागी हुए हैं। अगले वर्ष यह संख्या संभवत: 100 को छू जाए।

विनम्रता से कहना चाहता हूँ कि जीवन में छोटी-बड़ी जो भी सफलताएँ मिलीं, उसके मूल में रंगमंच ही है। खून में दौड़ता रंगमंच कलाकार को जीने नहीं देता और जब तक कलाकार पूरा जी नहीं लेता, रंगमंच उसे मरने भी नहीं देता। शायद इसी अनुभव ने मुझसे लिखवाया-

न गले से उतरा

न गले में ठहरा

विष न जाने

कहाँ जा छिपा,

जीवन के साथ

मृत्यु का आभास,

मैं न नीलकंठ

बन सका, न सुकरात!

 

©  संजय भारद्वाज, पुणे

दोपहर 3.58 बजे, 4.2.2020

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

[email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – संस्मरण : अनन्य मुम्बई ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

☆ संजय दृष्टि  – संस्मरण : अनन्य मुम्बई

90 के दशक की बात है। 85-86 में ग्रेजुएशन समाप्त कर आगे के जीवन का रोडमैप मस्तिष्क में तय कर चुका था। उच्चशिक्षा, लेक्चररशीप, शाम को थियेटर, लेखन और समाजसेवा। मुंबई शिफ्ट होना था और फिल्मों के लिए लिखना-अभिनय करना था। यूनिवर्सिटी के स्तर पर सर्वश्रेष्ठ लेखक, निर्देशक, अभिनेता और अन्य ललित कलाओं के तमगे लगाए मन समझता था कि बस एक कदम उठाया और वामन अवतार की तरह धरती मापी।

अलबत्ता विधि का लिखा मिटता नहीं। ‘मैन प्रपोजेस, गॉड डिस्पोजेस।’ बी.एड. करते हुए ही अकस्मात विधि ने व्यापार में ढकेल दिया। सुबह 9 से रात 11 तक अथक परिश्रम का दौर आरंभ हो गया। मध्यमवर्गीय परिवार, दायित्वबोध और चुनौतियों का पहाड़। व्यापार थोड़ा स्थिर हुआ तो साप्ताहिक छुट्टी के दिन मुंबई जाकर इच्छित की दिशा में कदम आगे बढ़ाने का मन बनाया। हमारा बाज़ार गुरुवार बंद रहता था, सो मेरे लिए ‘वर्किंग डे’ में मुंबई जाकर लोगों से मिल सकने का अवसर था।

उस जमाने में एकांकी और नाटक लिखा करता था। कविता के ‘क’ से भी संपर्क नहीं हुआ था। सो अपनी एकांकियाँ और कुछ थीम (जिन्हें बाद में ‘वन लाइनर’ कहा जाने लगा) लेकर पुणे से मुंबई के चक्कर आरंभ हुए। पहली कुछ यात्राएँ निष्फल रहीं। मूल कारण था किसी से संपर्क ही न हो पाना। लोकल नेटवर्क पता नहीं था, ईस्ट-वेस्ट समझ में नहीं आता था। संबंधित स्टेशन पर उतरकर पैदल ही पता तलाशने निकल जाता था। एशियाड बसें चलती थीं। पुराना मुंबई-पुणे हाईवे था। मुंबई पहुँचने में 11  बज जाते थे। बमुश्किल कुछ घंटे हाथ में होते थे क्योंकि 4 बजे के बाद लौटना होता था ताकि अगले दिन काम पर जा सकूँ। कई बार देर होने पर देर रात लौटता, अगले दिन फिर वही  दिनचर्या। ‘चप्पल घिसना’ मुहावरे का अर्थ कुछ-कुछ समझ में आने लगा था।

कुछ लोगों से मिला भी। ‘टी’ सीरिज में एक हमउम्र ने कुछ सेकंडों में एक थीम सुनी और कहा कि ऐसी एक मिलती-जुलती थीम पर हम काम कर रहे हैं, हमें कुछ अलग चाहिए। एक बार तो इंडस्ट्री के मील के पत्थर स्व. बी आर चोपड़ा के निवास स्थान तक पहुँच गया। अदालती-व्यवस्था पर मेरा नाटक ‘दलदल’ लोकप्रिय हुआ था। उसकी थीम उन्हें सुनाना चाहता था। दरबान से मालूम पड़ा कि अंदर मीटिंग चल रही है, समय लगेगा। बाद में कभी भेंट हो सकती है। अलबत्ता व्यवहार बेहद शिष्ट और उत्साहवर्द्धक था। इसके बाद व्यापार में अधिक व्यस्त होता गया। साप्ताहिक छुट्टी व्यापारिक खरीद के काम आने लगी। कभी-कभार यहाँ-वहाँ एकाध फोन करता, फिर दो-चार महीने में एक बार मुंबई यात्रा होने लगी और शनै:-शनै: बंद हो गई।

मनमोहन शेट्टी जी के उल्लेख के बिना इस यात्रा का वर्णन निरर्थक होगा। उन दिनों वे ‘अर्द्धसत्य’, ‘चक्र’ जैसी फिल्में बना चुके थे। मैं समानांतर सिनेमा का दीवाना था। मैंने उन्हें उनकी फिल्मों के संदर्भ में एक बधाई-पत्र भेजा।

आश्चर्यजनक रूप से उनका धन्यवाद का उत्तर भी आया। मुंबई की अगली यात्रा में पता तलाशते हुए मैं ‘एडलैब’ पहुँचा। शायद 11 बज रहे थे। शेट्टी जी अभी आए नहीं थे। उनके स्टाफ ने मुझे प्रतीक्षा करने के लिए कहा। साढ़े ग्यारह के लगभग मनमोहन जी आए। ऑफिस में बत्ती की। प्रार्थना के बाद कुर्सी पर बैठे और मुझे अंदर बुलाया।

मैं पहली बार किसी प्रोड्युसर के ऑफिस में बैठा था। मैंने अपने आने का प्रयोजन बताया। उन्होंने मेरे एकाध ‘वन लाइनर’ सुने। वे गंभीरता से सुनते रहे। फिर दोनों के लिए कॉफी आ गई। चुप्पी तोड़ते हुए उन्होंने बताया कि अगला प्रोजेक्ट वे श्याम बेनेगल जी के साथ कर रहे हैं। बेनेगल जी की काम करने की अपनी शैली है और उनके काम में किसी तरह की दखलअंदाज़ी नहीं की जा सकती। इसलिए तुरंत तो कुछ नहीं किया जा सकता, आगे किसी प्रोजेक्ट के समय  साथ बैठा जा सकता है।

