श्री रमेश सैनी

लोकतंत्र के बहाने लोकतंत्र

(प्रस्तुत है सुप्रसिद्ध लेखक/व्यंग्यकार श्री रमेश सैनी जी का  व्यंग्य – “लोकतंत्र के बहाने लोकतंत्र”।)

शहर में क्या पूरे प्रदेश में हलचल है। वैसे यह हलचल यदाकदा दो-चार महीने में समुद्री ज्वार-भाटा की भांति उठती गिरती है कि ‘‘लोकतंत्र खतरे में है’’ या ‘‘लोकतंत्र की हत्या हो गयी है’’ यह उसी तरह है जब पाकिस्तान में इस्लाम खतरे में हो जाता है। जब-जब देश में चुनाव होते हैं तब-तब लोकतंत्र पर खतरा मंडराने लगता है। चुनाव और लोकतंत्र, ये हैं तो सगे भाई, पर दिखते दुश्मन जैसे हैं।

लोकतंत्र है तो चुनाव है, और चुनाव है तो लोकतंत्र भी रहेगा। पर देश में हर पार्टी का अपना लोकतंत्र है, जो कभी लाल हरे, केशरिया हरे तो कभी तीन रंगों में रंगे हैं। सभी पार्टियों ने लोकतंत्र को अपने रंग में रंगकर, लोकतंत्र की दुकान सजा ली है। वे अपने-अपने तरह से लोकतंत्र की मार्केटिंग कर रहे हैं। लोकतंत्र इनके हाथ में है। आज लोकतंत्र शोकेस का पीस बन गया है। लोग उसे देख सकते हैं पर महसूस नहीं कर सकते हैं।

यह सब सोच रहा था कि भाई रामलाल आ धमके – नमस्कार। मैंने उन्हें सदा की भांति हाथ जोड़कर नमस्कार की मुद्रा अपनाई। वे इस मुद्रा को व्यंग्य समझते हैं, पर इसके उत्तर में दुबारा नमस्कार कह जवाब भी देते हैं। ‘‘कहिये क्या समाचार है।’’ मैंने उनसे पूछा, तब उनका जवाब आया – गुप्ता जी का फ़ोन आया है कि लोकतंत्र की हत्या हो गई। वे बता रहे थे कि किसी कद्दावर नेता ने किसी चैनल पर कहा है। पर भाई साहब, मुझे नहीं लगता कि यह ख़बर सही है। इस पर मुझे संदेह है, गुप्ता कभी-कभी लम्बी फेंकता है। जब कोई गंभीर मामला होता है तभी वह फ़ोन करता है, वरन वह सिर्फ मिस-काल करता है। उसकी बैटरी मिस-काल में खर्च हो जाती है। तब मैंने रामलाल को रोकते हुए कहा – अरे ऐसा नहीं हो सकता। वरना अब तक शोर मच गया होता। मेरी बात को बीच में काटते हुए उन्होंने कहा – भाई साब, आप किस दुनिया में रहते हैं, हल्ला मच गया है। गुप्ता कह रहा था वाट्स ऐप, फेस बुक,  ट्वीटर, पूरे सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा है।

मैंने कहा – राम लाल अभी तो सुबह के सात बजे हैं और लोग….? इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा – भाई साब, अब कट-कॉपी और पेस्ट का जमाना है, हवा फैलते देर नहीं लगती है। फिर भी मुझे गुप्ता पर विश्वास नहीं हुआ। मैंने अपने मुहल्ले के राजनैतिक विशेषज्ञ नागपुरकर को फ़ोन लगाया। तब उसने बताया कि ऐसी कोई ख़बर नहीं है। नागपुरकर तो राजनीति का एंटीना है, वह इस तरह की ख़बर जल्दी पकड़ता है। उसकी न सुनकर यह लगा कि वह भी फेल हो गया है। अचानक रामलाल जी को स्मरण आया और उन्होंने अंदर की ओर इशारा किया – ‘‘चाय कहाँ है?’’ मैंने भी निश्चिन्त रहो का इशारा किया। चाय आ रही है। हमारे घर में रामलाल जी की आवाज सुनकर सब लोग उनके लिए चाय-नाश्ता की तैयारी में लग जाते हैं, वरना वे इसके बिना खिसकते नहीं है। यह सब चर्चा तो उनके लिए चाय का बहाना है। जब वे आश्वस्त हो गये तब उन्होंने कहा – ‘‘तब मैंने स्वयं दो-तीन चैनल पलटाये, सब जगह अपनी-अपनी चिंताएँ, अपने-अपने राग बज रहे थे, पर लोकतंत्र की ख़बर नहीं थी।’’