कॉफी का आखिरी घूँट पीकर मग रखते हुए बोले, ‘यू आर अ पोटेंशिअल राइटर संजय! थोड़ा घूमना पड़ेगा पर आपको इंडस्ट्री में काम मिलेगा।’ पास के किसी स्टुडिओ में अमोल पालेकर जी अपने धारावाहिक ‘कच्ची धूप’ की शूटिंग कर रहे थे। उन्होंने मुझे पालेकर जी से मिलने के लिए कहा। कुछ और स्टुडिओ और वहाँ चल रहे प्रॉडक्शंस के बारे में बताया। इतने बड़े व्यक्ति का यह मार्गदर्शन मुझे आश्चर्यमिश्रित सुख दे रहा था।

सुखद आश्चर्य का चरम अभी बाकी था। मुकेश दुग्गल उन दिनों थोक में फिल्में बना रहे थे। उनकी किसी नई फिल्म की दो दिन बाद लाँच पार्टी थी। उसका निमंत्रण शेट्टी जी की मेज पर था। उन्होंने निमंत्रण उठाया। अपने नाम के बाद कॉमा लगाकर मेरा नाम लिखा। बोले, ‘दुग्गल से मिलना। उनको बोलना मैंने भेजा है। वो बहुत मूवीज बना रहे हैं। होप, आपको स्टार्ट मिलेगा।’

निमंत्रण-पत्र मेरे हाथ में था और मैं अवाक था। पता नहीं शेट्टी जी का धन्यवाद भी ठीक से कर पाया या नहीं। उन्होंने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

चढ़ते समय दो सीढ़ियाँ एक साथ चढ़ने की आदत थी। आज आनंदातिरेक में दो-दो सीढ़ियाँ एक साथ उतरा। नीचे पहुँच कर एक लंबा श्वास लिया। लगा जैसे निमंत्रण नहीं बल्कि आकाश मुट्ठी में आ गया हो। ये बात अलग है कि दायित्व, निजी आकांक्षाओं पर भारी पड़े और उस लाँच में कभी नहीं पहुँच पाया।

आज पलटकर देखता हूँ तो दिखते हैं एक अनजान शहर में अनजान व्यक्ति के लिए आगे बढ़े हाथ। अनुभव अलग-अलग हो सकते हैं पर सामान्यत: ये शहर मुंबई और हाथ मुंबईकर के होते हैं।

आज बरबस याद आए मनमोहन शेट्टी जी और मुंबई का आत्मीय अनुभव। सलाम शेट्टी साहब, सलाम मुंबई!

©  संजय भारद्वाज, पुणे

(प्रात: 6:14 बजे, रविवार, 11.02.2018)

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

[email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन ☆ संजय दृष्टि – एक संस्मरण ☆ श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी – एक गंभीर व्यक्तित्व । जितना गहन अध्ययन उतना ही  गंभीर लेखन।  शब्दशिल्प इतना अद्भुत कि उनका पठन ही शब्दों – वाक्यों का आत्मसात हो जाना है।साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकते हैं। ) 

☆ संजय दृष्टि  – एक संस्मरण  

रात के 2:37 का समय है। अलीगढ़ महोत्सव में कविता पाठ के सिलसिले में हाथरस सिटी स्टेशन पर कवि मित्र डॉ. राज बुंदेली के साथ उतरा हूँ। प्लेटफॉर्म लगभग सुनसान। टिकटघर के पास लगी बेंचों पर लगभग शनैः-शनैः 8-10 लोग एकत्रित हो गए हैं। आगे की कोई ट्रेन पकड़नी है उन्हें।

बाहर के वीराने में एक चक्कर लगाने का मन है ताकि कहीं चाय की कोई गुमटी दिख जाए। शीतलहर में चाय संजीवनी का काम करती है। मित्र बताते हैं कि बाहर खड़े साइकिल रिक्शावाले से पता चला है कि बाहर इस समय कोई दुकान या गुमटी खुली नहीं मिलेगी। तब भी नवोन्मेषी वृत्ति बाहर जाकर गुमटी तलाशने का मन बनाती है।

उठे कदम एकाएक ठिठक जाते हैं। सामने से एक वानर-राज आते दिख रहे हैं। टिकटघर की रेलिंग के पास दो रोटियाँ पड़ी हैं। उनकी निगाहें उस पर हैं। अपने फूडबैग की रक्षा अब सर्वोच्च प्राथमिकता  है और गुमटी खोजी अभियान स्थगित करना पड़ा है।

देखता हूँ कि वानर के हाथ में रोटी है। पता नहीं ठंड का असर है या उनकी आयु हो चली है कि एक रोटी धीरे-धीरे खाने में उनको लगभग दस-बारह मिनट का समय लगा। थोड़े समय में सीटियाँ-सी बजने लगी और धमाचौकड़ी मचाते आठ-दस वानरों की टोली प्लेटफॉर्म के भीतर-बाहर खेलने लगी। स्टेशन स्वच्छ है तब भी एक बेंच के पास पड़े मूंगफली के छिलकों में से कुछ दाने वे तलाश ही लेते हैं। अधिकांश शिशु वानर हैं। एक मादा है जिसके पेट से टुकुर-टुकुर ताकता नन्हा वानर छिपा है।

विचार उठा कि हमने प्राणियों के स्वाभाविक वन-प्रांतर उनसे छीन लिए हैं। फलतः वे इस तरह का जीवन जीने को विवश हैं। प्रकृति समष्टिगत है। उसे व्यक्तिगत करने की कोशिश में मनुष्य जड़ों को ही काट रहा है। परिणाम सामने है, प्राकृतिक और भावात्मक दोनों स्तर पर हम सूखे का सामना कर रहे हैं।

अलबत्ता इस सूखे में हरियाली दिखी, हाथरस सिटी के इस स्टेशन की दीवारों पर उकेरी गई महाराष्ट्र की वारली या इसके सदृश्य पेंटिंग्स के रूप में। राजनीति और स्वार्थ कितना ही तोड़ें, साहित्य और कला निरंतर जोड़ते रहते हैं। यही विश्वास मुझे और मेरे जैसे मसिजीवियों को सृजन से जोड़े रखता है।

 

©  संजय भारद्वाज, पुणे

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

[email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – मनन चिंतन – ☆ संजय दृष्टि – संस्मरण ☆ – श्री संजय भारद्वाज

श्री संजय भारद्वाज 

(श्री संजय भारद्वाज जी का साहित्य उतना ही गंभीर है जितना उनका चिंतन और उतना ही उनका स्वभाव। संभवतः ये सभी शब्द आपस में संयोग रखते हैं  और जीवन के अनुभव हमारे व्यक्तित्व पर अमिट छाप छोड़ जाते हैं।  हम आपको प्रति रविवार उनके साप्ताहिक स्तम्भ – संजय उवाच शीर्षक  के अंतर्गत उनकी चुनिन्दा रचनाएँ आप तक  पहुँचा रहे हैं। अब सप्ताह के अन्य दिवसों पर आप उनके मनन चिंतन को  संजय दृष्टि के अंतर्गत पढ़ सकेंगे। ) 

 

☆ संजय दृष्टि  –  संस्मरण

मेरे लिए प्रातःभ्रमण निरीक्षण, अपने आप से संवाद करने एवं आकलन का सर्वश्रेष्ठ समय होता है। रोजाना की कुछ किलोमीटर की ये पदयात्रा अनुभव तो समृद्ध करती ही है, मुझे शारीरिक से अधिक मानसिक स्वास्थ्य प्रदान करती है।
आज टहलते हुए हिंदी माध्यम के एक विद्यालय के सामने से निकला। अंग्रेजी स्कूलों में वैन, स्कूल बस और ऑटोरिक्शा से उतरनेवाने स्टुडेंट्स की बनिस्बत घर से पैदल आनेवाले विद्यार्थियों की भीड़ फुटपाथ पर थी।
आपस में बातचीत करती 10-12 वर्ष की दो बच्चियाँ स्कूल के फाटक पर पहुँची। प्रवेश करने के पूर्व दोनों ने स्कूल की माटी मस्तक से लगाई (जैसे मंदिर में प्रवेश से पहले भक्तगण करते हैं), फिर विद्यालय में प्रवेश किया।
मन भर आया। इच्छा हुई कि दोनों बच्चियों के चरणों में माथा नवाकर कहूँ , “बेटा आज समझ में आया कि विद्यालय को ज्ञान मंदिर क्यों कहा जाता था। ..दोनों खूब पढ़ो, खूब आगे बढ़ो!’
विश्वास से कह सकता हूँ कि ये बच्चियाँ अपने जीवन में आनेवाले उतार-चढ़ावों का बेहतर सामना कर पाएँगी क्योंकि हरा वही हुआ जो माटी से जुड़ा।
आपका दिन हरा हो।’

 

©  संजय भारद्वाज, पुणे

(31.10.2013)

☆ अध्यक्ष– हिंदी आंदोलन परिवार  सदस्य– हिंदी अध्ययन मंडल, पुणे विश्वविद्यालय  संपादक– हम लोग  पूर्व सदस्य– महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी ☆ ट्रस्टी- जाणीव, ए होम फॉर सीनियर सिटिजन्स 

मोबाइल– 9890122603

[email protected]

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – ☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक के संस्मरण – # 21 ☆ मेरी माँ प्राचार्या पिछली पीढ़ी की नारी सशक्तिकरण की उदाहरण ☆ – श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’

श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ 

 

(प्रतिष्ठित साहित्यकार श्री विवेक रंजन श्रीवास्तव ‘विनम्र’ जी के साप्ताहिक स्तम्भ – “विवेक के व्यंग्य” स्थान पर आज हम प्रस्तुत कर रहे हैं  “विवेक के संस्मरण “. इस सन्दर्भ में हम श्री विवेक जी के अपनी माताजी के अविस्मरणीय संस्मरण  “मेरी माँ प्राचार्या पिछली पीढ़ी की नारी सशक्तिकरण की उदाहरण” आपसे साझा करना चाहेंगे जो हम सबके लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं।  )

 

☆ साप्ताहिक स्तम्भ – विवेक के संस्मरण – # 21 ☆ 

 

☆ मेरी माँ प्राचार्या पिछली पीढ़ी की नारी सशक्तिकरण की उदाहरण ☆

 

मैं अपनी माँ श्रीमती दयावती श्रीवास्तव के साथ जब भी कहीं जाता तो मैं तब आश्चर्य चकित रह जाता , जब मैं देखता कि अचानक ही कोई युवती , कभी कोई प्रौढ़ा ,कोई सुस्संकृत पुरुष आकर श्रद्धा से उनके चरणस्पर्श करता है .मैम, आपने मुझे पहचाना ? आपने मुझे फलां फलां स्कूल में , अमुक तमुक साल में पढ़ाया था ….! प्रायः महिलाओ में उम्र के सा्थ हुये व्यापक शारीरिक परिवर्तन के चलते माँ अपनी शिष्या को पहचान नहीं पाती थी , पर वह महिला बताती कि कैसे उसके जीवन में यादगार परिवर्तन माँ  के कठोर अनुशासन अथवा उच्च गुणवत्ता की सलाह या श्रेष्ठ शिक्षा के कारण हुआ …. वे लोग पुरानी यादों में खो जाते . ऐसे १, २ नहीं अनेक संस्मरण मेरे सामने घटे हैं .कभी किसी कार्यालय में किसी काम से जब मैं माँ के साथ गया तो अचानक ही कोई अपरिचित उनके पास आता और कहता, आप बैठिये , मैं काम करवा कर लाता हूँ …वह माँ का शिष्य होता .