ऐसा लगता है वे लोकतंत्र को लेकर निश्चिन्त हैं। उनका लोकतंत्र मजबूत है, कोई भी उसे कुछ भी कहला सकता है। पूरा लोकतंत्र उन्होंने नेताओं पर छोड़ दिया है। वे (मीडिया) तो बस जनता के मनोरंजन के लिए बने हुए हैं। मैंने उन्हें रोका – चाय आ गयी है। चाय देखकर वे तुरन्त रुक गये। उनकी नज़रें नाश्ते की प्लेट को ढूढ़़ रही थीं। नाश्ता भी आया, तब नाश्ता और चाय लेकर वे कहने लगे – एक चैनल में लोकतंत्र की हत्या पर कुछ लोग बतियाते हुए दिख रहे थे, पर उनके चेहरे शांत, प्रसन्न और निर्विकार थे। जैसे वे लोकतंत्र के सन्यासी हों। उन्हें उससे कोई लेना-देना नहीं। वे अपना काम समान भाव से कर रहे थे। उनके सामने चाय के कप रखे थे। फिर भला आप ही सोचिए, लोकतंत्र या किसी की भी हत्या हो जाय तो दुख की बजाय कोई  बेशर्मी से चाय पी सकता है, क्या?। फिर मैंने सोचा यह ख़बर सही नहीं है। सह कहकर रामलाल जी मेरे मुँह की ओर देखने लगे तब मैं अचकचाया और फिर कहा, आप सही कह रहे हैं, का इशारा किया। मेरे इशारे से उनके चेहरे पर रौनक फैल गई। यह देखकर लगा कि रामलाल जी की चिन्ता कम हो गई है। थोड़ी देर तक हमारे बीच अनबोला रहा। उन्होंने एक-दो बार सांस ली और कहा – ‘‘लोकतंत्र की हत्या होने पर यह भी पता चलता कि हत्या कहाँ हुई, कैसे हुई, किस हथियार से हुई, किसने की, कितने लोग थे? या हत्या के पीछे सिर्फ लूट थी या हत्या अवैध सम्बन्धों की वजह से हुई। कुछ इस तरह की कोई भी सुगबुगाहट नहीं थी। अरे, हत्या के बाद पुलिस जाँच-परख करती है। हत्या होने पर पुलिस की सूंघने की शक्ति बढ़ जाती है। वह उसमें अपना फायदा देखने लगती है। पर वहाँ तो पुलिस का अता-पता तक नहीं था। हमारे यहाँ की पुलिस इतनी निकम्मी नहीं है कि हत्या हो जाये और कुछ न करे। पर गुप्ता इतना बड़ा झूठ नहीं बोल सकता।

कहीं कुछ तो है, पर सन्नाटा फैला है। अब लोगों को चिन्ता नहीं रही है। लोकतंत्र 70 साल का हो गया है। बूढ़े लोकतंत्र की कौन चिन्ता करता है।’’ रामलाल की चिन्ता देख मैं चिन्तित हो गया। उनको रोकते हुए कहा – रामलाल जी आप जल्दी भावुक हो जाते हैं। कभी-कभी इतिहास भी पढ़ लिया करो। क्यों क्या हुआ? उन्होंने प्रश्न झोंका। मैंने कहा, भाई साहब लोकतंत्र की हत्या अब से 43 बरस पहले हो चुकी थी। तब लोगों की बोलती बंद हो गई थी। बोलने वालों को जेल में ठूंस दिया गया था। शहरों में सन्नाटा फैला रहता था। अभी जो लोकतंत्र देख रहे हो वह तो लोकतंत्र की लाश है। इस लाश को नेताओं ने सम्हालकर, मतलब का लेप लगाकर फ्रीज़र में रख दिया है। तब से लोकतंत्र की लाश सुरक्षित है। जब-जब नेताओं को ज़रूरत पड़ती है, वे किराया चुकाकर लाश को बाहर निकाल लेते हैं और चीख-चीख कर कहते हैं – लोकतंत्र खतरे में है। फलानी पार्टी ने लोकतंत्र की हत्या कर दी है, या करने वाली है। जब उनका काम हो जाता है, तब उस लाश को पुनः फ्रीज़र में वापिस रख देते हैं।

यह खेल सभी पार्टियाँ अपने मतलब के लिए खेल रही हैं और जनता को पता नहीं है कि लोकतंत्र कहाँ है। वैसे राजनीतिक पार्टियों को पता है कि लोकतंत्र कहाँ है। वे जनता को लोकतंत्र का लेज़र शो दिखाती हैं और जनता इस रंग-बिरंगे खेल से खुश है तो नेता भी खुश हैं। जब दोनों खुश हैं तो लोकतंत्र की ज़रूरत नहीं है। जब लोकतंत्र की ज़रूरत पड़ेगी तो उसकी लाश तो है।

© रमेश सैनी , जबलपुर 

image_print
0 0 votes
Article Rating

Please share your Post !

Shares
Subscribe
Notify of
guest

0 Comments
Inline Feedbacks
View all comments