१९५१ में जब मण्डला जैसे छोटे स्थान में मम्मी पापा का विवाह लखनऊ में हुआ , पढ़ी लिखी बहू मण्डला आई तो , दादी बताती थी कि मण्डला में लोगो के लिये इतनी दूर शादी , वह भी पढ़ी लिखी लड़की से ,यह एक किंचित अचरज की बात थी .उपर से जब जल्दी ही मम्मी ने विवाह के बाद भी अपनी उच्च शिक्षा जारी रखी तब तो यह रिश्तेदारो के लिये भी बहुत सरलता से पचने जैसी बात नहीं थी . फिर अगला बमबार्डमेंट तब हुआ जब माँ ने शिक्षा विभाग में नौकरी शुरू की . हमारे घर को एतिहासिक महत्व के कारण महलात कहा जाता है , “महलात” की बहू को मोहल्ले की महिलाये आश्चर्य से देखती थीं . उन दिनों स्त्री शिक्षा , नारी मुक्ति की दशा की समाज में विशेष रूप से मण्डला जैसे छोटे स्थानो में कोई कल्पना की जा सकती है . यह सब असहज था .

अनेकानेक सामाजिक , पारिवारिक , तथा आर्थिक संघर्षों के साथ माँ  ने मिसाल कायम करते हुये नागपुर विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेज्युएशन तक की पढ़ाई स्व अध्याय से प्राइवेट परीक्षार्थी के रूप में साथ साथ बेहतरीन अंको के साथ पास की . तब सीपी एण्ड बरार राज्य था , वहाँ हिन्दी शिक्षक के रूप में नौकरी करते हुये , घर  के लिये रुपये भेजते हुये , स्वयं पढ़ना , व अपना घर चलाना , तब तक मेरी बड़ी बहन का जन्म भी हो चुका था , सचमुच मम्मी की  समर्पण , प्यार व कुछ कर दिखाने की इच्छा शक्ति , ढ़ृड़ निश्चय का ही परिणाम था .मां बताती थी कि एक बार विश्वविद्यालय की परीक्षा फीस भरने के लिये उन्होंने व पापा ने तीन रातो में लगातार जागकर संस्कृत की हाईस्कूल की टैक्सट बुक की गाईड लिखी थी, प्रकाशक से मिली राशि से फीस भरी गई थी …सोचता हूँ इतनी जिजिविषा हममें क्यों नहीं … प्रांतीय शिक्षण महाविद्यालय तत्कालीन पीएसएम से ,  बी.टी का प्रशिक्षण फिर म.प्र. लोक सेवा आयोग से चयन के बाद म.प्र. शिक्षा विभाग में व्याख्याता के रूप में नौकरी ….मम्मी की जिंदगी जैसे किसी उपन्यास के पन्ने हैं …. अनेक प्रेरक संघर्षपूर्ण , कारुणिक प्रसंगों की चर्चा वे करते हैं , “गाड हैल्पस दोज हू हैल्प देम सेल्फ”.आत्मप्रवंचना से कोसो दूर , कट्टरता तक अपने उसूलों के पक्के , सतत स्वाध्याय में निरत वे सैल्फमेड थीं ..

माँ के प्रति अपनी आदरांजली अर्पित करते हुये मुझे लगता है , वे हृदयाघात से अचानक हमसे पार्थिव रूप से जरूर बिछड़ गईं हैं , पर वे उनके उसूलों से मुझे जीवन पथ पर मार्ग दिखातीं सदैव सूक्ष्म रूप में मेरे साथ हैं .

 

विवेक रंजन श्रीवास्तव, जबलपुर .

ए १, शिला कुंज, नयागांव,जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – साप्ताहिक स्तम्भ – ☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य # 18– मार्मिक संस्मरण – जीवन जीने की कला ……. ☆ – श्री जय प्रकाश पाण्डेय

श्री जय प्रकाश पाण्डेय

 

(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी   की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके  व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। परसाईं जी का सानिध्य उनके जीवन के अविस्मरणीय अनमोल क्षणों में से हैं, जिन्हें उन्होने अपने हृदय  एवं  साहित्य में  सँजो रखा है । प्रस्तुत है साप्ताहिक स्तम्भ की  अगली कड़ी में उनका  मार्मिक संस्मरण   “जीवन जीने की कला …….” । आप प्रत्येक सोमवार उनके  साहित्य की विभिन्न विधाओं की रचना पढ़ सकेंगे।)

☆ जय प्रकाश पाण्डेय का सार्थक साहित्य # 18☆

 

☆ मार्मिक संस्मरण –  जीवन जीने की कला ……. 

 

जीवन है चलने का नाम …..। जो लोग परेशानी भरी जिंदगी जीते है उनकी संवेदनाये मरती नहीं है, उनकी संवेदनाएं विपरीत परिस्थतियों से लड़ने की प्रेरणा देती है और वे अन्य के लिए भी प्रेरक बन जाते है, उनकी सहज सरल बातें भी ख़ुशी का पैगाम बनकर उस माहौल में संवेदना, सेवा और सामाजिकता पैदा कर देती है, नारायणगंज शाखा में शाखा प्रबंधक रहते हुए एक घटना रह रह कर याद आ जाती है, शाखा में दूर – अंचल से खाता खोलने आये ”रंगैया ” ने भी कुछ ऐसी छाप छोड़ी ……..

”रंगैया” जब खाता खोलने आया तो बेंकवाले ने पूछा – ”रंगैया” खाता क्यों खुलवा रहे हो? ‘ ‘

रंगैया ने बताया – “साब दस कोस दूर बियाबान जंगल के बीच हमरो गाँव है घास -फूस की टपरिया और घर  मे दो-दो बेटियां …घर की परछी में एक रात परिवार के साथ सो रहे थे तो कालो नाग आयके घरवाली को डस लियो, रात भर तड़फ-तडफ कर बेचारी रुकमनी मर गई …… मरते दम तक भूखी प्यासी दोनों बेटियों की चिंता करती रही …….. सांप के काटने से घरवाली मरी तो सरकार ने ये पचास हजार रूपये का चेक दिया है, तह्सीलवाला बाबू बोलो कि बैंक में खाता खोलकर चेक जमा कर देना रूपये मिल जायेंगे ….. सो खाता की जरूरत आन पडी साब!” …. बैंक वाले ने पूछा – “सांप ने काटा तो शहर ले जाकर इलाज क्यों नहीं कराया?”

‘रंगैया बोला – “कहाँ साब !  गरीबी में आटा गीला …. शहर के डॉक्टर तो गरीब की गरीबी से भी सौदा कर लेते है, वो तो भला हो सांप का … कि उसने हमारी गरीबी की परवाह की और रुकमनी पर दया करके चुपके से काट दियो, तभी तो जे पचास हजार मिले है खाता न खुलेगा …… तो जे भी गए ………… अब जे पचास हजार मिले है तो कम से कम हमारी गरीबी तो दूर हो जायेगी, दोनों बेटियों की शादी हो जाएगी और घर को छप्पर भी सुधर जाहे, जे पचास हजार में से तहसील के बाबू को भी पांच हजार देने है बेचारे ने इसी शर्त पर जे चेक दियो है। तभी किसी ने कहा – “यदि नहीं दोगे तो ?………..” रंगैया तुरंत बोला – “नहीं साब …… हम गरीब लोग है प्राण जाय पर वचन न जाही …साब, यदि नहीं दूंगा तो मुझे पाप लगेगा, उस से वायदा किया हूँ झूठा साबित हो जाऊँगा ….अपने आप की नजर में गिर जाऊँगा …..गरीब तो हूँ और गरीब हो जाऊँगा …….और फिर दूसरी बात जे भी है कि जब किसी गरीब को सांप कटेगा, तो ये तहसील बाबू उसके घर वाले को फिर चेक नहीं देगा ……….”

रंगैया की बातों ने पूरे बैंक हाल में सिटिजनशिप का माहौल बना दिया ………… सब तरफ से आवाजें हुई …. “पहले रंगैया का काम करो, भीड़ को चीरता हुआ मैंने जाकर रंगैया के हाथों सौ रूपये वाले नए पांच के पेकेट रख दिए ……. उसी पल रंगैया के चेहरे पर ख़ुशी के जो भाव प्रगट हुए वो जुबान से बताये नहीं जा सकते …… बस इतना ही बता सकते है कि पूरे हाल में खुशियों की फुलझड़ियां जरूर जल उठीं …… हाल में खड़े लोग कह उठे …. कि खुशियाँ हमारे आस-पास ही छुपीं होती हैं यदि हम उनकी परवाह करें तो वे कहीं भी मिल सकती हैं ……….

 

© जय प्रकाश पाण्डेय

416 – एच, जय नगर, आई बी एम आफिस के पास जबलपुर – 482002  मोबाइल 9977318765

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – संस्मरण – ☆ एक सजीव अमर संस्मरण ☆ श्रीमति हेमलता मिश्र “मानवी “

श्रीमति हेमलता मिश्र “मानवी “

(सुप्रसिद्ध, ओजस्वी,वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती हेमलता मिश्रा “मानवी”  जी  विगत ३७ वर्षों से साहित्य सेवायेँ प्रदान कर रहीं हैं एवं मंच संचालन, काव्य/नाट्य लेखन तथा आकाशवाणी  एवं दूरदर्शन में  सक्रिय हैं। आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय स्तर पर पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित, कविता कहानी संग्रह निबंध संग्रह नाटक संग्रह प्रकाशित, तीन पुस्तकों का हिंदी में अनुवाद, दो पुस्तकों और एक ग्रंथ का संशोधन कार्य चल रहा है।

आज प्रस्तुत है  श्रीमती  हेमलता मिश्रा जी का एक  बेबाक एवं अविस्मरणीय किन्तु ,शिक्षाप्रद संस्मरण। अक्सर हम जीवन में कई ऐसे अवसर अनजाने में अथवा जानबूझ कर खो देते हैं,  जिन्हें हम दुबारा नहीं जी सकते और आजीवन पश्चाताप के अलावा हमारे पास कुछ भी नहीं बचता।अतः जीवन के प्रत्येक अवसर को सोच समझ कर सकारात्मक दृष्टिकोण से ले चाहिए।  दूसरी सबसे बड़ी  बात उस गलती को स्वीकारना है जो हमसे हुई है और साथ ही दुःख इस बात का कि हम विश्व को एक अनमोल धरोहर विरासत में देने से वंचित रह गए। )

 

संस्मरण – एक सजीव अमर संस्मरण ☆

 

वाट्सएप फेसबुक पर बहुत पढते रहते हैं कि हार-जीत खोना-पाना सुख-दुख इन सबसे मन को विचलित नहीं करना चाहिए। सच कहें तो कहना बहुत आसान है लेकिन अमल करना बहुत ही कठिन है। अक्सर पुरानी यादें ताजा होकर पछतावे का एहसास करवा जाती हैं।ऐसा ही एक संस्मरण आपके दरबार में रख रही हूँ।

1979/80 के साल की बात है। मैं हिन्दी साहित्य में एम ए कर रही थी। मेरी 70 वर्षीय नानी हमारे घर कुछ दिनों के लिए आईं थीं।  दो भैय्या भाभी भतीजे भतीजियों से भरे पूरे परिवार में – – – एक कोने में छोटी सी परछत्ती में मैं पढाई करती रहती। बहुत बार नानी मेरे पास आ जातीं और बडे़ कौतुक से मेरे आसपास बिखरे उपन्यास और साहित्यिक पुस्तकों को उलटती पलटती रहतीं। उन्हे अक्षर ज्ञान नहीं था। लेकिन कुछ जानने की सुनने की ललक बहुत थी।

कई बार मैं उन्हें प्रेमचंद की कहानियों के अंश प्रसाद निराला की कविताएं मीरा सूर तुलसी के पद जो खुद पढती उन्हें सुना देती। वे बड़ी रुचि से सुनतीं और खुश होतीं।

एक बार बड़े ही हिचकिचाते हुए वे मुझसे बोलीं बिट्टी हम तो लिख नईं सकत आएं। तुम हमरे गाने लिख कै रख लौ बाद मे ऐसी पुस्तक मा छपा देना।

उस उम्र के अनचीन्हे एहसासों और नादान ऐबों से संचालित मैं मन ही मन हंस पड़ी मगर उनको हाँ कह दिया और भूलभाल गई । दूसरे दिन वे सचमुच मेरे पास आ बैठीं और बोलीं हाँ चलो सुरु हो जाओ। हम गावत हैं तुम लिखौ।

अब मैं बडे़ धर्मसंकट में। कुछ दिन बाद पेपर हैं। परीक्षा का खौफ और उस पर नानी का ये ह्रदय स्पर्शी आग्रह। उनके बुंदेलखंडी भाषा के गाने बहुत ही प्यारे होते थे। लेकिन – -अभी क्या करूँ???

पढाई करते वक्त बाहर की आवाजों से बचने के लिए मैं अक्सर कान में छोटे कपास के गोले लगा लेती थी।बस मैंने रास्ता निकाल लिया। नोटबुक निकाला और नानी को गाना गाने के लिए बोल दिया। मेरी नानी— वह भोली भाली सरस्वती गाती रहती – – – बारहमासी ऋतु गीत, छठी, बरहों, मुंडन गीत, जच्चा के सोहर, शहनाईयों से भी मधुर बन्ना बन्नी, श्रीगणेश की स्तुति से लेकर कान्हा की शरारतों तक के मौलिक पदऔर कान्हा को बरजतीं जसोदा की झिड़की तक के मधुर भजन—रामजी के नाम की महिमा से लेकर रावण द्वारा लक्ष्मण को उपदेश तक के आख्यान – – भैरव गीत से लेकर देवी मैया के जस,  सावनी से लेकर कजरी की मधुर ताल, रसिया से लेकर दादरा ठुमरी तक – – – मधुर आंचलिक गीतों के अक्षय भंडार को वे लुटाती रहतीं और मैं – – –

शर्म आती है आज अपने आप पर कि मैं अपने नोट्स की प्रैक्टिस करती रहती—- लिखती रहती नोट बुक में दिनकर और पंत की कविताओं के संदर्भ सहित अर्थ – – या ध्रुव स्वामिनी के संवाद–या प्रेमचंद के पात्रों का चरित्र चित्रण।

बीच बीच में नानी पूछती “लिख लौ” दिल में घबराहट होती मगर मैं झूठमूठ मुस्कान लपेटे कह देती “हाँ लिख लिया”! मजबूरी परीक्षा की मैं खुद को माफ कर देती।

उन्हें अक्षर ज्ञान नहीं था। वे मेरी नोटबुक को हाथ में लेकर बड़ी उत्कंठा से उलटती पलटती – – सृजन का आल्हाद चेहरे को अनूठी चमक से भर देता। मन ही मन अपने आप पर हजारों हजार लानतें भेजती मैं अपने चेहरे को भावहीन बना लेती। आज भी आँखों के साथ साथ हदय भी नम हो रहा है यह संस्मरण लिखते समय।

यह सिलसिला कई दिनों तक चलता रहा। नानी दिन भर गुनगुन गुनगुनाती गाने याद करती रहतीं और शाम को मेरे पास” लिखवातीं। ” कुछ दिनों बाद नानी चलीं गईं गांव वापस और कुछ समय बाद भगवान के पास। लेकिन वे अपना एक अटूट विश्वास, एक अदृश्य अमानत मेरे पास रखा गईं कि मैं उनके गानों को सहेज कर रखूंगी। हो सका तो पुस्तक बनाउंगी।

लेकिन मेरा दुर्भाग्य कि मैं  तो खाली हाथ थी। काश नानी की थाती में से कुछ तो लिख लेती।

मैं तो मगन थी लिखे लिखाए साहित्य को पढ़कर परीक्षा हाॅल में ज्यादा से ज्यादा पन्ने काले करने की कला को तराशने में। पढाई के नाम पर फर्स्ट क्लास मेरिट मेडल की जद्दोजहद में मैं भूल गई नानी को और नानी के विश्वास की थाती को।

लेकिन पकती उम्र के साथ नानी की वह गुनगुनाहट, अकुलाहट, सुरों की झनझनाहट अधिक याद आने लगी है। बहुआयामी, अमूल्य, आंचलिक, मौलिक साहित्य की अवहेलना करके मैंने जो खोया है उसके सामने आज का स्वलिखित या किसी का भी लिखा अन्य बेशकीमती साहित्य भी मुझे नहीं भरमाता।

आज नानी नहीं हैं, मैं खुद दादी नानी बन चुकी हूँ – – – अनेकानेक क्षमादान की अभिलाषा के साथ – – चाहत है कि – – -मेरी नानी का अलिखित अलख आशीर्वाद बन कर मेरी लेखनी के लिए वरदा रहे! बस यही मांगती हूँ नानी से! – – और आप सुधि पाठकों से कि मेरे संस्मरण से सीख लेकर अपनी पुरानी अमानतों को आंचलिक, बोली- भाषाओं के मौलिक, मौखिक साहित्य को  बचाएं– संजोएं– सजाएं। वर्तमान के छलावों से बचें अतीत को ना बिसराएं कि हमें भी तो एक दिन अतीत बनना है।

 

© हेमलता मिश्र “मानवी ” 

नागपुर, महाराष्ट्र

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – संस्मरण – ☆ 150वीं गांधी जयंती विशेष -2 ☆ बा और बापू ☆ श्रीमति हेमलता मिश्र “मानवी “

ई-अभिव्यक्ति -गांधी स्मृति विशेषांक-2

श्रीमति हेमलता मिश्र “मानवी “

(सुप्रसिद्ध, ओजस्वी,वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती हेमलता मिश्रा “मानवी”  जी  विगत ३७ वर्षों से साहित्य सेवायेँ प्रदान कर रहीं हैं एवं मंच संचालन, काव्य/नाट्य लेखन तथा आकाशवाणी  एवं दूरदर्शन में  सक्रिय हैं। आपकी रचनाएँ राष्ट्रीय स्तर पर पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित, कविता कहानी संग्रह निबंध संग्रह नाटक संग्रह प्रकाशित, तीन पुस्तकों का हिंदी में अनुवाद, दो पुस्तकों और एक ग्रंथ का संशोधन कार्य चल रहा है।आज प्रस्तुत  महात्मा गाँधी जी की 150  वीं जयंती पर एक संस्मरण “बा और बापू ”

 

संस्मरण – बा और बापू ☆

 

मैं पिछले वर्ष महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय वर्धा की त्रिदिवसीय संगोष्ठी में पेपर पढ़ने के लिए आमंत्रित थी व शिरकत की थी। वहां पर भाषणों के दौरान सुना यह प्रसंग मुझे बहुत ही प्रभावित कर गया था जिसे आज गाँधीजी की जयंती पर आपसे शेयर कर रही हूँ। निःसंदेह आप लोगों को भी बहुत पसंद आएगा यह प्रसंग – – –

सच कहूँ तो गाँधीजी और कस्तूरबा  के जीवन का यह बड़ा सुंदर प्रसंग आज के दौर में भी बड़ा प्रेरक और प्रयोज्य है, विशेषकर दांपत्य जीवन में–

– – – “तो एक बार एक मुँहलगे पत्रकार ने बापू से पूछा बापू दुनिया में सब से सुन्दर स्त्री कौन है,

कुछ ही दूर बा भी बैठीं थीं। बापूजी पत्रकार की शरारती मंशा समझ गए। झट से बोले कस्तूरबा से सुंदर कोई नहीं।

पत्रकार भी बड़ा नटखट था।बा से पूछा बापू की बात सही है क्या बा??

और बा का उत्तर सुनकर आप सभी कायल हो जाएंगे उन दोनों के बीच सामंजस्य समन्वय के – कस्तूरबा ने बड़ी शर्मीली शांत मुद्रा में कहा बापूजी कभी झूठ नहीं बोलते। और उस नटखट से शरारती पत्रकार को बगलें झांकने के सिवाय कुछ नहीं सूझा।

 

© हेमलता मिश्र “मानवी ” 

नागपुर, महाराष्ट्र

 

Please share your Post !

Shares

हिन्दी साहित्य – संस्मरण – ☆ 150वीं गांधी जयंती विशेष-1 ☆ पकुआ के घर गाँधी जी ! ☆ श्री जय प्रकाश पाण्डेय

ई-अभिव्यक्ति -गांधी स्मृति विशेषांक-1 

श्री जय प्रकाश पाण्डेय

 

(श्री जयप्रकाश पाण्डेय जी   की पहचान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी के अतिरिक्त एक वरिष्ठ साहित्यकार की है। वे साहित्य की विभिन्न विधाओं के सशक्त हस्ताक्षर हैं। उनके  व्यंग्य रचनाओं पर स्व. हरीशंकर परसाईं जी के साहित्य का असर देखने को मिलता है। प्रस्तुत है उनका  महात्मा गांधी जी से सम्बंधित एक अविस्मरणीय संस्मरण  “पकुआ के घर गाँधी जी !” )

☆ संस्मरण – पकुआ के घर गाँधी जी ! ☆ 

 

महात्मा गांधी और कबीर दोनों ही अस्पृश्यता – निवारण के पैगम्बर थे। दोनों ने छुआछूत का विरोध किया था, ऊंच – नीच, छोटा – बड़ा तथा गरीब – अमीर में अन्तर नहीं मानते थे। पकुआ नारायणगंज में रहता था मस्त ढपली बजाता, भले नीची जाति का था पर अंदर से सबका प्यारा था। उसने सपने भी नहीं सोचा रहा होगा कि एक दिन उसकी घास-फूस की झोपड़ी में महात्मा गांधी आयेंगे।

जब हमारी शाखा प्रबंधक के रूप में नारायणगंज (जिला- मंडला) में पदस्थापना हुई तो अचानक हमें याद आया कि बहुत पहले मैने कहीं किसी किताब में पढ़ा था कि वर्ष 1933-1934 में महात्मा गाँधी नारायणगंज की हरिजन बस्ती में पकुआ के घर आये थे, वहां से उन्होंने छुआछुत की बीमारी दूर करने का प्रयोग किया था, ये बात नारायणगंज पहुचने के बाद लगातार याद आती रही और लगता रहा की वह स्थान देखने मिल जाता जहाँ पर महात्मा गाँधी ने पकुआ के हाथ से पानी पिया था और हरिजन बस्ती में छुआछूत पर भाषण दिया था।

जबलपुर के स्वतंत्रता सेनानी ब्यौहार राजेंद्र सिंह की नारायणगंज में मालगुजारी थी वहां बियाबान जंगल के बीच में उनकी पुराने ज़माने की कोठी थी । जब महात्मा गांधी 1933-1934 में जबलपुर आये थे तो ब्यौहार राजेंद्र सिंह के अनुरोध पर गांधी जी नारायणगंज गाँव एवं जंगल देखने के लिए तैयार हुए। ब्यौहार राजेंद्र सिंह 6 दिसम्बर 1933 को नारायणगंज गांधी जी को लेकर आये थे। पुराने जमाने की कोठी में आराम करने के बाद गांधी जी हरिजन बस्ती में पकुआ हथाले के घर जाकर बैठे और  पकुआ के हाथों से स्थानीय सवर्णों और उच्च जाति के लोगों को पानी पिला कर छुआछुत की प्रथा को समाप्त करने का प्रयोग किया था ।

मैने स्टेट बैंक नारायणगंज में 2005 में शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यभार लिया तो गांधी जी याद आये और याद आया उनका नारायणगंज प्रवास। तब से हम व्याकुल रहते कि कहाँ है वह जगह जहाँ गांधी जी बैठे थे ? परन्तु नई पीढी के लोग यह मानने को राजी ही नहीं थे कि महात्मा गांधी नारायणगंज आये थे । जिससे भी हम पूछ-ताछ करते सभी को ये बातें झूठी लगती, नयी पीढी के लोग मजाक बनाते कि बैंक में इस बार ऐसा मैनेजर आया है जो नारायणगंज में महात्मा गांधी और कोई पकुआ को खोज रहा है । बस्ती में तरह-तरह के लोगों से पूछते-पूछते हम हैरान हो गए थे, किसी को पता नहीं था न कोई बताने को राजी था । नारायणगंज जबलपुर-रायपुर रोड पर स्थित है।  वहां का रसगुल्ला बड़ा फेमस हुआ करता था मिट्टी की हंडी में यात्री ले जाते थे। रसगुल्ला वाली होटल बड़ी पुरानी थी तो उसके मालिक से पूछा कि 1933-34 में महात्मा गांधी नारायणगंज आये थे कुछ आइडिया है तब उसने बताया कि हमारे सयाने भी ऐसा कहते थे। किताब में पढ़ी बात पर थोड़ा सा भरोसा बढ़ा। फिर कई बार गांधी जी सपने में आते और पूछते, क्या हुआ पकड़ में आये गांधी कि नहीं।

एक दिन शाखा में बहुत भीड़ थी। हॉल खाचा खच भरा हुआ था, एक फटेहाल ९५ साल की बुढ़िया जिसकी कमर पूरी तरह से झुकी हुई थी मजबूर होकर मेरे केबिन की तरफ निरीह नजरों से देख रही थी, नजरें मिलते ही हमने तुरंत उसे केबिन में बुलाकर बैठाया, पानी पिलाया चाय पिलाई वह गद-गद सी हो गई, उसकी आँखों में गजब तरह की खुशी और संतोष के भाव दिखे, उसकी ४००/ की पेंशन भी वहीँ दे दी गई, फिर अचानक  गांधी जी और पकुआ याद आ गए, हमने तुरंत उस बुढ़िया से पकुआ के नाम का जिक्र किया तो वह घबरा सी गई उसके चेहरे में विस्मय और आश्चर्य की अजीब छाया देखने को मिली, जब हमने पूछा कि इस गाँव में कोई पकुआ नाम का आदमी को जानती हो? तो हमारे इस प्रश्न से वह अचकचा सी गई और सहम गई कि क्या पकुआ के नाम पर बैंक में कोई पुराना क़र्ज़ तो नहीं निकल आया है तो उसने थोड़ी अनभिज्ञता दिखाई परन्तु वह अपने चेहरे के भावों को छुपा नहीं पाई, धोखे से उसने कह ही दिया कि वे तो सीधे-साधे आदमी थे उनके नाम पर क़र्ज़ तो हो ही नहीं सकता ! मैं उछल गया था ऐसा लगा जैसे अपनी खोज के लक्ष्य तक पहुच गया, मैने तुरंत फेमस रसगुल्ला बुलवाया और उसे चाय पानी से खुश किया।

गरीब हरिजन परिवार की 95 साल की बुढ़िया के संकोच और संतोष ने हमें घायल कर दिया था हमने कहा कि पकुआ के नाम पर क़र्ज़ तो हो ही नहीं सकता, हम सिर्फ यह जानना चाहते है कि इस गाँव में कोई पकुआ नाम का आदमी रहता था जिसके घर में ७५ साल पहले महात्मा गांधी आये थे, हम यह सुनकर आवक रह गए जब उसने बताया कि पकुआ उसके ससुर (father’s in law ) होते है, उसने बताया कि उस ज़माने में जब पकुआ की ढपली बजती थी तो हर आदमी के रोंगटे खड़े हो जाते थे,पकुआ हरिजन जरूर था पर उसे गाँव के सभी लोग प्यार करते थे। गाँव में उसकी इज्जत होती थी, बस ये बात जरूर थी कि छुआछूत का इतना ज्यादा प्रचलन था कि जहाँ से पकुआ ढपली बजाते हुए निकल जाता था वहां का रास्ता बाद में पानी से धोया जाता था, उस ज़माने में हरिजनों को गाँव के कुएं से पानी भरने की इजाजत नहीं होती थी, जब मैने उस से पूछा कि ७५ साल पहले आपके घर कोई गांधी जी आये थे क्या? तब उसने सर ढंकते हुए एवं बाल खुजाते हुए याद किया और कहा हाँ कोई महात्माजी तो जरूर आये थे पर वो महात्मा गांधी थे कि नहीं ये नहीं मालूम !

मैने पूछा कि क्या पहिन रखा था उन्होंने उस समय ? तब उसने बताया कि हाथ में लाठी लिए और सफेद धोती पहिने थे गोल गोल चश्मा लगाये थे। उस समय उस महात्मा ने गाँव में गजब तमाशा किया था कि पकुआ के हाथ से सभी सवर्णों को पानी पिलवा दिया था, सबने बिना मन के पानी पिया था और कुछ को तो उल्टी भी हो गई थी बाद में हम ही ने सफाई की थी….. मैं दंग रह गया था मुझे ऐसा लगा मैने बहुत बड़ी जंग जीत ली है, साल भर से गली- गली गाँव भर में सभी लोगों से पूछता फिरता था तो सब मेरा मजाक उड़ाते थे।  आज मैने उस किताब में लिखी बातों को सही होते पाया, मैने उस दादी से सभी तरह की जानकारी ले डाली उसने बताया था कि ७५ साल से हमारा परिवार भुखमरी का जीवन जी रहा है हम सताए हुए लोग है आप को ये क्या हो गया जो हमारी इतनी आव-भगत कर रहे है आज तक किसी ने भी हमारी इतनी परवाह नहीं की न ही किसी ने हमे मदद की। कल  की रोटी का जुगाड़ हो पता है या नहीं ऐसी असंभव भरी जिन्दगी जीने के हम आदी हो गए है, लड़के बच्चे पैसे के आभाव में पढ़ नहीं पाए थोड़ी बहुत मजदूरी कर के गुजरा चलता रहा है एक होनहार नातिन जरूर है जो होशियार है।  अभी एक राज्य स्तर की खेल प्रतियोगिता में पैसे के आभाव में भाग नहीं ले सकी, राजधानी खेलने जाना था।

अचानक मुझे याद आया कि हमारे चेयरमेन साहेब  ने होनहार गरीब बच्चियों को गोद लेकर उनके हुनर को खोज कर उनके होसले बुलंद करने की एक योजना “Girl Adoption Scheme” निकली है मैने तुरंत अपने स्टाफ को उस दादी के घर भेज कर उसकी नातिन नेहा ह्थाले को बुलाया, और तुरंत नियंत्रक से दूरभाष पर बात कर के नेहा को इस योजना में शामिल कर लिया।  उनके चेहरों में आयी खुशी को देख कर मुझे पहली बार महसूस हुआ कि वास्तव में खुशी का चेहरा कैसा होता है? मुझे गांधी जी और पकुआ लगातार याद आ रहे थे। और फिर ऐसे पकड़ में आये गांधी जी………..।

 

© जय प्रकाश पाण्डेय

416 – एच, जय नगर, आई बी एम आफिस के पास जबलपुर – 482002  मोबाइल 9977318765

Please share your Post !

Shares
image_print